सैमसंग गैलेक्सी जे6 प्लस रिव्यू : आकर्षक लुक, दमदार बैटरी लेकिन कमजोर प्रोसेसर

मोबाइल इंडस्ट्री की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक सैमसंग ने मिड रेंज फोन की श्रंखला में अपना नया फोन लांच किया है गैलेक्सी जे6 प्लस। 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज के साथ आया यह फोन ब्रांड को प्रधानता देने वाले यूजर्स के लिए अच्छा ऑप्शन है। शानदार बैटरी बैकअप इसकी एक और खूबी है। ग्लास बैक बॉडी के साथ आया यह फोन लुक के मामले में तो आकर्षक है लेकिन क्या परफार्मेंस भी उतनी ही बेहतर है, जानते हैं इस फोन के रिव्यू में...
सैमसंग गैलेक्सी जे6 प्लस की अनबॉक्सिंग और फर्स्ट इंप्रेशन
डिजाइन
पहली नजर में देखने पर फोन आकर्षक लगता है। बैक साइड में दी गई ग्लास बॉडी फोन को प्रीमियम लुक देती है। हालांकि, फोन के बैक पर अंगुलियों के निशान रह जाते हैं। इनफिनिटी डिस्प्ले की वजह से 6 इंच की स्क्रीन वाला फोन इतना बड़ा नहीं लगता। फिर भी फोन को दोनों हाथों से प्रयोग करना बेहतर होगा क्योंकि ग्लास बॉडी हाथ से फिसलती है। इसलिए यदि यह फोन लेते हैं तो बैक कवर का प्रयोग जरूर करें। फोन थोड़ा सा भारी जरूर लगता है।

जैसा कि पहले बताया जा चुका है दाएं पैनल में फिंगरप्रिंट सेंसर को पावर बटन के साथ मर्ज किया गया है। पावर बटन के ऊपर स्पीकर दिया गया है। फोन के बाएं पैनल पर वॉल्यूम बटन दिए गए हैं। दाईं ओर ही दो स्लॉट हैं जिसमें एक स्लॉट सिम कार्ड-1 के लिए है और दूसरे स्लॉट में सिम कार्ड-2 और माइक्रो एसडी कार्ड की जगह है। फिंगरप्रिंट सेंसर पर ऊपर-नीचे स्वाइप कर नोटिफिकेशन पैनल को एक्सेस कर सकते हैं। फोन के निचले पैनल में 3.5 एमएम इयरफोन जैक और चार्जिंग सॉकेट दिया गया है। हालांकि इसमें टाइप सी चार्जिंग तकनीक की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन सैमसंग ने यह फीचर नहीं दिया है।

डिस्प्ले
फोन में 6 इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई है, जिसका स्क्रीन रिजॉल्यूशन 720x1480 है और एस्पेक्ट रेशियो 18:5:9 है। फोन की 274 पीपीआई का डिस्प्ले इतना दमदार नहीं है। इससे कहीं बेहतर डिस्प्ले वाले फोन इससे कम कीमत पर मौजूद हैं। फोन का स्क्रीन टू बॉडी रेशियो 73.94% है।

आज जब 2.5 डी कर्व्ड स्क्रीन आम हो चुकी है वहां इस फोन में यह मौजूद नहीं है। 2.5 डी कर्व्ड ग्लास फोन के लुक में तो चार चांद लगाता ही है, वीडियो देखने का भी अलग अनुभव मिलता है। इसके अलावा स्क्रीन में राउंडेड कॉर्नर दिया जा सकता था। डिस्प्ले के मामले में यह फोन बाकी फोन्स की तुलना में कहीं पीछे छूट जाता है।
कैमरा
स्मार्टफोन में बढ़िया कैमरा सबकी पसंद होती है। मोबाइल कैमरा के मामले में सैमसंग का इतिहास बेहतर ही रहा है। गैलेक्सी जे6 प्सल में एलईडी फ्लैश के साथ एफ1.9 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल और पांच मेगापिक्सल के साथ डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। वहीं, फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का है। रियर कैमरा में एचडीआर मोड, लाइव फोकस, पैनोरमा, और ब्यूटी मोड जैसे फीचर दिए गए हैं। इसके साथ ही फोन के कैमरे में स्टिकर मोड का ऑप्शन भी है।

नीचे दी गईं सभी फोटोज सैमसंग गैलेक्सी जे6 प्लस से क्लिक की गई हैं।
दिन की रोशनी में कैमरे की परफार्मेंस बहुत अच्छी है, हालांकि कम रोशनी में कैमरे का प्रदर्शन उतना खास नहीं रहता। रात में फोन का कैमरा किसी बेसिक कैमरे की तरह ही काम करता है। रात में अच्छी फोटो लेना इस फोन के कैमरे से थोड़ा मुश्किल काम होगा। कैमरे में काफी सेटिंग्स दी गई हैं जिसे एडजस्ट कर कैमरा परफॉर्मेंस बेहतर की जा सकती है। फोन के कैमरे से 4128x3096 पिक्सल की फोटो ली जा सकती है, वहीं वीडियो रिकॉर्डिंग 30 एफपीएस पर 1920x1080 पिक्सल पर की जा सकती है।

