Realme 8s 5G Review: मिडरेंज में एक कंप्लीट पैकेज वाला गेमिंग स्मार्टफोन
कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, 4G VoLTE, Wi-Fi 802.11ac, ब्लूटूथ v5.1, GPS/A-GPS और USB टाईप-सी पोर्ट है। इसके अलावा इसमें साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर है। इसमें 5000mAh की बैटरी है जिसके साथ 33W डर्ट चार्ज का सपोर्ट है।

विस्तार
Realme 8s 5G भारतीय बाजार का एक मिडरेंज 5जी स्मार्टफोन है जिसका मुकाबला रेडमी 10आई, पोको एम3 प्रो 5जी जैसे स्मार्टफोन के साथ है। इस फोन को भारतीय बाजार में Realme 8i के साथ लॉन्च किया गया है। Realme 8s के खास फीचर्स की बात करें तो इसमें Dimensity 810 प्रोसेसर के अलावा 5000mAh की बड़ी बैटरी और ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा। Realme 8s 5G के 6 जीबी रैम व 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 17,999 रुपये है। वहीं 8 जीबी रैम व 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 19,999 रुपये है। इस फोन को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू देखते हैं...
Realme 8s 5G Review: डिजाइन
कैमरे की डिजाइन के साथ थोड़ा बंप मिलता है, लेकिन फोन के साथ कवर भी मिलता है जिससे बंप फ्लैट हो जाता है। Realme 8s 5G को यूनिवर्स ब्लू और यूनिवर्स पर्पल कलर में खरीदा जा सकेगा। बड़ी डिस्प्ले होने के बाद भी फोन हैंडी है। कंपनी के अन्य फोन की तरह इसकी भी डिजाइन ग्रेडियंट है। इसके बैक पैनल पर मैटे टेक्सचर है जो कि लाइट के साथ रिफ्लेक्ट करता है।

बैक पैनल पर उंगलियों के निशान नहीं आते हैं और ग्रिपिंग भी अच्छी बनती है। फ्रंट में लेफ्ट कोने में एक पंचहोल है जहां फ्रंट कैमरा दिया गया है। नीचे की ओरे टाईप-सी पोर्ट, हेडफोन जैक और स्पीकर ग्रिल को जगह मिली है। सिम कार्ड ट्रे और वॉल्यूम बटन को लेफ्ट में जबकि पावर बटन को राइट में जगह मिली है। फिंगरप्रिंट सेंसर पावर बटन में है।

Realme 8s 5G Review: डिस्प्ले

फोन में 6.5 इंच की HD+ डिस्प्ले दी गई है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है। डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 90Hz और ब्राइटनेस 600 निट्स है। डिस्प्ले के कलर्स अच्छे हैं और मल्टीटास्किंग में स्क्रीन को लेकर कोई समस्या नहीं है। यह काफी स्मूथ है। डिस्प्ले की ब्राइटनेस 600 निट्स है जो कि आउटडोर में काफी मदद करती है।

डिस्प्ले का व्यूइंग एंगल बढ़िया है। वीडियो देखने, पढ़ने और गेमिंग के लिए लिहाज से रियलमी ने इस फोन में अच्छा डिस्प्ले दिया है। डिस्प्ले एचडीआर सर्टिफिकेशन के साथ आती है। ऐसे में आपको Netflix, Amazon Prime वीडियो जैसे प्लेटफॉर्म के वीडियो देखने में परेशानी नहीं होगी।
Realme 8s 5G Review: परफॉर्मेंस
Realme 8s 5G में एंड्रॉयड 11 आधारित Realme UI 2.0 दिया गया है। फोन में Dimensity 810 प्रोसेसर, 8 जीबी LPDDR4x रैम के साथ 5 जीबी वर्चुअल रैम है। Realme 8s 5G में एप लोडिंग काफी फास्ट है, हालांकि फोन में डेलीहंट, हेफन, जोश, अमेजन, स्नैपचैट जैसे प्री-इंस्टॉल मिलते हैं। इनमें से जोश एप के नोटिफिकेशन बहुत परेशान करते हैं, हालांकि आप इन एप्स को डिलीट भी कर सकते हैं।

