Xiaomi: जून में पहली बार दुनिया की नंबर-1 कंपनी शाओमी, एपल-सैमसंग को छोड़ा पीछे
पहला मौका है जब शाओमी ने जून महीने में सबसे ज्यादा स्मार्टफोन बेचे हैं। शाओमी ने अमेरिका के साथ हुवावे और ऑनर के हुए विवाद का भरपूर फायदा उठाया है। शाओमी की स्थापना 2010 में हुई थी और 2011 में कंपनी ने पहला स्मार्टफोन लॉन्च किया था।

विस्तार
शाओमी का दबदबा दुनिया में कायम है। चीन की एपल कही जाने वाली कंपनी शाओमी ने पहली बार जून में बाजी मारी है और इसके साथ ही यह दुनिया का नंबर स्मार्टफोन कंपनी बन गई है। रिसर्च फर्म काउंटरप्वाइंट की रिपोर्ट के मुताबिक अपने 11 साल के इतिहास में यह पहला मौका है जब शाओमी ने जून महीने में सबसे ज्यादा स्मार्टफोन बेचे हैं। शाओमी ने अमेरिका के साथ हुवावे और ऑनर के हुए विवाद का भरपूर फायदा उठाया है। शाओमी की स्थापना 2010 में हुई थी और 2011 में कंपनी ने पहला स्मार्टफोन लॉन्च किया था।
मई के मुकाबले जून 2021 में शाओमी की ग्रोथ 26 फीसदी अधिक हुई है। इस ग्रोथ के साथ स्मार्टफोन मार्केट पर Xiaomi का कब्जा 17.1 फीसदी हो गया है, वहीं 15.7 फीसदी मार्केट शेयर के साथ सैमसंग दूसरे नंबर पर और एपल 14.3 फीसदी के साथ तीसरे नंबर पर है। कंपनी ने 2011 में पहला स्मार्टफोन बेचा था और 11 सालों में करीब 80 करोड़ स्मार्टफोन बेच डाले हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अफ्रीका, चीन, यूरोप और मध्य पूर्व के मार्केट से हुवावे के गायब होने के बाद शाओमी को जबरदस्त फायदा मिला है। जून 2021 में इन्हीं बाजारों का शाओमी की ग्रोथ में बड़ा योगदान रहा है।
जून में शाओमी ने सबसे ज्यादा Redmi 9, Redmi Note 9 और Redmi K सीरीज के फोन बेचे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि वियतनाम में कोरोना के कहर से सैमसंग को नुकसान हुआ है जिसका शाओमी ने फायदा उठाया है, हालांकि वियतनाम की हालत सुधरने के बाद सैमसंग फिर से टॉप पर आ सकती है।