Realme Watch 2 Pro Review: कितनी स्मार्ट है रियलमी की 4,999 रुपये वाली यह स्मार्टवॉच?
realme Watch 2 Pro 1.75 इंच की कलर डिस्प्ले के साथ आती है जिसका रिजॉल्यूशन 320*385 पिक्सल है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 600 निट्स है, हालांकि तेज धूप में डिस्प्ले देखने में थोड़ी परेशानी होती है।

विस्तार
स्मार्ट वियरेबल मार्केट में रियलमी धीरे-धीरे लेकिन अपनी मजबूत पकड़ बना रही है। कुछ दिन पहले ही Realme Watch 2 सीरीज के तहत दो वॉच भारत में लॉन्च हुई हैं जिनमें Realme Watch 2 और Realme Watch 2 Pro शामिल हैं। Realme Watch 2 Pro की कीमत 4,999 रुपये है, वहीं Realme Watch 2 को 3,499 रुपये में पेश किया गया है लेकिन लॉन्चिंग ऑफर के तहत इसे 2,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। Realme Watch 2 Pro में 1.75 इंच की कलर स्क्वॉयर डिस्प्ले है और इसमें जीपीएस का भी सपोर्ट है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसी है यह स्मार्टवॉच....

Realme Watch 2 Pro Review: स्पेसिफिकेशन
Realme Watch 2 Pro में 1.75 इंच की कलर डिस्प्ले है। इसके अलावा इसमें 90 स्पोर्ट्स मोड हैं। ब्लड ऑक्सीजन मॉनिटर करने के लिए SpO2 सेंसर भी दिया गया है। खास फीचर्स की बात करें इस लिस्ट में हाइड्रेशन रिमाइंडर, सेडेंटरी रिमाइंडर, कैमरा कंट्रोल और मेडिटेशन एसिस्टेंट के नाम शामिल हैं। कनेक्टिविटी के लिए ब्लूटूथ v5 है और वॉटर रेसिस्टेंट के लिए IP68 की रेटिंग है जो कि बड़ी बात है। इस रेंज में आने वाली अधिकतर स्मार्टवॉच में आपको IPX4 या 5 की रेटिंग मिलती है। Realme Watch 2 Pro की बैटरी का 14 दिनों के बैकअप का दावा है।

Realme Watch 2 Pro Review: डिजाइन
Realme Watch 2 Pro की डिजाइन आपको Apple Watch SE की याद दिलाएगी। बजट में अच्छी डिजाइन वाली स्मार्टवॉट की तलाश करने वालों को यह स्मार्टवॉच पसंद आएगी। यह वॉच काफी हल्की है और बिल्ड क्वॉलिटी भी अच्छी है। दिनभर इसे इस्तेमाल करना आरामदायक है। स्ट्रैप सिलिकॉन की है। डिस्प्ले की डिजाइन स्क्वॉयर है और थोड़ा से बेजल भी है। वॉच का कुल वजन 40 ग्राम है।

Realme Watch 2 Pro Review: डिस्प्ले
realme Watch 2 Pro 1.75 इंच की कलर डिस्प्ले के साथ आती है जिसका रिजॉल्यूशन 320*385 पिक्सल है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 600 निट्स है, हालांकि तेज धूप में डिस्प्ले देखने में थोड़ी परेशानी होती है। डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 30fps है। स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए 2.5D ग्लास दिया गया है और डिस्प्ले पर एंटी फिंगरप्रिंट की कोटिंग है। डिस्प्ले का टच स्मूथ और फास्ट है। डिस्प्ले के साथ 100 वॉच फेसेज का सपोर्ट है जिसे आप रियलमी लिंक एप के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। रिव्यू के दौरान डिस्प्ले स्वैप करने में हमें कोई परेशानी नहीं हुई। किसी मैसेज या नोटिफिकेशन को पढ़ने के लिहाज से स्क्रीन की साइज अच्छी है, डिस्प्ले के साथ एंबियंट सेंसर नहीं मिलता है। ऐसे में आपको मैनुअल तौर पर ब्राइटनेस को कम या ज्यादा करना होगा।

Realme Watch 2 Pro Review: परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस की बात करें तो इस वॉच में 90 स्पोर्ट्स मोड दिए गए हैं जिन्हें आप अपनी जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं। इस वॉच में जीपीएस इनबिल्ट है जो कि एक अच्छी बात है। कंपनी का दावा है कि इस वॉच में डुअल सैटेलाइट GPS है। ऐसे में आप बिना स्मार्टफोन की मदद से भी रनिंग के दौरान स्पीड आदि चेक कर सकते हैं। वॉच में हर्ट रेट मॉनिटर और ब्लड ऑक्सीजन मॉनिटर भी है।

ब्लड ऑक्सीजन मॉनिटर सेंसर को हमने ऑक्सीमीटर के साथ चेक किया तो रिजल्ट सटीक मिला। हर्ट रेट हाई या लो होने पर वॉच नोटिफाई नहीं करती है। वॉच के साथ नोटिफिकेशन की लिमिटेशन है यानी इसमें आप सिर्फ 6-7 नोटिफिकेशन ही देख सकते हैं। पुराने नोटिफिकेशन को वॉच अपने आप डिलीट कर देती है जो कि अच्छी बात नहीं है। एक्टिविटी ट्रैकिंग के दौरान वॉच में आप म्यूजिक ट्रैक नहीं बदल सकते हैं जो कि अच्छा नहीं है। इस वॉच के जरिए फोन पर आने वाले कॉल को रिजेक्ट किया जा सकता है।

Realme Watch 2 Pro Review: बैटरी
realme Watch 2 Pro में 390mAh की बैटरी है जिसके बैकअप को लेकर 14 दिनों का दावा किया गया है और यह दावा सच भी है। वॉच की बैटरी लाइफ शानदार है। यदि आप सिर्फ दिन में इस्तेमाल करते हैं, सोते वक्त वॉच को रख देते हैं, जीपीएस का इस्तेमाल नहीं करते और Raise to Wake का भी इस्तेमाल नहीं करतो तो आपको आराम से 12-13 दिनों का बैकअप मिल जाएगा, हालांकि जीपीएस और Raise to Wake ऑन रहने पर बैटरी लाइफ 5-7 दिनों की हो जाती है। इसे कम बैटरी लाइफ नहीं कही जाती है, क्योंकि इस रेंज में मौजूद स्मार्टवॉच के साथ आमतौर पर अधिकतम 3 दिनों की बैकअप मिलता है।
