LG Velvet Review: आपके लिए क्यों बेस्ट है यह डुअल स्क्रीन वाला स्मार्टफोन, पांच प्वाइंट में समझें?
LG Velvet एक बड़ा फोन है। एक हाथ से इसे ऑपरेट करना आसान नहीं है। अच्छी बात यह है कि यह फोन लंबा है लेकिन इसकी चौड़ाई हद में है।

विस्तार
एलजी इंडिया ने कुछ महीने पहले भारत में अपने डुअल स्क्रीन स्मार्टफोन LG Velvet को लॉन्च किया है। LG Velvet में स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर है, हालांकि ग्लोबल वर्जन में स्नैपड्रैगन 765G प्रोसेसर दिया गया है। LG Velvet की कीमत 36,990 रुपये है, लेकिन डुअल स्क्रीन के साथ खरीदते हैं तो इसकी कीमत 49,990 रुपये हो जाएगी। LG Velvet में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें मेन कैमरा 48 मेगापिक्सल का है। इसके अलावा फोन को वॉटर और डस्टप्रूफ के लिए IP68 की रेटिंग मिली है। यह फोन काफी हद तक LG G8X ThinQ की तरह डुअल स्क्रीन वाला है। आइए महज 5 प्वाइंट के रिव्यू में जानते हैं कि यह फोन आपके लिए कैसे बेस्ट हो सकता है?

LG Velvet Review: डिजाइन
LG Velvet एक बड़ा फोन है। एक हाथ से इसे ऑपरेट करना आसान नहीं है। अच्छी बात यह है कि यह फोन लंबा है लेकिन इसकी चौड़ाई हद में है। फोन को हाथ में लेना आसान है लेकिन डिस्प्ले के सबसे ऊपर पहुंचना मुश्किल है। फोन 7.9mm पतला है और हल्का भी है।

इसका कुल वजन 180g ग्राम है। डिस्प्ले के किराने कर्व्ड हैं। फ्रेम मेटल का है। कुल मिलाकर डिजाइन के मामले में फोन प्रीमियम है। डुअल स्क्रीन के लिए आपको दूसरी स्क्रीन अलग से खरीदनी होगी।

LG Velvet Review: डिस्प्ले
फोन में 6.8 इंच की फुल एचडी प्लस सिनेमा फुल विजन POLED डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2460 पिक्सल है। यदि आप दूसरी स्क्रीन वाला वेरियंट लेते हैं तो आपको 6.8 इंच एक और फुल एचडी प्लस सिनेमा व्यू फुलविजन POLED डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2460 पिक्सल है।

डुअल स्क्रीन ही इस फोन की सबसे बड़ी खासियत है। फोन की दोनों स्क्रीन का इस्तेमाल आप एक ही समय पर दो अलग-अलग काम के लिए कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर आप एक स्क्रीन में वीडियो देख सकते हैं और दूसरी में किसी अन्य सोशल मीडिया एप का इस्तेमाल कर सकते हैं। दूसरी स्क्रीन फोन के लिए कवर का भी काम करती है।

LG Velvet Review: कैमरा
फोन में तीन रियर कैमरे हैं जिनमें मेन लेंस 48 मेगापिक्सल का है और इसका अपर्चर f/1.8 है, वहीं दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का वाइड एंगल और तीसरा लेंस 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर है। सेल्फी के लिए इसमें 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा।


कैमरे के साथ स्टेबलाइजेशन मिलेगा। कैमरे के साथ नाइट व्यू भी मिलता है और आप 4के रिकॉर्डिंग भी कर सकते हैं। इसके अलावा डायरेक्ट यूट्यूब लाइव, एआर स्टीकर, स्लो मोशन और पैनोरमा जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। वाइड एंगल की तस्वीरें फिश आई लेंस जैसी हो जाती हैं।


वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए सुपर स्टिडी मोड भी मिलता है। कैमरे किसी भी सब्जेक्ट पर तेजी से फोकस करता है। डुअल स्क्रीन की स्थिति में आप दूसरी स्क्रीन का इस्तेमाल तुरंत क्लिक की हुई तस्वीरों को देखने के लिए कर सकते हैं। LG Velvet के कैमरे से हमने कई सारी तस्वीरें क्लिक की हैं। रिव्यू के दौरान कैमरा हमें पसंद आया। सैंपल तस्वीरें आप देख सकते हैं।

LG Velvet Review: परफॉर्मेंस
फोन में स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर मिलेगा। इस फोन को 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज के साथ खरीदा जा सकता है। स्टोरेज को 2TB तक मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकेगा। फोन को ऑरोरा सिल्वर और ब्लैक कलर वेरियंट में खरीदा जा सकता है। परफॉर्मेंस की बात करें तो स्नैपड्रैगन 845 मल्टीटास्किंग को आसानी से हैंडल करता है। गेमिंग के दौरान भी हमें कोई समस्या नहीं आई। दोनों स्क्रीन के साथ 60Hz रिफ्रेश रेट मिल रहा है, यही थोड़ा निराश करने वाला है, क्योंकि इस रेंज के फोन में अन्य कंपनियां 90Hz से 120Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले मिलती है। फोन के साथ स्टेरियो स्पीकर भी मिलता है। फोन में एंड्रॉयड 10 मिलता है जिसके साथ कुछ कस्टमाइजेशन भी हुआ है। UI भी अच्छा है और रिव्यू के दौरान इसे लेकर हमें कोई समस्या नहीं हुई। फोन के साथ Facebook, Instagram, Whale browser जैसे कुछ ब्लॉटवेयर भी मिलते हैं। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर है जिसकी स्पीड औसत है। फेस अनलॉक नहीं है। फोन अलवेज ऑन डिस्प्ले भी है।

LG Velvet Review: बैटरी
एलजी के इस फोन में 4300mAh की बैटरी है जो क्वॉलकॉम क्वीक चार्ज 4+ को सपोर्ट करती है। फोन को IP68 की रेटिंग मिली है। फोन का वजन 180 ग्राम है और इसमें कनेक्टिविटी के लिए इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.1, NFC और यूएसबी टाईप-सी पोर्ट मिलेगा। फोन के साथ क्विक चार्ज 3.0 25W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है लेकिन बॉक्स में आपको 16.2W का ही चार्जर मिलेगा। फोन करीब डेढ़ घंटे में फुल चार्ज होता है और बैटरी लंबी चलती है। यदि आप सिंगल स्क्रीन इस्तेमाल करते हैं तो बैटरी करीब दो दिन तक साथ देती है, वहीं डुअल स्क्रीन के साथ बैटरी लाइफ थोड़ी कम हो जाती है। डुअल स्क्रीन के साथ चार्ज करने के लिए एक मैग्नेटिक डॉक मिलता है जो कि फोन और केबल से कनेक्ट होता है।

तो कुल मिलाकर बात यह है कि यह फोन एक प्रीमियम स्मार्टफोन है। इसके साथ आपको एक हाई एंड प्रोसेसर मिलता है। परफॉर्मेंस और कैमरा भी बढ़िया है। बैटरी लाइफ अच्छी है। डिजाइन प्रीमियम है और सबसे खास डुअल स्क्रीन एक नया अनुभव देने वाला है। आप चाहें तो डुअल स्क्रीन नहीं भी खरीद सकते हैं। यह फोन मल्टीटास्किंग के लिए परफेक्ट है।