फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   US Open 2022: iga swiatek ons jabeur will play the final of the US Open for the first time, the title match on

US Open 2022: पहली बार यूएस ओपन का फाइनल खेलेंगी स्वियातेक और जेबुअर, रविवार को खिताबी मुकाबला

Fri, 09 Sep 2022 10:59 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 09 Sep 2022 10:59 PM IST
सार

स्वियातेक ने बेलारूस की छठवीं वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका को तीन सेटों के संघर्ष में 2 घंटे 11 मिनट में 3-6, 6-1, 6-4 से हराया। फाइनल में पहुंचते ही ओंस जेबुअर सोमवार को जारी होने वाली डब्ल्यूटीए की रैंकिंग में पांचवें नंबर से विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी बन जाएंगी।

विज्ञापन
US Open 2022: iga swiatek ons jabeur will play the final of the US Open for the first time, the title match on
इगा स्वियातेक और ओंस जेबुअर - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

ट्यूनीशिया की ओंस जेबुअर और पोलैंड की इगा स्वियातेक पहली बार यूएस ओपन के फाइनल में पहुंची हैं। जेबुअर का यह लगातार दूसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल है तो स्वियातेक कॅरिअर का तीसरा ग्रैंडस्लैम फाइनल खेलेंगी। ओंस दो महीने पहले विंबलडन के फाइनल में पहुंची थीं। ओंस विंबलडन और यूएस ओपन के लगातार फाइनल में पहुंचने वाली सेरेना विलियम्स के बाद दूसरी खिलाड़ी बनी हैं। सेरेना 2019 में विंबलडन और यूएस ओपन के फाइनल में पहुंची थीं। 
विज्ञापन


वहीं, स्वियातेक ने बेलारूस की छठवीं वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका को तीन सेटों के संघर्ष में 2 घंटे 11 मिनट में 3-6, 6-1, 6-4 से हराया। फाइनल में पहुंचते ही ओंस जेबुअर सोमवार को जारी होने वाली डब्ल्यूटीए की रैंकिंग में पांचवें नंबर से विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी बन जाएंगी। वहीं फाइनल का परिणाम कुछ भी रहे, लेकिन इगा अपना नंबर वन का ताज बचाए रखेंगी।
विज्ञापन


बिना ब्रेक प्वाइंट गंवाए जीतीं ओंस
सेमीफाइनल में पांचवीं वरीयता प्राप्त जेबुअर ने बृहस्पतिवार रात को फ्रांस की कैरोलिन गार्शिया को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से हराया। सबसे बड़ी बात यह रही कि जेबुअर ने एक भी ब्रेक प्वाइंट नहीं गंवाया। यह पूरे सीजन (57वां मैच) में उनका पहला मैच था, जब उन्हें ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा। 
विज्ञापन
विज्ञापन


जेबुअर ने अपना मैच मात्र 66 मिनट में जीत लिया। मैच के बाद जेबुअर ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो आज वास्तविकता लग रही है कि मैं लगातार दूसरी बार ग्रैंडस्लैम के फाइनल में हूं, क्योंकि विंबलडन में तो मैं सपने को जी रही थी। 17वें नंबर की गार्शिया ने 18 वर्षीय अमेरिका की कोको गॉफ को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। ओंस ने उनकी लगतार 13 जीत के सिलसिले पर रोक लगा दी।  

पहला सेट गंवाने के बाद स्वियातेक ने की जबरदस्त वापसी
फ्रेंच ओपन चैंपियन इगा स्वियातेक ने यूएस ओपन का लगातार दूसरा सेमीफाइनल खेल रहीं 24 वर्षीय आर्यना सबालेंका ने पहला सेट 6-3 से जीत लिया। पिछड़ने के बाद 21 वर्षीय स्वियातेक ने जबरदस्त वापसी की और दूसरा सेट 6-1 से अपने नाम किया। तीसरे सेट में दोनों ही खिलाड़ियों ने संघर्ष किया। 

सबालेंका ने 4-2 की बढ़त बना ली थी लेकिन स्वियातेक ने आत्मविश्वास नहीं खोया और लगातार चार गेम 17 मिनट में जीतते हुए पहली बार यूएस ओपन के फाइनल में प्रवेश किया।। 2020 और 2022 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वालीं स्वियातेक इससे पहले यूएस ओपन के चौथे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थीं। सबालेंका तीसरी बार ग्रैंडस्लैम का सेमीफाइनल हारी हैं। वह 2021 में विंबलडन और 2021 व 2022 के यूएस ओपन के अंतिम चार तक पहुंची थीं।

