सैमसंग की पहली मेड इन इंडिया स्मार्टवॉच हुई लॉन्च, मिलेगा 4G का सपोर्ट
28,490 रुपये है नए एडिशन की कीमतपिछले साल लॉन्च हुई थी यह स्मार्टवॉचनया एडिशन मेड इन इंडिया है

विस्तार
सैमसंग ने भारत में अपनी गैलेक्सी वॉच एक्टिव 2 का नया वेरियंट एल्यूमिनियम एडिशन पेश किया है। एल्यूमिनियम एडिशन में 4जी और वाई-फाई का भी सपोर्ट मिलेगा। सैमसंग के गैलेक्सी वॉच एक्टिव 2 के इस नए वेरियंट की कीमत 28,490 रुपये है और यह सैमसंग की पहली मेड इन इंडिया स्मार्टवॉच है।
Galaxy Watch Active 2 को पहली बार पिछले साल सितंबर में लॉन्च किया गया था। गैलेक्सी वॉच एक्टिव 2 का एल्यूमिनियम एडिशन एक्वा ब्लैक, क्लाउड सिल्वर और पिंक गोल्ड कलर वेरियंट में मिलेगा। इसकी बिक्री 11 जुलाई से शुरू होगी। 31 अगस्त तक इस स्मार्टवॉच को खरीदने वालों के 10 फीसदी का कैशबैक और नो कॉस्ट ईएमआई की सुविधा मिलेगी।
स्पेसिफिकेशन की बात करें तो कंपनी ने इसमें 1.4 इंच का सुपर एमोलेड डिस्प्ले दिया है, जिसका रिजॉल्यूशन 360x360 पिक्सल है। साथ ही स्क्रीन की प्रोटेक्शन के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास डीएक्स प्लस का सपोर्ट दिया गया है। यूजर्स को इस वॉच में रोटेटिंग टच बेजल मिलेंगे, जिससे इसके इंटरफेस को कंट्रोल किया जा सकेगा। इसके अलावा गैलेक्सी वॉच एक्टिव2 में टाइजन प्लेटफॉर्म मौजूद है, जो एंड्रॉयड 5.0 और आईओएस 9.0 को सपोर्ट करता है।
सैमसंग ने इस वॉच में बेहतर परफॉर्मेंस के लिए 340 एमएएच की बैटरी, 1.5 जीबी रैम और एक्सीनॉस 9110 प्रोसेसर दिया है। इसके अलावा कंपनी ने इस वॉच में हार्ट रेट सेंसर, ईसीजी सेंसर, एक्सेलोमिटर, बैरोमिटर और लाइट सेंसर दिया है। यूजर्स को गैलेक्सी वॉच एक्टिव2 4जी में 39 वर्कआउट मोड मिलेंगे, जिसमें रनिंग, वॉकिंग, साइकिलिंग और स्विमिंग जैसी एक्टिविटी शामिल हैं। वहीं, यह स्मार्ट वॉटर रेसिस्टेंट और डस्ट प्रूफ है।