Xiaomi के 33 लाख रुपये के नकली प्रोडक्ट बरामद, ग्राहकों के लिए कंपनी ने कही यह बात

भारतीय बाजार में Xiaomi के प्रोडक्ट की काफी मांग है जिसे देखते हुए चोरों ने नकली प्रोडक्ट बाजार में उतार दिए हैं। शाओमी के कई नकली प्रोडक्ट बाजार में आ गए हैं। ऐसे में आपके लिए बहुत जरूरी है कि आप आधिकारिक स्टोर से ही प्रोडक्ट खरीदें। अब चेन्नई और बंगलूरू में कंपनी ने 33 लाख के नकली प्रोडक्ट जब्त किए हैं।
शाओमी की एंटी काउंटरफिट प्रोग्राम की टीम ने चेन्नई और बंगलूरू के तीन सप्लायर के पास से Mi के करीब 33 लाख रुपये के नकली प्रोडक्ट बरामद किए हैं। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी की गई है। शाओमी के मुताबिक जिन नकली प्रोडक्ट को बरामद किया गया है उनमें स्मार्टफोन, पावरबैंक, चार्जर, ईयरफोन के साथ मोबाइल बैक कवर शामिल हैं।
शाओमी की टीम की ओर से छापेमारी में करीब 3,000 नकली प्रोडक्ट बरामद हुए हैं जिनमें से चेन्नई के करबी से करीब 24.9 लाख और बंगलूरू से करीब 8.4 लाख रुपये के नकली प्रोडक्ट शामिल हैं। इस मामले में तीन सप्लायर्स की पहचान भी हुई है।
कैसे करें असली प्रोडक्ट की पहचान?
कंपनी ने बाजार में आ रहे नकली प्रोडक्ट से सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि नकली प्रोडक्ट की खरीदारी से बचने का पहला रास्ता यही है कि आप आधिकारिक स्टोर से ही सामान खरीदें। इसके अलावा नकली प्रोडक्ट की पैकिंग और लोगो भी काफी अलग होता है। ध्यान से देखकर आप इनकी पहचान कर सकते हैं।