Samsung Galaxy Ring: ढेर सारे फीचर्स और दमदार बैटरी लाइफ के साथ लॉन्च हुई सैमसंग गैलेक्सी रिंग, जानिए कीमत
सैमसंग गैलेक्सी रिंग का लंबे समय से इंतजार था, बुधवार को कंपनी ने पेरिस में अनपैक्ड इवेंट के दौरान शानदार रिंग को दुनिया के सामने रख दिया। इस रिंग में कई सारे हेल्थ फीचर्स और बढ़िया बैटरी दी गई है। जानिए कब से इसे खरीद सकते हैं।

विस्तार
सैमसंग के जिस इवेंट का इंतजार था, वो आखिरकार आज सबके सामने आ गया। दक्षिण कोरिया की टेक कंपनी सैमसंग ने लंबे इंतजार के बाद अपनी गैलेक्सी रिंग को लॉन्च कर दिया। कंपनी ने पेरिस में अपने दूसरे अनपैक्ड गैलेक्सी इवेंट में रिंग से पर्दा उठाया। इसके साथ ही कंपनी ने गैलेक्सी जेड सीरीज का नया फोल्डेबल फोन पेश किया। कंपनी ने स्मार्ट रिंग में कई सारे हेल्थ फीचर्स और स्मार्ट ट्रैकिंग फीचर्स जोड़े हैं।
सैमसंग गैलेक्सी रिंग का वजन 2.3 से लेकर 3 ग्राम तक है। साथ ही इसे वाटर रेसिस्टेंस बिल्ड क्वालिटी के साथ तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह रिंग एक बार चार्ज होने के बाद सात दिनों तक चल सकती है। सैमसंग ने इस रिंग को 9 अलग-अलग साइज में 5 से 13 नंबर तक उतारा है। कंपनी ने लोगों की मदद के लिए साइज किट भी तैयार की है, ताकि लोग आसानी से अपने लिए सही साइज की रिंग सेलेक्ट कर सकें।
इस रिंग में 8MB की मेमोरी और पीपीजी सेंसर भी दिए गए हैं। इस रिंग को सैमसंग हेल्थ एप के जरिए कंट्रोल किया जा सकता है। इसमें हार्टबीट और तापमान को आसानी से मापा जा सकता है। इसमें 18mah से लेकर 23.5mah तक की बैटरी क्षमता दी गई है। इसे 30 मिनट की चार्जिंग के बाद जीरो से 40 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। इसके चार्जिंग केस में 361mah की बैटरी दी गई है।