पहलवानी में सुशील पर भारी पड़े योगेश्वर, सबसे महंगे बिके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत में पहली बार हो रही प्रो कुश्ती लीग की नीलामी में उम्मीद के मुताबिक सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त हॉट फेवरिट निकले। मंगलवार को छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच इन दोनों पहलवानों को लेने की कड़ी होड़ हुई। बाजी उत्तर प्रदेश और हरियाणा की फ्रेंचाइची टीमों के हाथ लगी।
दिलचस्प यह रहा कि अपनी माटी से जुड़े पहलवानों पर जोर देने की रणनीति के तहत हरियाणा ने योगेश्वर के लिए पोटली का मुंह खोल दिया और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त सबसे महंगे साबित हुए।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन सुशील कुमार को जहां उत्तर प्रदेश ने 38.20 लाख रुपये में खरीदा वहीं हरियाणा ने योगेश्वर के लिए 39 लाख 70 हजार की सर्वाधिक कीमत लगा दी। छह आइकन खिलाड़ियों में शामिल सुशील और योगेश्वर का बेस प्राइज 33 लाख रुपये था।
गीता फोगट को बेस प्राइज पर पंजाब ने खरीदा
लीग का आयोजन आगामी दस से 27 दिसंबर तक होगा और मुकाबले सभी फ्रेंचाइजी टीमों के बेस पर होंगे। नीलामी में 50 से ज्यादा पहलवानों ने हिस्सा लिया। छह टीमों के पास नौ खिलाड़ियों की बोली के लिए दो करोड़ रुपये की राशि का पर्स था।
हरियाणा ने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता अमित दहिया को भी शामिल किया है। हाल ही में देश को 74 किग्रा भारवर्ग में ओलंपिक कोटा दिलाने वाले नरसिंह यादव और बजरंग को बंगलूरू टीम ने खरीदा है।
महिला वर्ग में गीता फोगट को पंजाब टीम ने, अमेरिका की एडलिन ग्रे को मुंबई ने 37 लाख में खरीदा है। स्वीडन की सोफिया मैटसन दिल्ली की टीम में शामिल हुई हैं। गीता और सोफिया को 33 लाख रुपये के बेसप्राइज पर ही खरीदा गया।
धमेंद्र जुड़े हैं पंजाब टीम से
अन्य लीगों की तरह प्रो कुश्ती लीग में बॉलीवुड कनेक्शन है। पंजाब दे पुत्तर धमेंद्र अपनी इसी टीम का सहस्वामित्व रखते हैं। नीलामी के दौरान पूरे समय धमेंद्र टीम टेबल पर विचार-विमर्श में शामिल रहे। बाद में उन्होंने कहा कि मैं बचपन से कुश्ती का शौकीन रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि यह लीग कुश्ती की लोकप्रियता में और चार चांद लगाएगी।
हर टीम में पांच भारतीय
छह फ्रेंचाइजी टीमों में नौ खिलाड़ी होंगे जिसमें पांच पुरुष और चार महिला पहलवान शामिल होंगे। एक टीम में ज्यादा से ज्यादा पांच भारतीय खिलाड़ी हो सकते हैं।
कौन-कौन हैं आइकन खिलाड़ी
सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त, नरसिंह यादव, गीता फोगट, एडलिन ग्रे (अमेरिका), सोफिया मैटसन (स्वीडन)
कुल टीमें : 06
प्राइज कैप : 02 करोड़ रुपये
लीग की इनामी राशि : तीन करोड़ रुपये
लीग का आयोजन : 10-27 दिसंबर तक
किसको कितना मिला
नाम ---------- टीम ---------- दाम
योगेश्वर दत्त ---------- हरियाणा ---------- 39.70
सुशील कुमार ---------- उत्तर प्रदेश ---------- 38.20
नरसिंह यादव ---------- बंगलूरू ---------- 34.50
अमित दहिया ---------- हरियाणा ---------- 30.10
बजरंग ---------- बंगलूरू ---------- 29.50