ब्लैकबेरी की भारत में 25-45 हजार के स्मार्टफोन बाजार पर नजर

ब्लैकबेरी फोन बनाने वाली ऑप्टिमस इंफ्राकॉम को 25,000-45,000 रुपये की स्मार्टफोन कैटेगरी में इस वर्ष के अंत तक 10-12 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल होने की उम्मीद है। ऑप्टिमस भारत के लिये ब्लैकबेरी के फोन बनाती है।
ऑप्टिमस ब्लैकबेरी के लिये विभिन्न कीमत दायरों में नये फोन पेश करने पर काम कर रहा है। ब्लैकबेरी सैमसंग, शिओमी और अन्य प्रतिद्वंदी कंपनियों से पिछड़ गया है। वर्तमान में ब्लैकबेरी की बाजार में हिस्सेदारी ना के बराबर है।
ऑप्टिमस इंफ्राकॉम के कार्यकारी निदेशक हरदीप सिंह ने पीटीआई-भाषा से कहा, "हम पिछले दो महीनों में तीन स्मार्टफोन पेश कर चुके हैं और नये उत्पाद लाने की तैयारी जोरों पर है। हम 25,000 से 45,000 रुपये तक के स्मार्टफोन बाजार में 10-12 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने की उम्मीद करते हैं।"
उन्होंने कहा कि कंपनी ने युवाओं को ध्यान में रखते हुये भारत में अपने नये स्मार्टफोन एक्सप्लोर और एक्सप्लोर एक्स को डिजाइन किया है। कंपनी ने दो नये स्मार्टफोन ब्लैकबेरी इवॉल्व और ब्लैकबेरी इवॉल्व एक्स भी पेश किया है। बिक्री के लिये फोन क्रमश: अगस्त अंत और सिंतबर मध्य में उपलब्ध होगा।
इवॉल्व और इवॉल्व एक्स की कीमत क्रमश: 24,990 रुपये और 34,990 रुपये है। स्मार्टफोन में 30,000 रुपये और इससे अधिक को प्रीमियम श्रेणी का फोन माना जाता है। जून में समाप्त तिमाही में इसका बाजार 19 प्रतिशत बढ़ा है।