मोबाइल रिव्यू- 999 रुपये में फुल वैसा वसूल फोन है डीटेल डी1 गोल्ड

भारत में दुनिया का सबसे सस्ता फीचर फोन डीटेल डी1 लॉन्च करके धमाल मचाने वाली कंपनी डीटेल इंडिया ने अब एक और नया फीचर फोन डीटेल डी1 गोल्ड बाजार में उतारा है। इस फोन की कीमत सिर्फ 999 रुपये है और इस फीचर फोन में ब्लूटूथ, एफएम रेडियो, ऑटो कॉल रिकॉर्डर, कैमरा, साउंड रिकॉर्डर और पावर सेविंग्स मोड जेसै फीचर्स दिए गए हैं। फोन में एलईडी टॉर्च भी दिया गया है। इस फोन को हमने इस्तेमाल किया है तो आइए देखते हैं कि अगर आपको एक फीचर फोन की तलाश है तो डीटेल डी1 गोल्ड आपकी तलाश को पूरी कर पाता है या नहीं।

डीटेल डी1 गोल्ड की स्पेसिफिकेशन
फोन की फीचर्स की बात करें तो इसमें 2.4 इंच की एलसीडी डिस्प्ले और एलईडी फ्लैश लाइट के साथ डिजिटल रियर व फ्रंट कैमरा है। इसके अलावा इसमें 1500 एमएएच बैटरी दी गई है और बैटरी की लाइफ बढ़ाने के लिए कंपनी ने फोन में पावर सेविंग मोड भी दिया है। यह फोन विभिन्न भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है और इसमें ऑटो कॉल रिकॉर्डिंग, कॉल ब्लैकलिस्ट, ऑडियो/वीडियो प्लेयर जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। डी1 गोल्ड में ब्लूटूथ, एमएम रेडियो, डुअल सिम, इंटरनेट भी दिया गया है। फोन में वाइब्रेटर, टॉर्च, साउंड रिकॉर्डर आदि भी हैं और फोनबुक में 500 तक कॉन्टैक्ट सेव किए जा सकते हैं। फोन की कीमत सिर्फ 999 रुपये है। फोन के बॉक्स में आपको मोबाइल, माइक्रो यूएसबी चार्जर, वारंटी कार्ड और यूजर मैनुअल मिलेगा।

डीटेल डी1 गोल्ड की डिजाइन
फोन की बॉडी घुमावदार है और पीछे की और कैमरे के दाहिनी और स्पीकर दिया गया है। इसके अलावा एक स्पीकर फ्रंट में सबसे ऊपर है। बैक में ऊपर वीजीए कैमरा है और उसके बायीं और एलईडी फ्लैश लाइट है। फोन के बैक कवर को निकालकर आप बैटरी निकाल सकते हैं और दो सिम कार्ड के साथ एक मेमोरी कार्ड इस्तेमाल कर सकते हैं। फोन हाथ में लेने पर भारी नहीं लगता है। फोन की डिस्प्ले में रंगों का मिश्रण सामान्य है जैसा कि आमतौर पर किसी फीचर में होता है। बॉडी की फिनिशिंग बेहतरीन है। की-पैड क्रिस्टल का है। फोन की डिजाइन काफी शानदार है और हाथ में लेने पर अजीब-सा नहीं लगता है।

डीटेल डी1 गोल्ड की परफॉर्मेंस और बैटरी बैकअप
डीटेल डी1 गोल्ड को हमने 10 दिनों तक इस्तेमाल किया। इस दौरान हमने फोन में फिल्में भी देखी जो कि पुराने दिनों की याद दिलाने के लिए काफी थी। की-पैड के साथ फोन को साइलेंट और पावर सेविंग मोड जैसे शॉर्टकट कीज भी दी गईं हैं। की-पैड पर शून्य को थोड़ी देर दबाकर आप पावर सेविंग मोड को ऑन कर सकते हैं। इसके अलावा हैश बटन को दबाकर फोन को साइलेंट कर सकते हैं। की-पैड में बैक लाइट भी है तो आपको अंधेरे में परेशानी नहीं होने वाली है। कीपैड पर एक गोलाकार नेविगेशन वाला बटन दिया गया है जिसकी मदद से आप अलग-अलग समय पर अलग-अलग काम ले सकते हैं। जैसे- वीडियो देखते समय वॉल्यूम कम और ज्यादा कर सकते हैं। फोन में इंटरनेट ब्राउजर भी दिया गया है। इसके आप वीडियो रिकॉर्डिंग और वॉयस रिकॉर्ड भी कर सकते हैं।

