Samsung Galaxy A50S Review: पढ़ें, कैसा है शानदार डिजाइन वाला सैमसंग का यह फोन

सैमसंग ने अपनी ए सीरीज स्मार्टफोन रेंज को आगे बढ़ाते हुए कुछ दिन पहले ही गैलेक्सी ए50एस और गैलेक्सी ए30एस को बाजार में उतारा है। इन दोनों फोन को पिछले मॉडल के मुकाबले कुछ बदलाव के साथ पेश किया गया है। सैमसंग गैलेक्सी ए50एस के 4 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 22,999 रुपये और 6 जीबी रैम के साथ 128 वेरियंट की कीमत 24,999 रुपये है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह स्मार्टफोन ?

Samsung Galaxy A50S डिजाइन और डिस्प्ले
सबसे पहले गैलेक्सी ए50एस की डिजाइन की बात करें तो फोन के पीछे प्रिज्म कट है जो कि किसी भी यूजर को अपनी ओर आकर्षित करता है। फोन की पीछे ऊपर से नीचे की ओर ट्रिपल कैमरा सेटअप है और उसके ठीक नीचे फ्लैश लाइट है। नीचे की ओर टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट हेडफोन जैक और एक स्पीकर ग्रिल है। पॉवर और वॉल्यूम बटन को दाहिनी ओर जगह मिली है। इस फोन में 6.4 इंच की फुल एचडी प्लस सुपर एमोलेड डिस्प्ले है। डिस्प्ले के साथ इनफिनिटी यू नॉच है जिसे आप डॉट नॉच भी कह सकते हैं। ग्लासी डिजाइन होने के कारण फोन पर उंगलियों के निशान काफी जल्दी आ जाते हैं। फोन के साथ एक बैक कवर भी मिलता है। गैलेक्सी ए50एस पर वीडियो देखने और गेमिंग का एक्सपेरियंस हमारा बढ़िया रहा। यह फोन प्रिज्म क्रश ब्लैक, प्रिज्म व्हाइट और प्रिज्म क्रश वॉयलेट कलर वेरियंट में मिलेगा। कुल मिलाकर गैलेक्सी ए50एस एक प्रीमियम डिजाइन और डिस्प्ले वाला स्मार्टफोन है।

Samsung Galaxy A50S रैम, स्टोरेज और ऑपरेटिंग सिस्टम
यह फोन 4 जीबी और 6 जीबी रैम वेरियंट में मिलता है लेकिन स्टोरेज के लिए आपको केवल 128 जीबी का ही विकल्प मिलता है। इसके अलावा फोन के सॉफ्टवेयर की बात करें तो इसमें एंड्रॉयड पाई 9.0 सैमसंग का वन यूआई है जिसके साथ रिव्यू के दौरान हमें कोई समस्या नहीं हुई। इस फोन में सैमसंग का अपना Exynos 9611 प्रोसेसर है जो कि एक ऑक्टाकोर प्रोसेसर है। पबजी जैसे गेम खेलने में यह प्रोसेसर परेशान नहीं करता है, हालांकि एचडी और हाई सेटिंग्स पर पबजी मोबाइल खेलने पर आपको थोड़ा-सा फ्रेम ड्रॉप का सामना करना पड़ सकता है। फोन को Widevine DRM L1 का भी सपोर्ट मिला है। ऐसे में आप नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम के एचडी वीडियो आसानी से देख सकते हैं। इस फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है जिसकी स्पीड शानदार तो नहीं तो लेकिन ठीकठाक है। इस फोन में एक ही स्पीकर दिया गया है लेकिन ऑडियो क्वालिटी को लेकर कोई शिकायत नहीं है। कनेक्टिविटी और कॉलिंग में भी कोई समस्या नहीं है।

Samsung Galaxy A50S कैमरा परफॉर्मेंस
सैमसंग गैलेक्सी ए50 में जहां 25+5+8 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया था, वहीं गैलेक्सी ए50एस में 48+5+8MP का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है तो कुल मिलाकर इन दोनों में कैमरा ही सबसे बड़ा अंतर है। इस फोन में सेल्फी के लिए 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। गैलेक्सी ए50एस में 48 मेगापिक्सल वाला लेंस सोनी का IMX582 सेंसर है। अब 48 मेगापिक्सल कैमरे वाले इस फोन के कैमरे की परफॉर्मेंस की बात करें तो दिन की रौशनी और पर्याप्त रौशनी में गैलेक्सी ए50एस अच्छी फोटो क्लिक करने में माहिर है। फोटो की डिटेलिंग अच्छी रहती है और कलर भी बढ़िया आता है। कम रौशनी में इस फोन की फोटोग्राफी औसत है। इसमें दिए गए वाइड एंगल लेंस की बात करें तो लेंस अधिक एरिया को कवर तो करता है लेकिन फोटो में डिटेल की कमी रहती है। पोट्रेट मोड बढ़िया है लेकिन कम रौशनी में कलर कम कर देता है। कैमरे का प्रो मोड शानदार है। कुल मिलाकर कहें तो गैलेक्सी ए50एस का कैमरा अच्छा है।



सैमसंग गैलेक्सी ए50एस में 4000एमएएच की बैटरी है जिसे तेजी से चार्ज करने के लिए साथ में 15 वॉट का चार्जर मिलता है लेकिन यह पूरी तरह से फास्ट नहीं है, क्योंकि 50 फीसदी बैटरी को चार्ज होने में 45 मिनट का वक्त लग जाता है। बैटरी बैकअप को लेकर कोई समस्या नहीं है। एक आम उपयोगकर्ता को दिनभर का बैकअप मिलता है। चार्जिंग और गेमिंग के दौरान फोन गर्म नहीं होता है।

क्यों खरीदें गैलेक्सी ए50एस स्मार्टफोन?
इस फोन के साथ सबसे बड़ी बात ब्रांड वैल्यू वाली है। दूसरी बात यह है कि फोन हैंडी है। सॉफ्टवेयर और परफॉर्मेंस बढ़िया है लेकिन कैमरे के मामले गैलेक्सी ए50एस की रेंज में कई फोन हैं जो इसे कड़ी टक्कर देते हैं, हालांकि इसका कैमरा खराब नहीं। कैमरे का परफॉर्मेंस शानदार तो नहीं लेकिन बढ़िया कहा जा सकता है। इस फोन की कीमत बाजार के हिसाब से थोड़ा अधिक है। ऐसे में यदि आपकी जेब इजाजत देती है तो आप इस फोन को खरीद सकते हैं। यह फोन आपको निराश नहीं करेगा।