रिलायंस जियो के बाद Idea ला रहा है 2,500 रुपये वाला 4G स्मार्टफोन

रिलायंस जियो के जियो 4जी फीचर फोन के बाद अब आइडिया सेल्युलर भी सस्ता फोन लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी कई हैंडसेट मेकर कंपनियों के साथ सस्ते फोन के लिए बात कर रही है। हालांकि आइडिया ने साफ-साफ किया है कि यह फोन जियो जैसा सब्सिडी वाला नहीं होगा। बता दें कि आइडिया का विलय वोडाफोन में होने वाला है।
आइडिया के स्मार्टफोन की कीमत होगी 2,500 रुपये

आइडिया के प्रबंध निदेशक हिमांशु कपानिया ने एक बयान में कहा कि कंपनी सस्ते मोबाइल फोन बाजार में उतारने के लिए काम कर रही है। फोन की कीमत 2,500 रुपये होगी। उन्होंने आगे कहा कि फोन डुअल सिम होगा ताकि ग्राहक दूसरी कंपनियों के भी सिम कार्ड यूज कर सकें।
बता दें कि हाल ही में 21 जुलाई को रिलायंस ने जियो 4जी फोचर फोन लॉन्च किया है जिसे 1,500 रुपये सिक्योरिटी के साथ खरीदा जा सकता है। फोन खरीदने के 3 साल बाद फोन को वापस करके 1,500 रुपये लिए जा सकेंगे। जियो फोन लॉन्चिंग के साथ ही खबर थी कि अन्य टेलीकॉम कंपनियां भी सस्ता फोन बाजार में उतारेंगी।