OnePlus 11R 5G VS Google Pixel 7A: कौन है असली फ्लैगशिप किलर? पढ़ें रिव्यू
OnePlus 11R 5G में 6.7 इंच की 120 हर्ट्ज वाली एमोलेड डिस्प्ले, 100 वाट सुपरवूक फास्ट चार्जिंग और 16 जीबी रैम का सपोर्ट मिलता है। इसी कीमत पर Google Pixel 7A भी आता है। दोनों फोन कई मामले में अलग भी हैं, जैसे Pixel 7A में वायरलेस चार्जिंग मिलती है।

विस्तार
वनप्लस ने अपने क्लाउड 11 इवेंट में OnePlus 11R 5G को भारत में लॉन्च किया। इस फोन को 40 हजार से कम कीमत में पेश किया गया है। फोन कई दमदार फीचर्स और स्पेसिफिकेशन से लैस है। इसमें Snapdragon 8+ Gen 1 प्रोसेसर, 6.7 इंच की 120 हर्ट्ज वाली एमोलेड डिस्प्ले, 100 वाट सुपरवूक फास्ट चार्जिंग और 16 जीबी रैम का सपोर्ट मिलता है। इसी कीमत पर Google Pixel 7A भी आता है। दोनों फोन कई मामले में अलग भी हैं, जैसे Pixel 7A में वायरलेस चार्जिंग मिलती है। हमने OnePlus 11R 5G को कई दिनों तक इस्तेमाल किया है। चलिए रिव्यू में जानते हैं OnePlus 11R 5G और Google Pixel 7A में कौन-सा फोन असली फ्लैगशिप किलर साबित होता है।
OnePlus 11R 5G का डिजाइन

कंपनी ने नई वनप्लस 11 सीरीज के साथ शानदार काम किया है। इसमें एक नया रिफ्रेश डिजाइन शामिल किया गया है, जो काफी सही लगता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जो बड़े गोलाकार कैमरा कैप्सूल के साथ आता है। इसके साइड का थोड़ा हिस्सा ग्लौसी है। बाकी के पैनल पर मैट फिनिश डिजाइन है। इसके साथ फिंगरप्रिंट नहीं आते हैं। अगल आप फोन को बिना कवर के इस्तेमाल करते हैं तो आपको पसीने के धब्बे या फिंगरप्रिंट के बारे में चिंता नहीं करनी होगी। इसके अलावा, पीछे की तरफ गोरिल्ला ग्लास 5 कवर है। फोन की बिल्ड मेटल की है।

फोन में बटन और पोर्ट्स की बात करें तो इसमें नीचे की तरफ चार्जिंग पोर्ट, स्पीकर, माइक्रो फोन, USB Type C चार्जिंग पोर्ट और सिम ट्रे मिलती है। फोन के राइट साइड में अलर्ट स्लाइडर और पावर बटन मिलता है। फोन के लेफ्ट साइड में वॉल्यूम बटन हैं। कुल मिलाकर फोन बिल्ट और डिजाइन के मामले में काफी सही है। हालांकि, फोन थोड़ा बल्कि लगता है, इसका वजन 204 ग्राम है। वहीं गूगल पिक्सल 7ए के साथ कॉम्पैक्ट डिजाइन मिलता है। दोनों ही फोन डिजाइन के मामले में काफी अलग हैं।
OnePlus 11R 5G की डिस्प्ले और साउंड

Oneplus 11R में 6.74 इंच का फुल एचडी प्लस कर्व्ड एमोलेड डिस्प्ले मिलता है। डिस्प्ले के साथ (2772×1240 पिक्सल) रिजॉल्यूशन, 1450 निट्स की पीक ब्राइटनेस, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट, 450 पीपीआई, 20.1:9 आस्पेक्ट रेशियो, 1440 हर्ट्ज हाई फ्रीक्वेंसी PWM डिमिंग, HDR10+ और 100 प्रतिशत DCI P3 कलर गेमोट का सपोर्ट है। फोन के साथ कंटेंट देखने या सोशल मीडिया स्क्रॉल करते समय कोई दिक्कत नहीं होती है। फोन के कलर्स और टच रिस्पॉन्स काफी सही लगता है।

Oneplus 11R के आडियो डिपार्टमेंट की बात करें तो इसके साथ डुअल स्टीरियो स्पीकर और न्वाइज कैंसिलेशन का सपोर्ट मिलता है। स्पीकर की लाउडनेस ठीक है। जबकि गूगल पिक्सल के साथ 6.1 इंच की फुल एचडी प्लस OLED डिस्प्ले है जिसका रिफ्रेश रेट 90Hz है। डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास 3 की प्रोटेक्शन है और इसके साथ HDR का भी सपोर्ट है।