Motorola razr से भारत में उठा पर्दा, मिलेगा स्नैपड्रैगन 710 प्रोसेसर का सपोर्ट

मोटोरोला ने (Motorola) लंबे समय के बाद रेजर (Motorola razr) फोल्डेबल फोन को भारत में लॉन्च कर दिया है। यूजर्स को इस लेटेस्ट स्मार्टफोन में शानदार कैमरा, प्रोसेसर और दमदार बैटरी मिली है। आपको बता दें कि कंपनी ने इससे पहले मोटो रेजर फीचर फोन को भारत में उतारा था, जिसको लोगों ने बहुत पसंद किया था। वहीं, मोटोरोला रेजर फोन को कंपनी की आधिकारिक साइट और ई-कॉमर्स साइट फ्लिपकार्ट से खरीदा जा सकेगा। आइए जानते हैं मोटोरोला रेजर फोल्डेबल फोन की कीमत और स्पेसिफिकेशन के बारे में...
मोटोरोला ने इस फोन के 6 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 1,24,999 रुपये रखी है। इस फोन की प्री-बुकिंग ई-कॉमर्स साइट फ्लिपकार्ट और कंपनी की आधिकारिक साइट पर शुरू हो गई है और इसको 2 अप्रैल से खरीदा जा सकेगा। वहीं, मोटोरोला रेजर फोल्डेबल फोन Noir ब्लैक कलर ऑप्शन के साथ ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। वहीं, दूसरी तरफ ऑफर्स की बात करें तो सीटी बैंक के डेबिट और क्रेडिट कार्ड से इस फोन की खरीदारी करने पर 10,000 रुपये का कैशबैक मिलेगा। इसके अलावा जियो अपने ग्राहकों को इस फोन की खरीदारी करने पर 4,999 रुपये के प्लान और 1.4 टीबी डाटा ऑफर करेगी। वहीं, ग्राहकों के लिए 7,999 रुपये की वन-टाइम स्क्रीन रिप्लेसमेंट स्कीम उपलब्ध है।
फीचर्स की बात करें तो कंपनी ने इस फोन में 6.2 का ओएलईडी एचडी प्लस डिस्प्ले दिया है, जिसका रिजॉल्यूशन 876x2142 पिक्सल है। बता दें कि मुड़ने के बाद इस फोन की स्क्रीन का साइज 2.7 इंच का हो जाता है। यहां यूजर्स को सेल्फी क्लिक करने के साथ मैसेज नोटिफिकेशन और म्यूजिक कंट्रोल करने की सुविधा मिलती है। इसके अलावा इस फोन में बेहतर परफॉर्मेंस के लिए क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 710 एसओसी दिया गया है। वहीं, यह फोन एंड्रॉयड 9.0 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।
कंपनी ने इस फोन में 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया है, जिसके जरिए यूजर्स सेल्फी क्लिक कर सकते हैं। इसके अलावा यूजर्स को इस फोन के प्रमुख डिस्प्ले के ऊपर की तरफ 5 मेगापिक्सल का सेंसर मिला है, जिससे तस्वीरें क्लिक की जा सकती हैं।
मोटोरोला ने कनेक्टिविटी के लिहाज से इस फोन में 4जी LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ वर्जन 5.0, जीपीएस और यूएसबी पोर्ट टाइप सी जैसे फीचर्स दिए हैं। इसके अलावा यूजर्स को इस फोन में 2,510 एमएएच की बैटरी मिली है, जो 15 वॉट फास्ट चार्जिंग फीचर से लैस है।