सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 की कीमत लॉन्चिंग से पहले लीक

सैमसंग के अपकमिंग फ्लैगशिप गैलेक्सी नोट 9 का प्रमोशनल पोस्टर लीक हुआ है और इसी पोस्टर से फोन की कीमत का भी खुलासा हुआ है। बता दें कि सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 की लॉन्चिंग 9 अगस्त को न्यूयॉर्क में आयोजित अनपैक्ड नाम के एक इवेंट में होने वाली है। लॉन्चिंग से पहले फोन के कई फीचर्स लीक हुए हैं, वहीं अब नई लीक से गैलेक्सी नोट 9 की कीमत के बारे में जानकारी मिली है।
नई लीक रिपोर्ट में सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 का प्रमोशनल पोस्टर दिखाया गया है। साथ ही दिख रहा है कि इंडोनेशिया में फोन के लिए प्री-ऑर्डर शुरू हो गया है। सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 की कीमत IDR13,5 मिलियन यानि करीब $940 यानि करीब 64,554.50 रुपये है। वहीं इसके 512 जीबी स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत $1,215 यानि करीब 83,415.82 रुपये होगी।
लीक रिपोर्ट की मानें तो गैलेक्सी नोट 9 तीन कलर वेरियंट में आएगा जिसमें आर्टिशियन कॉपर, इंजीनियर्ड ब्लू और मैस्टिक ब्लैक शामिल हैं। पोस्टर में यह भी दिख रहा है कि फोन के साथ सैमसंग स्मार्ट टीवी गिफ्ट के रूप में मिलेगा।
अभी तक लीक रिपोर्ट के मुताबिक गैलेक्सी नोट 9 के फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.4 इंच की 18.5:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली डिस्प्ले होगी जिसका रिजॉल्यशून 2960 x1440 है। कंपनी इस फोन में अपना इन हाउस सुपर एमोलेड डिस्प्ले देगी। साथ ही यूजर्स के पास यह विकल्प होगा कि वह डिस्प्ले का रिजॉल्ययूशन कम कर सके और बैटरी बचा सके।
इसके अलावा सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 मिलेगा, वहीं कुछ बाजार में इस फोन को इनहाउस एक्सिनॉज 9810 प्रोसेसर के साथ उतारा जाएगा। फोन में 8 जीबी तक रैम और 512 जीबी तक स्टोरेज दी जा सकती है, हालांकि 512 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट कुछ ही बाजारों में उपलब्ध होगा। फोन में डुअल रियर कैमरा होगा और उसके ठीक नीचे फिंगरप्रिंट सेंसर मिल सकता है। फोन में एंड्रॉयड 8.1 ओरियो और 4000mAh की बैटरी मिलेगी।