Samsung Galaxy Z TriFold: क्या फ्लॉप हो गया सैमसंग का तीन बार मुड़ने वाला फोन? जानिए स्टोर से क्यों हुआ गायब
Samsung ने अपने सबसे चर्चित फोल्डेबल स्मार्टफोन Galaxy Z TriFold को बंद करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस डिवाइस की बिक्री धीरे-धीरे खत्म कर रही है, जिससे ट्राइ-फोल्ड टेक्नोलॉजी के भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं।

विस्तार
दक्षिण कोरियाई टेक दिग्गज सैमसंग ने स्मार्टफोन की दुनिया में हलचल मचाने वाले अपने पहले गैलेक्सी जेड ट्राई-फोल्ड (Galaxy Z TriFold) के सफर पर अचानक ब्रेक लगा दिया है। ब्लूमबर्ग की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने इस क्रांतिकारी फोन की बिक्री और उत्पादन को बंद करने का फैसला किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि किसी फ्लैगशिप फोन को लॉन्च के मात्र तीन महीने के भीतर बंद करना तकनीकी जगत में बेहद असामान्य माना जा रहा है।
स्टोर पर दिख रहा सोल्ड आउट
सैमसंग की आधिकारिक वेबसाइट पर यह डिवाइस अब 'सोल्ड आउट' लिस्टेड है। खबरों की मानें तो कंपनी दक्षिण कोरिया और अमेरिका में मौजूद मौजूदा स्टॉक के खत्म होने के बाद इसकी बिक्री पूरी तरह बंद कर देगी। एक्सपीरियंस सेंटर में बची कुछ यूनिट्स के अलावा, अब नए ग्राहकों के लिए इसे खरीदना लगभग नामुमकिन होगा।
सैमसंग क्यों लिया यह फैसला?
लगभग 2.6 लाख रुपये (2,899 डॉलर) की भारी-भरकम कीमत वाला यह फोन शुरुआत से ही कुछ खास प्रीमियम बायर्स को ध्यान में रखकर लाया गया था। इसकी जटिल मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया, फोल्ड होने पर मोटाई और स्क्रीन की मजबूती को लेकर आने वाली चुनौतियां इसके बंद होने की मुख्य वजह मानी जा रही हैं। इसके फीचर्स दमदार थे, लेकिन डिवाइस आम यूजर्स के लिए कभी व्यावहारिक नहीं बन पाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम सेल्स के वजह से कंपनी ने इसे बंद करने का फैसला लिया। फिलहाल कंपनी ने इसके बंद होने की खबरों पर आधाकारिक बयान जारी नहीं किया है।

क्या यह सिर्फ एक प्रयोग था?
Galaxy Z TriFold 10-इंच की विशाल डिस्प्ले, स्नैपड्रैगन 8 एलीट चिपसेट और 200MP कैमरे के साथ आने वाला एक पावरफुल मशीन था। हालांकि, बाजार के जानकारों का कहना है कि यह सैमसंग का एक 'महंगा प्रयोग' था। फिलहाल, कंपनी ने इसके अगले मॉडल पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है, लेकिन उम्मीद है कि इसकी मल्टीटास्किंग तकनीक भविष्य के फोल्डेबल फोन्स में देखने को मिलेगी।
अगला मॉडल कब आएगा?
फिलहाल इसके अगले वर्जन को लेकर स्थिति साफ नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने अभी तक इसका सक्सेसर फाइनल नहीं किया है। इस तरह के डिवाइस बनाना तकनीकी रूप से जटिल होता है, खासकर जब मजबूती, मोटाई और कीमत के बीच संतुलन बनाना हो।
फोन के फीचर्स क्या थे?
Galaxy Z TriFold में ट्रिपल-फोल्ड डिजाइन और ड्यूल हिंज सिस्टम दिया गया था, जो खुलने पर 10 इंच के टैबलेट जैसा डिस्प्ले बनाता है। इसमें Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर, 16GB तक RAM, 1TB स्टोरेज, 200MP ट्रिपल रियर कैमरा और 5,600mAh बैटरी दी गई थी।
- Samsung Galaxy M17e 5G भारत में लॉन्च: 6000mAh बैटरी के साथ मिलेगी 6 साल की 'नो टेंशन' सर्विस, जानिए फीचर्स
- Vivo T5x 5G: टर्बो प्रोसेसर और सेगमेंट में सबसे बड़ी बैटरी से साथ लॉन्च हुआ वीवो का नया फोन, जानिए फीचर्स
- ट्रेडर सोता रहा और एआई छापता रहा नोट: 11 लाख के बना दिए 40 लाख रुपये, जानें कैसे हुआ यह चमत्कार
- AI Psychosis: एआई चैटबॉट्स से बढ़ रहा गलतफहमी का खतरा, नई स्टडी में मानसिक असर को लेकर चेतावनी