सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

अनिल पाण्डेय, अमर उजाला, नोएडा
Tue, 19 Jun 2018 01:02 PM IST
Samsung Galaxy A6 Plus Review In Hindi
Samsung Galaxy A6 Plus

    सैमसंग ने पिछले महीने भारत में चार नए स्मार्टफोन पेश किए हैं जिनमें से एक है इनफिनिटी स्क्रीन वाला गैलेक्सी ए6+स्मार्टफोन। इस फोन की खासियत इसकी स्क्रीन है। हालांकि यह इनफिनिटी स्क्रीन सैमसंग गैलेक्सी एस8 और गैलेक्सी एस8+ में भी आ चुकी है। लेकिन इस बार खास बात यह है कि अब कंपनी ने इसे तुलनात्मक रूप से सस्ते डिवाइस यानी बजट श्रेणी के सैमसंग ए और जे सीरिज मॉडल में भी देना शुरू किया है। गैलेक्सी ए6+ के साथ ही सैमसंग ने भारत में गैलेक्सी ए6, गैलेक्सी जे6 और गैलेक्सी जे8 को भी लॉन्च किया है।

    आइए एक नजर डालते हैं सैमसंग गैलेक्सी ए6+ की सामान्य तकनीकी जानकारी पर। इस फोन में आपको मिलेगा इनफिनिटी डिस्प्ले जिसका एस्पेक्ट रेशियो 18.5:9 है। साथ में है डुअल कैमरा, फेस रिकॉग्निशन और मैटल की यूनिबॉडी। फोन को 25,990 रुपये की कीमत के साथ बाजार में पेश किया गया है। वैसे आपको बता दें कि सैमसंग ने इस फोन को नोकिया 7 प्लस से मुकाबले के लिए बाजार में उतारा है। लेकिन इस फोन को बाजार में मौजूद मोटो जेड2 और ऑनर 8 प्रो से भी टक्कर मिलेगी। आइए यह जानने की कोशिश करते हैं कि क्या इस कीमत के साथ सैमसंग गैलेक्सी ए6+ एक वैल्यू फॉन मनी प्रॉडक्ट साबित होगा।

    डिजाइन और डिस्प्ले

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ स्मार्टफोन की बॉडी मैटल से बनी हुई है, जिस वजह से इसे छूने पर आपको प्रीमियम क्वालिटी का एहसास होगा। इनफिनिटी डिस्प्ले से फोन का फ्रंट फेस काफी आकर्षक दिखता है, लेकिन यह पूरी तरह से बॉर्डर-लेस स्क्रीन नहीं है। फोन की बनावट काफी मजबूत है। यह डिवाइस काले, नीले और गोल्ड रंगों के विकल्प में खरीदने के लिए उपलब्ध है। हालांकि तीनों ही रंगों में फोन का फ्रंट फेस काले रंग में मिलेगा। लेकिन फोन का वजन थोड़ा ज्यादा लगता है। यह डिवाइस 191 ग्राम है और इसकी लंबाई इतनी है कि आप इसे एक हाथ से आसानी से उपयोग नहीं कर सकते हैं। फोन की मोटाई भी 7.9 मिलीमीटर है। यानी आप इसे पतला तो बिल्कुल भी नहीं कह सकते हैं। फोन का बैक पैनल और अधिक आकर्षक बनाया जा सकता था। टच सेंसर डुअल बैक कैमरा सेटअप के नीचे दिया गया है। इसके नीचे सैमसंग का लोगो बनाया गया है।

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    फोन का डिस्प्ले बेहद शानदार है। 6 इंच की 1080x2220 पिक्सल वाली स्क्रीन पर फुल एचडी+ वीडियो आउटपुट आपका दिल जीत लेगा। यहीं पर आपको सुपर एमोलेड स्क्रीन की खासियत दिखेगी। सैमसंग की खासियत रही है कि वह स्टेलर डिस्प्ले से समझौता नहीं करता है और गैलेक्सी ए6+ में भी आपको यह फीचर मिलेगा। 18.5:9 एस्पेक्ट रेशियो की स्क्रीन पर आपको वीडियो, फोटो और गेमिंग का शानदार अहसास मिलेगा। स्क्रीन हमेशा ऑन मोड में रहती है जिसमें आपको बैटरी का लेवल, समय, तारीख और अलर्ट तथा नोटिफिकेशंस दिखते रहेंगे।

