भारत में शुरू हुआ Apple iPhone 11 का निर्माण, अब कुल छह मॉडल मेड इन इंडिया

एपल के आईफोन के भारत में निर्माण को लेकर काफी सालों से चर्चा हो रही है। आईफोन के कई सारे मॉडल भारत में बन भी रहे हैं जिनका निर्माण फॉक्सकॉन और विस्ट्रोन कॉर्प कर रही हैं, हालांकि अभी तक भारत में iPhone 11 का निर्माण नहीं हो रहा था, लेकिन अब कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (वाणिज्य और उद्योग) मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि iPhone 11 का निर्माण जल्द ही भारत में शुरू होगा।
पीयूष गोयल ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'मेक इन इंडिया को महत्वपूर्ण बढ़ावा! Apple ने भारत में iPhone 11 का निर्माण शुरू कर दिया है।' वहीं संचार, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी और विधि एवं न्याय के कैबिनेट मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी ट्वीट किया है कि यह एक शुरुआत है। 2020 में iPhone 11, 2019 में iPhone 7 और XR, 2018 में iPhone 6S और 2017 में iPhone SE का निर्माण भारत में शुरू हुआ है।
ये भी पढ़ें: भारत आ रही है iPhone बनाने वाली एक और कंपनी, iPhone SE का करेगी निर्माण
एपल के इस फैसले से कंपनी 20 फीसदी तक आयात शुल्क बचा सकेगी। बता दें ठीक नौ महीने पहले कंपनी ने भारत में iPhone XR असेंबल करने का फैसला लिया था। भारत में एपल के आईफोन का निर्माण पहले से फॉक्सकॉन तमिलनाडु के प्लांट में कर रही है और अपने प्लांट को और विस्तार देने के लिए कंपनी ने हाल ही में भारत में एक बिलियन डॉलर्स यानी करीब 7,500 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है।
फॉक्सकॉन के बाद पेगाट्रोन भारत आने को तैयार
फॉक्सकॉन के बाद अब पेगाट्रोन (Pegatron Corp) भारत में अपना प्लांट लगाने के लिए तैयार है। पेगाट्रोन एपल के आईफोन का निर्माण करती है। इस साल के अंत तक अपने प्लांट के लिए भारत में निवेश की घोषणा कर सकती है। फॉक्सकॉन की तरह पेगाट्रोन भी ताइवान की कंपनी है। पेगाट्रोन के आने के बाद भारत में तीन कंपनियां एपल के आईफोन का निर्माण करेंगी जिनमें तीसरा नाम Wistron Corp का है। आपको बता दें कि पेगाट्रोन दूसरी सबसे बड़ी आईफोन असेंबलर कंपनी है।