सैमसंग के Exynos प्रोसेसर के साथ लॉन्च हो सकते हैं Oppo, Vivo और Xiaomi के फोन

ओप्पो और शाओमी के स्मार्टफोन में आप अभी तक मीडियाटेक और क्वॉलकॉम का ही प्रोसेसर इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन नए साल में आपको ओप्पो, वीवो और शाओमी के स्मार्टफोन में सैमसंग का Exynos प्रोसेसर देखने को मिल सकता है। बता दें कि कुछ महीने पहले ही मोटोरोला ने Motorola One Vision को सैमसंग के Exynos प्रोसेसर के साथ लॉन्च किया है।
अभी तक सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक ओप्पो, वीवो और शाओमी के कुछ बजट स्मार्टफोन में Exynos चिपसेट देखने को मिलेंगे। यदि वाकई में ऐसा होता है तो सैमसंग के इस कदम से क्वॉलकॉम और मीडियाटेक की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। यह रिपोर्ट सबसे पहले BusinessKorea ने दी है।
बता दें कि सैमसंग के अधिकतर स्मार्टफोन में Exynos प्रोसेसर का ही इस्तेमाल होता है। यहां तक कि सैमसंग के प्रीमियम फोन में भी Exynos 990 प्रोसेसर मिलते हैं, जबकि इन्हीं फोन को कंपनी दूसरे मार्केट में स्नैपड्रैगन चिपसेट के साथ लॉन्च करती है।
कहा यह भी जा रहा है कि सैमसंग ने पहले वीवी को Exynos 880 और Exynos 980 सप्लाई किए हैं। वहीं सैमसंग Exynos 1080 की लॉन्चिंग पर भी काम कर रही है जिसे अगले सप्ताह लॉन्च किया जा सकता है। इस चिपसेट के साथ Vivo X60 को बाजार में उतारा जा सकता है, हालांकि सैमसंग या वीवो, ओप्पो और शाओमी ने इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।