Logitech MX Keys वायरलेस कीबोर्ड भारत में लॉन्च, 10 दिनों का है बैटरी बैकअप

लॉजीटेक ने भारतीय बाजार में अपना एक नया वायरलेस कीबोर्ड Logitech MX Keys पेश किया है। यह कीबोर्ड कंपनी की मास्टर सीरीज का हिस्सा है जिसे पिछले साल लॉन्च किया गया था। Logitech MX Keys की बोर्ड को यूएसबी रिसीवर समेत कई डिवाइस के कनेक्ट किया जा सकता है। इसके अलावा यह कई तरह के ऑपरेटिंग सिस्टम को भी सपोर्ट करता है। बेहतर टाइपिंग अनुभव के लिए इसमें अवतल कीकैप दिया गया है।
Logitech MX Keys वायरलेस कीबोर्ड में आपको नंबर पैड भी मिलेगा। इसके अलावा इसमें मीडिया शॉर्टकट के साथ-साथ फुल साइज एरो कीज हैं। इस कीबोर्ड की कीमत 12,995 रुपये है और इसे अमेजन इंडिया से खरीदा जा सकता है।
कंपनी के मुताबिक Logitech MX Keys को कोडर्स और क्रिएटिव लोगों के लिए खासतौर पर डिजाइन किया गया है। स्मूथ टाइपिंग के लिए कीज पर मैटे कोटिंग दी गई है। शानदार बिल्ड क्वालिटी के लिए इसमें सिंगल मेटल प्लेट का इस्तेमाल हुआ है। इस कीबोर्ड में बैकलाइट दी गई है। इसमें इन-बिल्ट प्रोक्सीमिटी सेंसर है जो कि आपकी एक्टिविटी को पहचानने में सक्षम है।
इस कीबोर्ड से आप एक साथ कई डिवाइस पर टाइप कर सकते हैं। इसकी बैटरी लाइफ को लेकर 10 दिनों के बैकअप का दावा किया गया है, वहीं यदि आप बैकलाइट बंद करके कीबोर्ड को इस्तेमाल करते हैं तो बैटरी पांच महीनों तक चलेगी। इस कीबोर्ड में एक यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट है। इस कीबोर्ड को विंडोज 10, मैकओएस 10.11, लाइनक्स और एंड्रॉयड 6 या इससे ऊपर के ओएस के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है।