'बर्थडे ब्वॉय' शिखर धवन के बाद कप्तान कोहली ने भी खोया आपा
दिल्ली टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की पकड़ मजबूत दिख रही है। टेस्ट सीरीज में 2-0 से आगे चल रही टीम इंडिया इस वक्त शांत दिखनी चाहिए लेकिन यहां तो कुछ और ही दिखा।
वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बाद मैदान में कूल रहने वाले शिखर धवन गुस्से में दिखे। 5 दिसंबर को उनका जन्मदिन भी आता है और अपने जन्मदिन पर शिखर धवन साथी क्रिकेटर लोकेश राहुल पर गुस्सा निकालते हुए दिखे।
दरअसल, मामला धवन और टीम के अतिरिक्त खिलाड़ी लोकेश राहुल के बीच का है। हुआ यूं कि शनिवार को मैच के तीसरे दिन लंच से पहले धवन ने ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करते हुए कुछ मंगाया। अतिरिक्त खिलाड़ी लोकेश समय रहते मैदान में नहीं पहुंच सके। बस धवन नाराज हो गए।
पहले तो धवन ने लेटलतीफी पर मैदान में ही ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की, फिर जब लोकेश मैदान में उनके लिए ड्रिंक्स लेकर पहुंचे तो धवन ने लोकेश को कुछ कह दिया। लोकेश बेचारे चुप-चाप उन्हें सुनते रहे। इस बीच लोकेश ने धवन को खाने के लिए केला छिलकर भी दिया लेकिन धवन लोकेश को इग्नोर करते हुए वहां से निकलकर वापस क्रीज की ओर लौट गए।
दूसरा मामला विराट कोहली का है, वैसे कोहली का गुस्सा जगजाहिर है, लेकिन इस बार उनका गुस्सा अंपायर पर निकला।
इसलिए आया कोहली को गुस्सा
शिखर धवन (21) और चेतेश्वर पुजारा (28) के सस्ते में आउट होने के बाद अजिंक्य रहाण के साथ बल्लेबाजी करने कप्तान विराट कोहली पहुंचे।
टीम का स्कोर 58 रन पर 4 विकेट था। 34वें ओवर की पहली गेंद पर फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर की गेंद कोहली के बैक को छूकर विकेटकीपर के हाथों में चिपक गई। अंपायर ने अपील के बाद कैच आउट करार दिया।
कोहली गुस्से से लाल हो गए। उन्होंने अंपायर के फैसले का विरोध किया और चिल्लाते हुए क्रीज छोड़कर वापस जाने लगे। इसी बीच एक चमत्कार हुआ, अंपायर ने कोहली की नाराजगी को भांपकर उन्हें रोक दिया और रिव्यू दे दिया। गेंद नॉ बॉल थी और कोहली बाल-बाल बच गए।