Realme C1 रिव्यू: स्नैपड्रैगन 450 और नॉच डिस्प्ले का जबरदस्त तड़का

ओप्पो के सब-ब्रांड रियलमी ने भारत में इस साल 4 स्मार्टफोन लांच किए हैं जिनमें से रियलमी 1 को मई में लांच किया गया था, उसके बाद कंपनी ने अगस्त में रियलमी 2 को लांच किया और उसके बाद सितंबर में रियलमी ने दो नए स्मार्टफोन लांच किए जिनमें रियलमी 2 प्रो और रियलमी सी1 शामिल हैं। इनमें से हमें रियलमी सी1 रिव्यू के मिला था जिसे हमने एक सप्ताह तक इस्तेमाल किया। तो आइए देखते हैं कैसा है रियलमी का सबसे सस्ता स्मार्टफोन रियलमी सी1 ?

रियलमी सी1 की स्पेसिफिकेशन और कीमत
रियमली सी1 में 6.2 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1520x720 पिक्सल है। डिस्प्ले का आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है और डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास का प्रोटेक्शन भी है। फोन का वजन 168 ग्राम है और इसमें एंड्रॉयड ओरियो 8.1 आधारित कलर ओपरेटिंग सिस्टम है।। इसके अलावा इस फोन में 2 जीबी रैम और 16 जीबी स्टोरेज है जिसे 256 जीबी तक मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा रियलमी सी1 में क्वॉलकॉम का ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 450 प्रोसेसर है।

रियलमी सी1 के कैमरे की बात करें तो इस फोन में डुअल रियर कैमरा (13+2 मेगापिक्सल) और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। इस फोन में 4230mAh की बैटरी दी गई है और कनेक्टिविटी के लिए इसमें डुअल 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई, फेस अनलॉक, ब्लूटूथ वी4.2 जैसे फीचर्स दिए हैं। इसमें दो सिम के साथ एक साथ मेमोरी कार्ड भी इस्तेमाल किया जा सकता है। तीनों स्लॉट एक ही ट्रे में मिलेंगे। इस फोन की कीमत 6,999 रुपये है, हालांकि यह कीमत दीवाली ऑफर के तहत है और उसके बाद कीमत बढ़ सकती है।

रियलमी सी1 की डिजाइन
रियलमी अपने फोन रियलमी 1 से ही खास डायमंड कट डिजाइन के लिए सुर्खियां बटोर रही है। कंपनी ने रियलमी सी1 में डायमंड कंट तो नहीं दिया है लेकिन फोन की डिजाइन बेहतरीन है। फोन ज्यादा वजनी भी नहीं है और ज्यादा मोटा भी नहीं है। ऐसे में आपको एक साथ से फोन को इस्तेमाल करने में कोई परेशानी नहीं होगी, हालांकि ग्लास की बॉडी होने के कारण फोन हाथ से फिसलता बहुत है। ऐसे में हम आपको बिना कवर फोन को इस्तेमाल करने की सलाह नहीं देंगे। हालांकि कंपनी आपको बॉक्स में एडाप्टर, माइक्रो यूएसबी केबल और सिम कार्ड इजेक्टर के साथ एक प्लास्टिक का कवर भी देती है जो बढ़िया है। ऐसे में आपको फोन के लिए कवर खरीदने की कोई जरूरत नहीं है।

फोन में पावर बटन दाहिनी ओर व वॉल्यूम अप-डाउन बटन बायीं और दिए गए हैं। सिम कार्ड स्लॉट आपको फोन के वॉल्यूम बटन के ठीक ऊपर मिलेगा। रियमली सी1 में फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं दिया गया है। इसके बदले में कंपनी ने फास्ट फेस अनलॉक फीचर दिया है। हैंडसेट की ठीक नीचे बीच में माइक्रो यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और उसके बायीं ओर स्पीकर व दाहिनी ओर 3.5 एमएम का हेडफोन जैक है। बैक पैनल की बात करें तो सबसे पहले बायीं और कोने में डुअल रियर कैमरा सेटअप है और उसके बगल में फ्लैश लाइट दी गई है।

रियलमी सी1 की डिस्प्ले
जहां तक रियलमी सी1 की डिस्प्ले का सवाल है तो आपको डिस्प्ले पसंद आएगी। खासकर वीडियो देखने के दौरान। रिव्यू के दौरान में फोन की डिस्प्ले में कोई समस्या देखने को नहीं मिली। डिस्प्ले का व्यू एंगल भी बढ़िया है। ऐसे में यदि दो लोग भी फोन में एक साथ वीडियो देखते हैं तो उन्हें एंगल बदलने की जरूरत नहीं होगी। डिस्प्ले के लिए दिया गया ऑटो ब्राइटनेस लेवल बढ़िया काम करता है। धूप में डिस्प्ले की ब्राइटनेस अपने-आप एडजस्ट हो जाती है, वहीं कमरे की रौशनी में भी ऑटो मोड में ब्राइटनेट को लेकर कोई समस्या नहीं आती है। डिस्प्ले पर आपको नॉच मिलता है। वीडियो देखने के दौरान पहले तो नॉच नजर नहीं आता है लेकिन जैसे ही यूट्यूब को आप जूम करते हैं तो नॉच के साथ वीडियो आपको नजर आएगा। जिसे आप इस फोटो में देख सकते हैं। रियलमी सी1 में भी बाजार में चल रहे ट्रेंड की तरह फिजिकल होम और बैक बटन नहीं दिए गए हैं। ऐसे में आपको ऊपर की ओर स्वैप करने पर होम बैक और मिनिमाइज करने वाले बटन मिलेंगे। डिस्प्ले की ब्राइटनेस आंखों में चुभती नहीं है।