    इस फोन का टच सेंसर काफी छोटा होने की वजह से उपयोग करने के दौरान कई बार सेंसर के बजाय कैमरे में उंगली लग जाती है। फोन में एक ही स्पीकर दिया गया है। हालांकि इसका साउंड आउटपुट काफी अच्छा है लेकिन यह फोन के दायीं ओर बनाया गया है, जिससे कई बार आपकी उंगलियां इसके ऊपर चली जाती हैं और आवाज प्रभावित होती है। फोन में प्राइमरी नैनो सिम ट्रे स्लॉट दिया गया है, जो इंडीपेंडेंट है। वहीं माइक्रोएसडी कार्ड और सेकेंडरी नैनो सिम के लिए अलग से ट्रे दी गई है। यानी आप दो सिम और एक माइक्रोएसडी कार्ड का उपयोग इस फोन में एक साथ कर सकते हैं।

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ के बॉक्स में आपको सैमसंग का चार्जर, सामान्य हेडफोन, माइक्रो यूएसबी केबल और सिम ट्रे इजेक्टर पिन मिलेगी। फोन के साथ आने वाले हेडफोन बिल्कुल भी आकर्षक नहीं हैं और न ही उनका साउंड आउटपुट अच्छा है। यही हेडफोन सैमसंग के पांच हजार रुपये से कम कीमत के स्मार्टफोन के साथ भी मिलते हैं।

    तकनीकी विशेषता

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ में 4 जीबी रैम है और इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 450 प्रोसेसर है जिसकी क्लॉक स्पीड 1.8 गीगाहर्ट्स है। यह प्रोसेसर आपको दस हजार रुपये तक की रेंज में मिलने वाले कई स्मार्टफोन में भी मिल जाएगा। 3,500 एमएएच की बैटरी है जिसे निकाला नहीं जा सकता है। वहीं फोन में 64 जीबी की स्टोरेज है जिसे माइक्रोएसडी स्लॉट के जरिये आप 256 जीबी तक बढ़ा सकते हैं। कनेक्टिविटी के लिए फोन में वाई-फाई, ब्लूटूथ, जीपीएस, ग्लोनास, 4जी वीओएलटीई और 3.5 एमएम का हेडफोन जैक दिया गया है।

    फोन में एक्सलेरोमीटर, गीरोस्कोप, हॉल सेंसर, प्रॉक्सीमिटी सेंसर, एंबिएंट लाइट सेंसर और जियोमैग्नेटिक सेंसर दिया गया है। आज के डिजिटल इंडिया दौर में फोन में एनएफसी का न होना समझ नहीं आया। और तो और माइक्रो-यूएसबी पोर्ट भी एडवांस नहीं है। जब आप फोन की बैटरी को चार्ज करते हैं या डाटा ट्रांसफर करते हैं तब आपको इसमें लगने वाला ज्यादा समय अखरता है। फोन में टर्बो चार्जर क्यों नहीं दिया गया, यह तो सैमसंग ही बता सकती है। डुअल सिम फोन है लेकिन एक समय में केवल एक ही सिम 4जी नेटवर्क को सपोर्ट कर सकती है। ऐसे में दूसरा स्लॉट 3जी नेटवर्क पर काम करेगा।

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ की परफॉर्मेंस, सॉफ्टवेयर तथा बैटरी लाइफ

    Samsung Galaxy A6 Plus
    Samsung Galaxy A6 Plus

    फोन पर इंटरनेट सर्फिंग, फेसबुक, ट्विटर तथा व्हाट्सएप का उपयोग तथा फोटो क्लिक करना काफी अच्छा अनुभव रहा। हालांकि कैमरे की शटर स्पीड आपको थोड़ी कम लग सकती है। उपयोग के दौरान फोन की सबसे अच्छी बात जो सामने आई वो यह है कि सैमसंग गैलेक्सी ए6+ 4जी कनेक्टिविटी के दौरान भी गर्म नहीं हुआ। वहीं गेमिंग के दौरान भी इसकी बॉडी गर्म नहीं हुई। फोन में गेम एक्सप्लोरर विकल्प दिया गया है, जो आपको गेम खेलने के दौरान नॉर्मल मोड और बैटरी सेविंग मोड जैसे विकल्प चुनने का मौका देता है।

    फेस रिकॉग्निशन

    आईफोन 10 के बाद कई स्मार्टफोन कंपनियों ने फेस अनलॉक सिस्टम या फेस रिकग्निशन सिस्टम देना शुरू कर दिया है। सैमसंग गैलेक्सी ए6+ में यह फीचर कम प्रकाश में और चेहरा कैमरे में पूरा न दिखने पर ठीक से काम नहीं कर पाया। यानी कम रोशनी में यह आपके चेहरे से अनलॉक होने में दिक्कत दे सकता है। फेस रिकॉग्निशन और टच सेंसर के मुकाबले पासकोड और पैटर्न से आप फोन को जल्दी खोल सकते हैं।

