CES 2019 : लांच हुआ स्मार्ट मिरर, बिना बाल कटवाए ट्राई कर सकेंगे नया हेयर स्टाइल

यदि आप भी अपने हेयर स्टाइल को लेकर कंफ्यूज हैं तो आपके लिए एक स्मार्ट आइना लांच हो गया है जो आपको बताएगा कि कौन-सा हेयर स्टाइल आपके ऊपर अच्छा लगेगा। लास वेगास में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो CES 2019 में एक ऐसा ही आइना लांच हुआ है जिसमें आप अपने हेयर स्टाइल को देख सकते हैं।
CES 2019 में लांच हुए इस मिरर को CareOS नाम की कंपनी ने पेश किया है जिसकी मदद से आप बिना बाल कटवाए अलग-अलग हेयर स्टाइल ट्राई कर सकते हैं। साथ ही अपने बालों को वर्चुअली कलर भी कर सकते हैं।
दरअसल यह स्मार्ट मिरर गेस्चर इंटरफेस के साथ आता है जिसकी मदद से आप इसके सामने खड़े होकर अपने हेयर स्टाइल के बारे में पता कर सकते हैं। इसमें आप नए हेयर स्टाइल के साथ खुद का वीडियो भी रिकॉर्ड कर सकते हैं।
इसकी खास बात यह है कि यह मिरर आपकी मुवमेंट को भी कैप्चर करता है यानि आप अपने सिर को हिलाकर भी हेयर स्टाइल ट्राई कर सकते हैं। इस मिरर में गूगल असिस्टेंट का भी सपोर्ट दिया गया है। बता दें कि लास वेगास में आयोजित हुआ यह कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो CES 2019 8 जनवरी को शुरू हुआ है और 12 जनवरी तक चलेगा। इसमें सोनी, आसुस, सैमसंग जैसी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।