रियलमी सी1 का कैमरा
रियमली सी1 में रियलमी ने डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया है जिसमें एक लेंस 13 मेगापिक्सल और दूसरा 5 मेगापिक्सल का है। रियर कैमरे के साथ आपको फ्लैश लाइट मिलती है। वहीं फ्रंट कैमरा 5 मेगापिक्सल का है। फ्रंट कैमरे के साथ आपको डिस्प्ले की फ्लैश लाइट मिलती है। फ्रंट कैमरे के साथ आपको आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ब्यूटी मोड मिलता है। साथ ही आपको फ्रंट में एचडीआर और फोटो क्लिक करने के लिए टाइमर भी मिलता है। साथ ही आप हाथ के इशारे से भी सेल्फी क्लिक कर सकते हैं।
नीचे की सभी तस्वीरें रियलमी सी1 से क्लिक की गई हैं।


फ्रंट कैमरा में आपको जूम नहीं मिलता है। रियर और फ्रंट दोनों कैमरे की मदद से आप फुल एचडी वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकते हैं। अब जहां तक रियलमी सी1 के कैमरे के परफॉर्मेंस का सवाल है तो रियर कैमरे से बैकग्राउंड ब्लर के साथ पोट्रेट मोड में अच्छी फोटो आती है लेकिन जूम करने पर न्वाइज नजर आता है। रियलमी सी1 के रियर कैमरे का जूम अच्छा नहीं है। कंपनी को इस पर काम करने की जरूरत है। फोटो में कॉन्ट्रास्ट थोड़ा ज्यादा नजर आता है। लो लाइट फोटोग्राफी औसत है। कुल मिलाकर कहें तो 6,999 रुपये की कीमत की रेंज में रियलमी सी1 का कैमरा आपको निराश नहीं करेगा। फ्रंट कैमरे में दिया गया फेस अनलॉक तेजी से काम करता है।

रियलमी सी1 का ओवरऑल परफॉर्मेंस और बैटरी बैकअप
रियलमी सी1 को हमने रिव्यू के लिए 1 सप्ताह तक इस्तेमाल किया। गेमिंग और चार्जिंग के दौरान फोन के गर्म होने की कोई शिकायत नहीं आई। गेमिंग के दौरान फोन में अटकने जैसी कोई दिक्कत नहीं आई। इस फोन में दी गई 4230mAh को फुल चार्ज होने में 3.30 घंटे से ज्यादा का वक्त लगता है, हालांकि यूट्यूब पर ऑटो ब्राइटनेस मोड में दो फिल्म देखने के बाद भी फोन में 22 प्रतिशत बैटरी बची हुई थी। तो बैटरी के बैकअप को लेकर आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। यदि आप एक आम उपभोक्ता हैं तो बैटरी आपको 1 दिन से ज्यादा साथ देगी। कुल मिलाकर यदि आप किसी ऐसे सस्ते स्मार्टफोन की तलाश में हैं जिसमें डिजाइन के साथ शानदार बिल्ड क्वालिटी और बढ़िया प्रोसेसर हो तो आप रियलमी सी1 खरीद सकते हैं। यह फोन आपको इस बजट में निराश नहीं करेगा।

रियलमी के लिए कुछ सुझाव
1.
रिव्यू के दौरान हमने फोन की कई चीजों पर गौर किया। पहली बात यह कि कंपनी ने इस फोन में Zing MP3, Bao Moi, Lazada, Zalo और VN Ngay Nay जैसे ऐप क्यों दिए हैं इसका जवाब कंपनी ही देगी, क्योंकि इनमें से हमने जिंग एमपी3 में हिन्दी गाने को सुनना चाहा तो हम नहीं सुन पाए। हमें एक फ्लैश मैसेज मिला कि कॉपीराइट के कारण आप इस गाने को नहीं सुन सकते। कुछ ऐसी ही हालत VN Ngay Nay ऐप की है। वैसे तो यह न्यूज ऐप है जो कि वियतनाम की भाषा में है जो भारतीय ग्राहकों के लिए किसी काम का नहीं है। इसमें आपको कुछ समझ में ही नहीं आएगा। बाकि अन्य तीन ऐप भी आपके लिए किसी काम के नहीं है। हालांकि इन ऐप्स को आप डिलीट कर सकते हैं।

2.
इस फोन में एक समस्या यह भी है कि नोटिफिकेशन को स्वाइप करके हटाने का विकल्प नहीं मिलता है। उदाहरण के तौर पर आप फोन में गेम खेल रहे हैं या फिर कोई फिल्म या वीडियो देख रहे हैं और उसी समय कोई नोटिफिकेशन आ जाती है तो आप उस नोटिफिकेशन को हटा नहीं सकते। नोटिफिकेशन अपने आप ही कुछ सेकेंड में हटेगा। कंपनी को इस नोटिफिकेशन फीचर को लेकर विचार करने की जरूरत है, क्योंकि यह बहुत परेशान करता है। नोटिफिकेशन के साथ एक और दिक्कत यह है कि नोटिफिकेशन पैनल को नीचे की ओर स्वैप करके आप नोटिफिकेशन को नहीं हटा सकते हैं। या तो आपको सभी नोटिफिकेशन को हटाना पड़ेगा या फिर यदि आप किसी एक नोटिफिकेशन को हटाना चाहते हैं तो आपको दो विकल्प मिलेंगे। एक सेटिंग और दूसरा डिलीट का। होना यह चाहिए कि एक बार में स्वैप करके नोटिफिकेशन को हटाने का विकल्प होना चाहिए।
