Hockey Asia Cup: 'मैं खुश हूं', मलयेशिया के खिलाफ भारत की जीत से गदगद हुए कोच फुल्टन, खेल में सुधार की बात कही
मैच के बाद फुल्टन ने कहा, 'टीम ने अच्छा खेल दिखाया और सही दिशा में काम कर रही है। कभी-कभी परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आते, लेकिन आज खिलाड़ियों का संयम और वापसी काबिले-तारीफ रही।'
विस्तार
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप के सुपर-4 चरण में मलयेशिया को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की, लेकिन मुख्य कोच क्रेग फुल्टन का मानना है कि टीम अभी अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर तक नहीं पहुंची है। कोरिया के खिलाफ निराशाजनक 2-2 ड्रॉ के बाद भारतीय टीम ने गुरुवार को मलेशिया के खिलाफ खेल के हर विभाग में दमदार प्रदर्शन किया और अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
'सही दिशा में काम कर रही टीम'
मैच के बाद फुल्टन ने कहा, 'टीम ने अच्छा खेल दिखाया और सही दिशा में काम कर रही है। कभी-कभी परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आते, लेकिन आज खिलाड़ियों का संयम और वापसी काबिले-तारीफ रही। हमने पहला गोल गंवाया, लेकिन उसके बाद शानदार जवाब दिया।' उन्होंने आगे कहा कि अभी टीम को और सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'हम उस स्तर पर नहीं पहुंचे हैं, जहां हमें होना चाहिए। जब हम वहां पहुंचेंगे, तब यह और भी शानदार होगा।'
कोच ने भारत के संतुलित प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि डिफेंस, प्रेसिंग और काउंटर-अटैक में टीम ने अच्छा तालमेल दिखाया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कोरिया के खिलाफ मैच में गोल करने के मौकों को भुनाने में कमी रह गई थी, लेकिन मलयेशिया के खिलाफ खिलाड़ियों ने सही लय पकड़ी। फुल्टन ने साफ कहा कि अब टूर्नामेंट के निर्णायक मुकाबले बाकी हैं और हर मैच में जीत जरूरी है। उन्होंने आगे कहा, 'टूर्नामेंट के इस चरण में या तो आप जीतते हैं या बाहर हो जाते हैं। कल ड्रॉ से हमें एक लाइफलाइन मिली थी, लेकिन अब हमारा लक्ष्य अगले दोनों मैच जीतना है।' भारत शनिवार को अपने अंतिम सुपर-4 मैच में चीन से भिड़ेगा।