    फोन में एंड्रॉयड 8.0 ओरियो ऑपरेटिंग सिस्टम है जिसे सैमसंग ने एक्सपीरियंस 9.0 कस्टम स्किन से टॉप किया है। फोन में माइक्रोसॉफ्ट के एप्लीकेशन भी प्री-इंस्टॉल हैं, जिन्हें आप अनइंस्टॉल नहीं कर सकते हैं।

    सैमसंग ने इस फोन में मैकऐफी पॉवर्ड एंटी वायरस ऐप तथा अल्ट्रा डाटा सेविंग मोड दिया है। आप फोन में अपने डाटा को मेमोरी कार्ड में ट्रांसफर कर सकते हैं और डुप्लीकेट इमेज को डिलीट कर सकते हैं। वहीं उपयोग में न आने वाले एप्लीकेशंस को कंप्रेस कर सकते हैं और एपीके फाइल्स को डिलीट भी कर सकते हैं।

    नया फीचर

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ में एक नया फीचर चैट ओवर वीडियो दिया है। इसकी खासियत है कि आप वीडियो देखते हुए भी एक ही स्क्रीन पर व्हॉट्सऐप या मैसेजिंग ऐप पर चैटिंग भी कर सकते हैं। यानि आपकी स्क्रीन में एक पार्टिशन आ जाता है जिससे आप आधे में वीडियो देख सकते हैं और आधे में चैटिंग कर सकते हैं। सैमसंग का दावा है कि यह फीचर उसकी भारतीय रिसर्च एंड डवलपमेंट टीम ने तैयार किया है। सैमसंग पे मिनी से आप मोबाइल के जरिए ही ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। वहीं दो पहिया वाहन चलाने वालों के लिए एस-बाइक मोड दिया गया है। इस टूल को दो पहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर भारत में ही डिजाइन किया गया था। फोन की बैटरी लाइफ काफी बेहतर है। एक बार फुल चार्ज होने पर इसकी बैटरी लगभग साढ़े बारह घंटे तक बैकअप देती है। हालांकि फोन की धीमी चार्जिंग आपको परेशान कर सकती है। लगभग डेढ़ घंटे में इस फोन की बैटरी 50 प्रतिशत चार्ज होती है। 100 चार्ज होने में ढाई घंटे से ज्यादा का समय लग जाता है।

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का कैमरा

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। प्राइमरी रियर कैमरा 16-मेगापिक्सल है और सेकेंडरी 5-मेगापिक्सल का। वहीं फ्रंट कैमरा 24-मेगापिक्सल का है। खास बात यह है कि फ्रंट और रियर दोनों ही तरफ सिंगल एलईडी फ्लैश लाइट दी गई है। कैमरा ऐप के जरिए आप नाइट, स्पोर्ट्स और पैनारमा मोड में तस्वीरें क्लिक कर सकते हैं। आप कैमरे की मीटरिंग, एक्सपोजर, आईएसओ और व्हाइट बैलेंस को भी अपनी सुविधानुसार बदल सकते हैं। कैमरे का फोकस सेट होने में थोड़ा सा वक्त जरूर लेता है लेकिन इसकी तस्वीरों की डायनैमिक रेंज काफी अच्छी रही है। आप इसके फ्रंट और बैक दोनों ही कैमरों से 1080 पिक्सल क्वालिटी के वीडियो बना सकते हैं। हालांकि फोकस शिफ्ट करने के दौरान क्वालिटी प्रभावित होती है।

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में
    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    फ्रंट कैमरे के से बैकग्राउड ब्लर इफेक्ट के साथ ली गई फोटो

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    ए6 प्लस से कमरे के अंदर ली गई सेल्फी

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    रात में फ्लैश लाइट के साथ ली गई फोटो

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    सामान्य रौशनी में ली गई फोटो

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    4एक्स जूम के साथ ली गई फोटो

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ का रिव्यू: कितना दम है सैमसंग के इस डुअल रियर कैमरे वाले फोन में

    खरीदना चाहिए या नहीं

    सैमसंग गैलेक्सी ए6+ में स्टेलर डिस्प्ले है, स्क्रीन अच्छी है। बैटरी लाइफ और फोन की बनावट भी काफी अच्छी है। इस फोन को आप ई-कॉमर्स वेबसाइट के साथ ही साथ ऑफलाइन रिटेल स्टोर से भी खरीद सकते हैं। फेस रिकग्निशन संतोषजनक है। फोन का वजन ज्यादा है और लो-लाइट में कैमरा भी मनचाहा आउटपुट नहीं देता है। ऐसे में फोन की कीमत 25,990 ज्यादा लगती है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें