न्यूज पब्लिशर्स को 100 करोड़ डॉलर से भी ज्यादा देगी टेक दिग्गज कंपनी गूगल

दिग्गज टेक कंपनी गूगल अगले तीन सालों में समाचार लाइसेंसिंग (News Licensing) के लिए पब्लिशर्स को 100 करोड़ डॉलर से भी अधिक का भुगतान करेगी। गूगल ने इसके लिए कुछ निश्चित देशों के 200 पब्लिकेशंस के साथ एक लाइसेंसिग सौदा किया है। समय के साथ इसका दायरा और बढ़ाया जाएगा।
समाचार के क्षेत्र में फेसबुक के साथ गूगल विज्ञापन के एक बड़े हिस्से को नियंत्रित करता है। विज्ञापनों का यह हिस्सा पहले समाचार क्षेत्र के पब्लिशर्स के पास जाता था। गूगल का यह कदम पब्लिशर्स को यह बताने के लिए है कि वह उच्च गुणवत्ता की पत्रकारिता के लिए और संकट से गुजर रहे इस क्षेत्र की बेहतरी के लिए भुगतान करने को तैयार है।
ये लाइसेंसिंग सौदा गूगल के एक नए उत्पाद न्यूज शोकेस को लेकर है। इसमें शामिल पब्लिशर इस बात का निर्णय कर सकेंगे कि प्लेटफॉर्म पर उनका कंटेंट किस तरह दिखाई दे। ऐसे लोग जिन्होंने सब्स्क्रिप्शन नहीं लिया है, उनके लिए पेड कंटेंट को मुफ्त उपलब्ध कराने के लिए कुछ पब्लिशर्स को गूगल भुगतान करेगा।
गुरुवार से शुरू हुए गूगल के इस कार्यक्रम में, ब्राजील और जर्मनी के यूजर इस फीचर का फायदा उठा पाएंगे। यह न्यूज शोकेस फिलहाल केवल एंड्रॉयड पर उपलब्ध गूगल न्यूज एप पर उपलब्ध होगा। लेकिन, जल्द ही इसे आईओएस के लिए भी लॉन्च किया जाएगा। गूगल की योजना इस फीचर को गूगल डिस्कवर एप और गूगल सर्च में भी देने की है।