जियो को करारा जवाब देगा Airtel, ला रहा है 2,500 रुपये में 4G फोन

जियो फोन लॉन्च होने के बाद से टेलीकॉम इंडस्ट्री में तहलका मचा हुआ है। जियो ने जहां 1,500 रुपये सिक्योरिटी मनी के साथ 4जी फीचर फोन लॉन्च किया, वहीं अन्य कंपनियां कम कीमत में 4जी स्मार्टफोन लाने की तैयारी कर रही हैं। इसी कड़ी में खबर है कि एयरटेल 2,500 रुपये में 4जी स्मार्टफोन लाने की तैयारी कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरटेल दीवाली यानी अक्टूबर महीने तक 4जी स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है जिसकी कीमत 2,500 रुपये होगी। इसके लिए एयरटेल घरेलू मोबाइल निर्माता कंपनी लावा और कार्बन से बातचीत भी कर रहा है।
ये भी पढ़ेंः वोडाफोन और एयरटेल के इन प्लान्स के आगे जियो को भूल जाएंगे आप
बड़ी बात यह है कि एयरटेल भी जियो की तरह फोन को डाटा पैक और फ्री वॉयस कॉलिंग के साथ पेश कर सकता है। बता दें कि इससे पहले आइडिया ने भी कहा था कि वह 2,500 रुपये में 4जी स्मार्टफोन लॉन्च करने की प्लानिंग कर रहा है। फोन को अगले एक-दो महीनों में बाजार में उतार दिया जाएगा।
गौरतलब है कि रिलायंस ने हाल ही में 4जी फीचर फोन लॉन्च किया है जिसकी बीटा टेस्टिंग चल रही है। वहीं फोन की बुकिंग 24 अगस्त से शुरू होगी और सितंबर से जियो फोन की डिलीवरी पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगी। फोन के साथ 1,500 रुपये सिक्योरिटी मनी के रूप में लिया जाएगा जिसे 3 साल बाद फोन को वापस करके लिया जा सकता है।