बैटरी
फोन की सबसे बड़ी यूएसपी इसकी 3300 एमएएच की बैटरी है। बैटरी बैकअप दमदार है। लगातार कॉलिंग और इंटरनेट के प्रयोग और थोड़ी गेमिंग के बावजूद फोन पूरा दिन चलने में सक्षम है। मतलब ऐसे लोग जो सफर में रहते हैं या जिन्हें फोन चार्ज करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता उनके लिए यह फोन अच्छा साबित हो सकता है। लेकिन, वहीं अगर फोन में क्विक चार्जिंग का फीचर भी दिया गया होता तो यह सोने पर सुहागा जैसा होता।

प्रोसेसर
जहां बैटरी इस फोन की यूएसपी है वहीं प्रोसेसर इसका सबसे कमजोर बिंदु है। सैमसंग ने इसमें क्वालकम स्नैपड्रैगन 425 चिपसेट दिया है, जिसे बीते जमाने का प्रोसेसर कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी। ग्राफिक्स के लिए इसमें एड्रेनो 308 दिया गया है। कमजोर प्रोसेसर फोन को स्लो करता है। इसीलिए हैवी मोबाइल यूजर्स को यह फोन प्रभावित नहीं कर सकेगा। आज जब मोबाइल गेमर्स बढ़ते जा रहे हैं ऐसे में कमजोर प्रोसेसर फोन का बड़ा निगेटिव प्वाइंड बन जाता है। हमने इस पर पबजी और टेकेन जैसे गेम खेले। गेम खेलते वक्त फोन में लैग की शिकायत आई।

रैम व स्टोरेज
फोन में 4 जीबी की रैम दी गई है जो सामान्य प्रयोग के लिए अच्छी है। डाटा सेव करने के लिए इसमें 64 जीबी की स्टोरेज दी गई है, इसमें करीब 51 जीबी आपको प्रयोग के लिए मिलती है। अच्छी बात यह है कि फोन में मेमोरी कार्ड के लिए अलग से स्लॉट दिया गया है। माइक्रो एसडी कार्ड की सहायता से 512 जीबी तक स्टोरेज बढ़ाई जा सकती है।

नेटवर्क और कनेक्टिविटी
यह फोन डुअल सिम सपोर्ट करता है। दोनों स्लॉट्स 4जी सपोर्ट करते हैं। हालांकि दोनों स्लॉट नैनो सिम सपोर्ट करते हैं। इसके साथ वाई-फाई डाइरेक्ट व ए-जीपीएस फीचर्स दिए हुए हैं। इसके साथ ही फोन ओटीजी सपोर्ट करता है।
सिक्योरिटी
सिक्योरिटी के मामले में फोन में पारंपरिक पिन व पैटर्न लॉक तो है ही, इसके साथ ही फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस डिटेक्शन फीचर भी दिया गया है। फोन का फिंगप्रिंट सेंसर को पावर बटन के साथ ही गिया गया है। फोन के दाईं ओर मौजूद पावर बटन में ही फिंगरप्रिंट सेंसर गिया गया है। हालांकि शुरुआत में सेंसर की लोकेशन अजीब सी लगती है, लेकिन धीरे-धीरे इसकी आदत पड़ जाएगी। फेस डिटेक्शन रात में या कम रोशनी में काम नहीं करता है।
सॉफ्टवेयर
गैलेक्सी जे6 प्लस एंड्राइड 8.1 ओरियो पर चलता है। इसमें सैमसंग का यूआई 9.5 दिया गया है, जो लगभग हर सैमसंग के फोन में मिलता है। फोन में एक फीचर है इमोटिफाई, इसका प्रयोग आप अपना अवतार बनाने में कर सकते हैं। इसका प्रयोग चैटिंग एप्स में किया जा सकता है। फोन में बेहतर साउंड एक्सपीरियंस के लिए डॉल्बी एटमॉस फीचर दिया गया है, जिसे इयरफोन से म्यूजिक सुनते वक्त प्रयोग किया जा सकता है। डॉल्बी एटमॉस वाकई म्यूजिक के अनुभव को बेहतर बनाता है।
कुल मिलाकर सैमसंग का यह फोन उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकता है जो नए स्मार्टफोन यूजर हैं या जो मोबाइल फोन का सामान्य प्रयोग ही करते हैं। हैवी यूजर्स और मोबाइल गेमर्स के लिए यह फोन नहीं है।