फोन में स्टोरेज बिल्कुल भी नहीं है और ऐसे में आपको सिर्फ एक ही रिंगटोन मिलता है। अगर आप रिंगटोन बदलना चाहते हैं तो आपको फोन में मेमोरी कार्ड लगाना होगा। फोन में 16 जीबी तक का मेमोरी कार्ड इस्तेमाल किया जा सकता है। फोन में आवाज या ऑडियो क्वालिटी शानदार है। इस अलावा 999 रुपये वाले इस फोन की खासियत यह है कि इसमें आप बिना हेडफोन भी एफएम रेडियो सुन सकते हैं जो कि हमें काफी पसंद आया। दिल्ली जैसे शहर में एफ रेडियो साफ-साफ सुनाई देता है, हालांकि गांव में बिना हेडफोन रेडियो सुनने में थोडी दिक्कत हो सकती है। डीटेल डी1 गोल्ड में दिया गया एलईडी टॉर्च भी संतोषजनक है। फोन की नीचे माइक्रो यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और दो हेडफोन हैं जिनमें एक 3.5 एमएम का है।
फोन में हमने दोनों सिम कार्ड स्लॉट को इस्तेमाल किया। बात करने में हमें कोई दिक्कत नहीं हुई और नेटवर्क के अचानक से चले जाने जैसी भी कोई शिकायत नहीं हुई। फोन पर कॉलिंग के दौरान आवाज साफ-साफ सुनाई देती है और हैंड्स-फ्री मोड में भी बात करना सहूलियतभरा रहा। इस फोन को इस्तेमाल करने का बाद हम यह कह सकते हैं कि अगर आप अपने दादा जी या दादा जी को भी कोई फीचर फोन देना चाहते हैं तो यह फोन दे सकते हैं। उन्हें आवाज को लेकर कोई समस्या नहीं ही होगी। वीडियो नहीं देखने पर फोन की बैटरी 3 दिन तक चलती है। वैसे तो इस फोन की डिस्प्ले 2.4 इंच की है लेकिन आप जिस तरह किसी जमाने में ऐसे ही फीचर्स फोन पर फिल्में देखते थे, वैसे ही आप आज भी देख सकते हैं। हमने 90 मिनट तक इस फोन पर वीडियो देखे, उसके बाद फोन की बैटरी खत्म हो गई है। बैटरी को फुल चार्ज करने में 2 घंटे का वक्त लगता है।

डीटेल डी1 गोल्ड की कमियां
फोन में कुछ चीजें ऐसी हैं जिन्होंने हमें काफी परेशान किया। जैसे कि आमतौर पर किसी भी फीचर फोन में एक फाइल मैनेजर होता है जिसमें आपके मेमोरी कार्ड में मौजूद सामग्री दिखती हैं लेकिन इस फोन में फाइल मैनेजर डीटेल नाम के ऐप के अंदर है जो बड़ा अजीब लगता है। डीटेल ऐप के अंदर ही इंटरनेट ब्राउजर दिया गया है जो कि आमतौर पर एक अलग से ऐप होता है। इसी ऐपर में आपको कैलकुलेटर, अलार्म, स्नैक गेम और फ्लैश लाइट का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा फोटो देखने के लिए आपको टूल नाम के ऐप में जाना होगा जो वहीं आपको ब्लूटूथ भी मिलेगा। वहीं कंपनी ने फोन मल्टिमीडिया नाम से एक ऐप दिया है जिसमें आपको वीडियो प्लेयर, वीडियो रिकॉर्डर और साउंड रिकॉर्डर का विकल्प मिलेगा। कायदे से कंपनी को इसी ऐप के अंदर म्यूजिक प्लेयर और फोटो व्यूयर ऐप देना चाहिए। म्यूजिक प्लेयर के लिए फोन में अलग से एक ऐप है।

फैसला
हमने जितना दिन को इस्तेमाल किया वह संतोषनक रहा है। फोन की कीमत भी अच्छी है। फोन का परफॉर्मेंस भी निराश करने वाला नहीं है। अगर आप किसी ऐसे फीचर फोन की तलाश में हैं जो कम कीमत और मल्टिमीडिया सपोर्ट के साथ आता है तो डीटेल डी1 गोल्ड को आप खरीद सकते हैं। यह फोन आपके लिए फुल वैसा वसूल है। अगर इस फोन को आप खरीदते हैं हमें उम्मीद है कि यह फोन आपको निराश नहीं करेगा। फोन के साथ एक साल की वारंटी भी मिल रही है।