iOS 26.3 अपडेट जारी: iPhone में आए 6 नए फीचर, डेटा ट्रांसफर और प्राइवेसी हुई बेहतर
Apple ने iOS 26.3 को आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। इस अपडेट में iOS-Android डेटा ट्रांसफर, नई प्राइवेसी सेटिंग और यूरोपियन यूजर्स के लिए कुछ खास फीचर्स शामिल हैं। इसे अपकमिंग iOS 26.4 की तैयारी भी माना जा रहा है।

विस्तार
एपल ने आईफोन यूजर्स के लिए iOS 26.3 वर्जन अपडेट आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया है। यह अपडेट मुख्य रूप से फोन की परफॉर्मेंस बेहतर करने और छोटी तकनीकी दिक्कतों को ठीक करने के लिए लाया गया है। एपल ने iPadOS 26.3, macOS Tahoe 26.3, watchOS 26.3, tvOS 26.3 और visionOS 26.3 भी जारी किए हैं।
बताया जा रहा है कि कंपनी जल्द ही iOS 26.4 भी लाएगी, जिसमें Google Gemini AI से लैस Siri, नए इमोजी और अन्य बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। iOS 26.4 के अप्रैल के आसपास आने की उम्मीद है।
iOS 26.3 के कुछ खास फीचर्स
हालांकि, यह अपडेट मुख्य रूप से सिस्टम की स्थिरता और बग्स को ठीक करने पर केंद्रित है, लेकिन इसमें कुछ ऐसे फीचर्स दिए गए हैं जो आईफोन के इस्तेमाल का तरीका बदल देंगे:
Android से iPhone में डेटा ट्रांसफर अब आसान
अब तक एंड्रॉयड से आईफोन पर आने के लिए अलग ऐप्स का सहारा लेना पड़ता था, जो काफी थकाने वाला काम था। लेकिन अब एपल और गूगल ने मिलकर एक नया स्टैंडर्ड बनाया है। अब आप बस अपने आईफोन और एंड्रॉयड फोन को एक-दूसरे के पास रखकर डेटा ट्रांसफर शुरू कर सकते हैं। इसके जरिए आप अपनी तस्वीरें, मैसेज, नोट्स, एप्स और यहां तक कि व्हाट्सएप चैट भी आसानी से मूव कर पाएंगे। इसके लिए दोनों डिवाइस को एक ही वाई-फाई से कनेक्ट करना होगा।
आपकी लोकेशन रहेगी अब और भी सिक्योर
iOS 26.3 में एक नया प्राइवेसी फीचर जोड़ा गया है, जिससे यूजर अपनी सटीक लोकेशन छिपा सकते हैं। यह फीचर फिलहाल कुछ खास iPhone मॉडल- जैसे iPhone 16e और iPhone Air में उपलब्ध है, जिनमें Apple का अपना 5G मॉडम है। इससे मोबाइल कंपनी को आपकी पूरी लोकेशन की बजाय केवल आसपास का इलाका पता चलेगा। हालांकि Find My जैसे एप्स पर इसका असर नहीं पड़ेगा। यह सुविधा कुछ खास मोबाइल नेटवर्क पर ही उपलब्ध है।
यूरोप के लिए 4 एक्सक्लूसिव फीचर्स
यूरोपीय संघ के नियमों के कारण, वहां के यूजर्स को कुछ एक्स्ट्रा फीचर्स मिले हैं, जो फिलहाल भारत या अमेरिका में उपलब्ध नहीं हैं:
थर्ड-पार्टी स्मार्टवॉच सपोर्ट:
अब यूजर्स एपल वॉच के अलावा किसी दूसरी स्मार्टवॉच से भी मैसेज का रिप्लाई दे पाएंगे।
आसान पेयरिंग:
अन्य कंपनियों के ईयरबड्स भी अब एयरपॉड्स (AirPods) की तरह आईफोन के पास लाते ही तुरंत कनेक्ट हो जाएंगे।
NFC का खुला इस्तेमाल:
बैंक अपने खुद के एप्स के जरिए पेमेंट करने के लिए आईफोन के NFC का इस्तेमाल कर सकेंगे। उन्हें एपल वॉलेट पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी।
फ्री डेटा शेयरिंग:
अब डेटा ट्रांसफर, AirPlay और Continuity Camera जैसी सुविधाएं अन्य डिवाइस के साथ भी लागू की जा सकेंगी, जो पहले सिर्फ Apple इकोसिस्टम तक सीमित थीं।
- रूस में सोशल मीडिया पर बड़ी कार्रवाई: व्हाट्सएप, यूट्यूब और इंस्टाग्राम समेत कई विदेशी प्लेटफॉर्म पर लगी रोक
- Viral Video: सड़क पर हाथ फैलाकर भीख मांगता दिखा रोबोट, लोग बोले- अब भिखारियों का काम भी खतरे में
- YouTube Music लाया नया AI फीचर: अब बोलकर सकेंड्स में बनाएं मनचाही प्लेलिस्ट, Spotify को देगा टक्कर
- साइबर फ्रॉड पर सख्ती: सभी बैंकों में MuleHunter AI लागू करने की तैयारी, जानिए कैसे करता है ये टूल