Dimensity 810 प्रोसेसर मीडियाटेक का एक 5जी प्रोसेसर है जिसे 6nm प्रोसेस पर तैयार किया गया है। गेमिंग के लिए आपको अलग से गेम स्पेस मिलता है जो गेम को ऑप्टिमाइज करके बेहतर परफॉर्मेंस देता है। दावे के मुताबिक इसकी परफॉर्मेंस Dimensity 720 के मुकाबले 16 फीसदी अधिक है। 20 दिनों तक लगातार इस्तेमाल करने के बाद भी हमें Realme 8s 5G परफॉर्मेंस को लेकर कोई समस्या नहीं आई है।
एक बार भी फोन ने रिस्पॉन्स को लेकर कोई दिक्कत नहीं की और एक बार भी फोन हैंग नहीं हुआ। मल्टीटास्किंग और गेमिंग का एक्सपेरियंस हमारा अच्छा रहा। 90Hz की डिस्प्ले गेमिंग में काफी मदद करती है। बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) जैसे गेम को खेलने में परेशानी नहीं होती है। करीब 25 मिनट की गेमिंग के बाद फोन थोड़ा गर्म होता है। ओवरऑल परफॉर्मेंस अच्छी है, खासकर गेमिंग के लिहाज से...
Realme 8s 5G Review: कैमरा परफॉर्मेंस

कैमरे की बात करें तो इसमें इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें प्राइमरी लेंस 64 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/1.8 है। दूसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम पोट्रेट और तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस है। फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का सेल्फी लेंस है।

कैमरे की परफॉर्मेंस की बात करें तो पर्याप्त रौशनी में कैमरा कमाल की तस्वीरें क्लिक करता है। दिन की अच्छी रौशनी में जूम के बाद भी तस्वीरें अच्छी क्लिक होती हैं। प्राइमरी सेंसर से आप शानदारी डीटेल और कलर्स के साथ तस्वीरें क्लिक कर सकते हैं। फोन के साथ अलग से एक नाइट मोड मिलता है जिसका आउटपुट शानदार तो नहीं, लेकिन संतोषजनक है।

इस फोन में आपको वाइड एंगल लेंस नहीं मिलता है। रियर और फ्रंट कैमरे से आप 1080 पिक्सल पर वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं। वीडियो के साथ भी 10एक्स जूम मिलेगा। इसके अलावा अल्ट्रा स्टिडी मोड भी मिलता है। इसके अलावा फोन में अल्ट्रा मैक्रो मोड और एक्सपर्ट मोड मिलता है जिसे आमतौर पर प्रो या मैनुअल मोड कहा जाता है।

सेल्फी के लिए 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है जिसकी परफॉर्मेंस अच्छी है। कई सारे ब्यूटी मोड भी मिलते हैं। तो कुल मिलाकर Realme 8s 5G का कैमरा अच्छा है, लेकिन 4के रिकॉर्डिंग की चाहत रखने वाले ग्राहकों को निराश हाथ लगेगी।
Realme 8s 5G Review: बैटरी
कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, 4G VoLTE, Wi-Fi 802.11ac, ब्लूटूथ v5.1, GPS/A-GPS और USB टाईप-सी पोर्ट है। इसके अलावा इसमें साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर है। इसमें 5000mAh की बैटरी है जिसके साथ 33W डर्ट चार्ज का सपोर्ट है। डेली यूज में बैटरी लाइफ अच्छी है। दिनभर हॉटस्पॉट ऑन रखने के बाद भी बैटरी बैकअप अगली सुबह तक की मिल जाती है। बैटरी की चार्जिंग फास्ट है। एक घंटे के अंदर बैटरी फुल चार्ज हो जाती है। चार्जर आपको फोन के साथ बॉक्स में ही मिलेगा।

तो कुल मिलाकर देखा जाए तो यदि आप 20,000 रुपये की रेंज में एक ठीक-ठाक कैमरे के साथ बढ़िया गेमिंग फोन की तलाश कर रहे हैं तो Realme 8s 5G आपको निराश नहीं करेगा। अपने प्रोसेसर के कारण यह फोन इस रेंज में मौजूद कई सारे फोन पर भारी पड़ता है।