...तो एंजलिक की बराबरी कर लेंगी स्वियातेक
स्वियातेक इस वर्ष 37 मैच और छह टूर्नामेंट जीत चुकी हैं। स्वियातेक यदि यह खिताब जीतती हैं तो एंजलकि कर्बर के बाद दूसरी खिलाड़ी होंगी, जिन्होंने एक ही सत्र में दो ग्रैंडस्लैम ट्रॉफी जीती हैं।

फाइनल में पहुंचने वालीं पहली अफ्रीकी और अरब महिला बनीं जेबुअर
विंबलडन उपविजेता 28 वर्षीय ओंस जेबुअर यूएस ओपन के प्रोफेशनल युग 1968 के बाद अफ्रीका और अरब देशों की पहली महिला हैं, जिन्होंने यूएस ओपन के फाइनल में जगह बनाई है। ऐसा ही इतिहास उन्होंने विंबलडन में बनाया था। वह विंबलडन के फाइनल में कजाखस्तान की एलीना रिबाकिना से हार गई थीं। जेबुअर ने कहा, विंबलडन के बाद मेरे ऊपर काफी दबाव था। इस जीत से काफी राहत महसूस कर रही हूं। 

जेबुअर का इस सत्र का यह छठवां सेमीफाइनल है, जिसमें उन्होंने लगातार जीत दर्ज की है। 2021 से उनकी कुल 92वीं जीत है। क्वार्टर फाइनल में जेबुअर ने सेरेना विलियम्स को हराने वालीं अजला तोमजानोविच को शिकस्त दी थी। इतना ही नहीं 2020 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली ओंस अरब देशों की पहली महिला खिलाड़ी बनी थीं। वह अरब देशों की पहली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने शीर्ष दस में जगह बनाई है।


ओंस और स्वियातेक में है बराबरी की टक्कर
ओंस जेबुअर और इगा स्वियातेक अब तक चार बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इनमें दोनों खिलाड़ी एक दूसरे को दो-दो बार हरा चुकी हैं। इगा ने 2019 में वाशिंगटन डीसी में जेबुअर को हराया था। इसके बाद जेबुअर ने 2021 में विंबलडन के प्री क्वार्टर फाइनल और सिनसिनाटी ओपन में हराया था। इसके बाद स्वियातेक ने इस वर्ष रोम में ओंस को शिकस्त दी। सर्विस, रिटर्न, डिफेंस के मामले में भी दोनों खिलाड़ियों में लगभग बराबर की टक्कर है। 

फाइनल तक का सफर

ओंस जेबुअर
  • पहले दौर में मैडिसन ब्रेंगल को 7-5, 6-2 से हराया। 
  • दूसरे दौर में एजिलाबेथ मांडलिक को 7-6, 6-2 से हराया।
  • तीसरे दौर में शेबली रोजर्स को 4-6, 6-4-, 6-3 से शिकस्त दी।
  • चौथे दौर में वेरोनिका कुदरमेतोवा को 7-6, 6-4 से हराया।
  • क्वार्टर फाइनल में अजला तोमजानोविच को 6-4, 7-6 से हराया।
  • सेमीफाइनल में कैरोलिन गार्शिया को 6-1, 6-3 से हराया।

इगा स्वियातेक
  • पहले दौर में जैस्मिन पाओलिनी को 6-3, 6-0 से हराया।
  • दूसरे दौर में स्लोएन स्टीफेंस को 6-3, 6-2 पराजित किया।
  • तीसरे दौर में लॉरेन डेविस को 6-3, 6-4 से मात दी।
  • चौथे दौर में जूली नीमिअर को 2-6, 6-4, 6-0 से शिकस्त दी।
  • अंतिम-8 में जेसिका पेगुला को 6-3, 7-6 से हराया।
  • सेमीफाइनल में आर्यना सबालेंका को 3-6, 6-1, 6-4 से हराया।

इनके बीच होंगे पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल
पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले स्पेन के कार्लोस अल्कारेज और अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो और नॉर्वे के कैस्पर रूड और रूस के करेन खचानोव के बीच होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed