iQoo Z3 5G review: 20 हजार रुपये की रेंज में एक दमदार गेमिंग स्मार्टफोन
iQoo Z3 की शुरुआती कीमत 19,990 रुपये है। इस कीमत में 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। वहीं 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 20,990 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 256 जीबी मॉडल की कीमत 22,990 रुपये है।

विस्तार
iQoo इंडिया ने कुछ दिन पहले ही iQoo Z3 को भारत में लॉन्च किया है। iQoo Z3 5G को भारत में स्नैपड्रैगन 768G प्रोसेसर और ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा iQoo Z3 में 4400mAh की बैटरी है जो 55W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। iQoo Z3 में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। iQoo Z3 की शुरुआती कीमत 19,990 रुपये है। इस कीमत में 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। वहीं 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 20,990 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 256 जीबी मॉडल की कीमत 22,990 रुपये है। iQoo Z3 5G की मार्केट में काफी चर्चा हो रही है, लेकिन क्या वास्तव में यह एक दमदार स्मार्टफोन है? आइए रिव्यू में जानते हैं...

iQoo Z3 5G review: डिजाइन
iQoo Z3 एक ग्लॉसी डिजाइन वाला स्मार्टफोन है। बैक पैनल की फिनिशिंग इतनी जबरदस्त है कि देखने में आपको ग्लास का पैनल लगेगा, जबकि इसका बैक पैनल और फ्रेम प्लास्टिक का है। बैक पैनल पर उंगलियों के निशान आते हैं लेकिन गौर से देखने पर ही दिखते हैं। यह साइबर ब्लैक और साइबर ब्लू कलर में मिलेगा। अलग-अलग एंगल से देखने पर बैक पैनल पर अलग-अलग कलर दिखते हैं। फोन स्लिम है और हाथ में लेने में कोई परेशानी नहीं होती है। सिंगल स्पीकर के साथ नीचे की ओर 3.5mm का हेडफोन जैक, टाईप-सी चार्जिंग पोर्ट है। फिंगरप्रिंट सेंसर पावर बटन में दिया गया है। सिम कार्ड ट्रे को ऊपर की जगह मिली है।

iQoo Z3 5G review: डिस्प्ले
iQoo Z3 में 6.58 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2408 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है। डिस्प्ले का टच सैंपलिंग 180Hz जो कि गेमिंग के लिए बेहतरीन है। अधिक रिफ्रेश रेट होने के बावजूद डिस्प्ले का टच उतना स्मूथ नहीं है जितना होना चाहिए। डिस्प्ले पर रेनफोर्स्ड पांडा ग्लास है। सूर्य की रौशनी में ब्राइटनेस अच्छी रहती है और कलर्स भी अच्छे हैं। डिस्प्ले के साथ HDR10 का सर्टिफिकेशन भी है जिसका फायदा एचडीआर कंटेंट को देखने में मिलता है।

iQoo Z3 5G review: परफॉर्मेंस
फोन में एंड्रॉयड 11 आधारित FunTouch OS 11.1 है। iQoo Z3 में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 768G प्रोसेसर है और ग्राफिक्स के लिए Adreno 620 GPU, 8 जीबी तक LPDDR4x रैम और 256 जीबी तक की स्टोरेज है। स्टोरेज को मेमोरी कार्ड की मदद से 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। स्नैपड्रैगन 768G प्रोसेसर को 7nm प्रोसेस पर तैयार किया गया है। फिंगरप्रिंट की स्पीड बेहतरीन तो नहीं, लेकिन ठीक-ठाक है। फेस अनलॉक तेजी से काम करता है।

रिव्यू के दौरान गेमिंग में फोन ने बिलकुल भी परेशान नहीं किया। एक बार भी लैगिंग की समस्या नहीं आई। एप स्विचिंग में भी कोई दिक्कत नहीं है। iQoo Z3 पर कॉल ऑफ ड्यूटी हाई ग्राफिक्स और हाई फ्रेम रेट पर आसानी से खेला जा सकता है। गेम स्मूथ चलता है और फोन गर्म नहीं होता जो कि सबसे अच्छी बात है। स्पीकर की आवाज अच्छी है। म्यूजिक सुनने, वीडियो देखने और गेम खेलने में आपको साउंड की कमी महसूस नहीं होगी।

iQoo Z3 5G review: कैमरा
कैमरे की बात करें तो iQoo Z3 में तीन रियर कैमरे हैं जिनमें मेन लेंस 64 मेगापिक्सल का है है जिसका अपर्चर f/1.79 है। वहीं दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड लेंस और तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का है।


सेल्फी के लिए इस फोन में 16 मेगापिक्सल का कैमरा है जिसका अपर्चर f/2.0 है। कैमरे की पिक्चर क्वॉलिटी अच्छी है लेकिन कॉन्ट्रास्ट थोड़ा अधिक रहता है। अल्ट्रा वाइड लेंस और नाइट मोड के शॉट्स औसत हैं। पोट्रेट मोड शानदार है।

फोटो के साथ कई तरह के लाइटिंग इफेक्ट्स मिलते हैं। फ्रंट कैमरे की क्वॉलिटी अच्छी है, तस्वीरें क्रिस्पी और क्लियर आती हैं। कुल मिलाकर यही है कि इस रेंज में यह बेस्ट कैमरा फोन नहीं है, लेकिन बेस्ट गेमिंग फोन जरूर है। कुछ सैंपल तस्वीरें देखकर आप कैमरे की क्वॉलिटी का अंदाजा लगा सकते हैं।

iQoo Z3 5G review: बैटरी
कनेक्टिविटी के लिए iQoo Z3 में 5G, 4G LTE, डुअल बैंड Wi-Fi, ब्लूटूथ v5.1, GPS, 3.5mm का हेडफोन जैक और टाईप-सी पोर्ट है। फोन में 4400mAh की बैटरी है जो कि 55W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन का वजन 185.5 ग्राम है। फोन की बैटरी चार्जर से तेजी से चार्ज होती है। महज आधे घंटे में करीब 70 फीसदी बैटरी चार्ज हो जाती है। रिव्यू के दौरान हम एक बार की फुल चार्जिंग में करीब 6 एचडी फिल्में देखने में सफल रहे। ऐसे में बैटरी बैकअप कम नहीं कहा जाएगा। डेली इस्तेमाल के बाद भी करीब 30 फीसदी बैटरी बच जाती है।
