AI Device: OpenAI ला सकती है अपना पहला एआई डिवाइस, बिना स्क्रीन वाला स्पीकर बनेगा आपका स्मार्ट एआई साथी
OpenAI जल्द ही अमेजन एलेक्सा और गूगल नेस्ट जैसे स्मार्ट डिवाइसेज को टक्कर देने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एक ऐसा पोर्टेबल स्मार्ट स्पीकर पेश कर सकती है जो ChatGPT से लैस होगा और यूजर के लिए पर्सनल AI असिस्टेंट की तरह काम करेगा।

विस्तार
चैटजीपीटी (ChatGPT) बनाने वाली कंपनी ओपनएआई (OpenAI) अब सिर्फ सॉफ्टवेयर तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी जल्द ही कंज्यूमर हार्डवेयर बाजार में कदम रख सकती है। ओपनएआई अपने पहले इन-हाउस एआई डिवाइस पर काम कर रही है, जो एक पोर्टेबल एआई स्पीकर (Portable AI Speaker) होगा। खास बात यह है कि इसमें डिस्प्ले नहीं होगा, लेकिन यह चैटजीपीटी की ताकत से लैस होगा और इसका एक्सपीरियंस बाजार में मौजूद अन्य स्मार्ट स्पीकर्स से बिल्कुल अलग होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रोजेक्ट पर ओपनएआई एपल के पूर्व डिजाइनर जॉनी आइव (Jony Ive) के साथ मिलकर काम कर रही है। पिछले महीने कंपनी ने Work Louder के साथ साझेदारी में Codex Micro नाम का एक इनपुट डिवाइस दिखाया था, लेकिन यह ओपनएआई का पहला खुद का हार्डवेयर नहीं था।
ओपनएआई का एआई स्पीकर कैसा होगा?
रिपोर्ट के मुताबिक यह डिवाइस आकार में छोटा और पोर्टेबल होगा, ताकि इसे घर में आसानी से कहीं भी ले जाया जा सके। इसमें रिचार्जेबल बैटरी मिलने की उम्मीद है, जिससे इसे हर समय पॉवर से जोड़कर रखने की जरूरत नहीं होगी।हालांकि इसमें डिस्प्ले नहीं होगा, लेकिन इसमें कैमरा और कई सेंसर दिए जा सकते हैं। इतना ही नहीं, इसमें कुछ ऐसे मैकेनिकल मूविंग पार्ट्स भी हो सकते हैं, जिससे यह ज्यादा जीवंत महसूस होगा।

इंसानों की तरह करेगा बातचीत
रिपोर्ट के मुताबिक ओपनएआई इस उपकरण को घर के लिए इंसानों जैसा एआई साथी मानकर विकसित कर रही है। इसमें चैटजीपीटी का गहरा उपयोग होगा। यह हाल ही में पेश किए गए चैटजीपीटी लाइव के एडवांस वर्जन पर काम कर सकता है।यह स्पीकर घर के स्मार्ट उपकरणों को नियंत्रित करने, संगीत चलाने और अन्य कई काम करने में सक्षम होगा। कैमरे और सेंसर की मदद से यह अपने आसपास के माहौल को समझ सकेगा और उसी के अनुसार अधिक सटीक जवाब देगा।इतना ही नहीं, इसे यूजर के चैटजीपीटी अकाउंट से भी जोड़ा जा सकेगा। इससे यह ईमेल जैसी निजी जानकारी की मदद से समय के साथ यूजर की पसंद और जरूरतों को समझकर पहले से बेहतर सहायता कर सकेगा।
यह भी पढ़ें: New Aadhaar App: अब घर बैठे होंगे कई जरूरी काम, जानिए नए आधार एप के 10 जबरदस्त फायदे
एपल, गूगल और अमेजन को मिलेगी चुनौती
ओपनएआई इस डिवाइस के जरिए एपल, गूगल और अमेजन के स्मार्ट स्पीकर्स को चुनौती देना चाहती है। हालांकि, लॉन्च से पहले कंपनी कानूनी विवाद में भी फंस गई है।हाल ही में एपल ने ओपनएआई पर मुकदमा दायर करते हुए आरोप लगाया कि कंपनी ने उसके पूर्व कर्मचारियों और सप्लायर नेटवर्क की मदद से व्यापारिक गोपनीय जानकारी हासिल की। ओपनएआई ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उसे किसी दूसरी कंपनी के ट्रेड सीक्रेट में कोई दिलचस्पी नहीं है।गौरतलब है कि ओपनएआई ने पिछले साल जॉनी आइव की स्टार्टअप आईओ प्रोडक्ट्स (io Products) का करीब 6.5 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था। रिपोर्ट के अनुसार कंपनी फिलहाल करीब पांच हार्डवेयर डिवाइस पर काम कर रही है, लेकिन सबसे पहले AI स्पीकर को इस साल पेश करने और 2027 में बाजार में उतारने की योजना है। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया के चलते लॉन्च टाइमलाइन में बदलाव हो सकता है।
- Gemini AI: एआई ट्रेनिंग के लिए आपकी सोच से ज्यादा डेटा जुटाता है गूगल! तुरंत बदलें ये 7 प्राइवेसी सेटिंग्स
- New Aadhaar App: अब घर बैठे होंगे कई जरूरी काम, जानिए नए आधार एप के 10 जबरदस्त फायदे
- Anthropic: हिंदी में अपनापन, अंग्रेजी में सटीकता; एंथ्रोपिक की नई रिसर्च में सामने आया Claude AI का अलग अंदाज
- Train: ऑस्ट्रेलिया में मोबाइल नेटवर्क ठप होते ही रुक गईं ट्रेनें, क्या भारत में भी ऐसा हो सकता है?