फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi

CWG 2022: चौथे दिन सुशीला ने रजत और विजय-हरजिंदर ने कांस्य जीता, बैडमिंटन और टेबल टेनिस में भी पदक पक्का

Tue, 02 Aug 2022 05:03 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम Published by: स्वप्निल शशांक Updated Tue, 02 Aug 2022 05:03 AM IST
सार

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या नौ हो गई है। भारत ने अब तक तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य जीते हैं। भारत के लिए तीनों स्वर्ण वेटलिफ्टर्स ने जीता। इनमें मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा और अचिंता शेउली शामिल हैं।

विज्ञापन
Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का चौथा दिन - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने चौथे दिन (सोमवार) तीन पदक अपने नाम किए। जूडो में सुशीला देवी ने रजत पदक जीता। वहीं, जूडो में ही पुरुषों में विजय यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके बाद वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता। इस तरह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या नौ हो गई है। भारत ने अब तक तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य जीते हैं। 
विज्ञापन

इसके अलावा भारतीय मिक्स्ड (पुरुष और महिला मिलाकर) बैडमिंटन टीम सेमीफाइनल में सिंगापुर को 3-0 से हराकर फाइनल में पहुंच गई है, जहां मंगलवार को स्वर्ण पदक के लिए उनका मैच मलेशिया से होगा। बैडमिंटन टीम ने भारत के लिए एक पदक पक्का कर लिया है। वहीं, टेबल टेनिस में पुरुष टीम फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय मेन्स टेबल टेनिस टीम ने सेमीफाइनल में नाइजीरिया को 3-0 से हरा दिया। अब स्वर्ण के लिए उनका सामना सिंगापुर से होगा। यानी बैडमिंटन के बाद टेबल टेनिस टीम ने भी कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पहले जान लें कि चौथे दिन भारत का प्रदर्शन कैसा रहा

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
सुशीला देवी और विजय यादव - फोटो : सोशल मीडिया
  • सुशीला देवी ने जूडो में रजत पदक जीता।
  • विजय यादव ने जूडो में कांस्य पदक जीता।
  • हरजिंदर कौर ने वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीता।
  • बैडमिंटन टीम फाइनल में पहुंची।
  • पुरुष टेबल टेनिस टीम फाइनल में पहुंची।
  • लॉन बॉल में महिला टीम फाइनल में पहुंची।
  • सुचिका तरियाल कांस्य पदक के मैच में हारीं।
  • जसलीन सिंह कांस्य पदक के मुकाबले में हारे।
  • पुरुष हॉकी में भारत ने इंग्लैंड से 4-4 का ड्रॉ खेला।
  • स्क्वैश में सौरव घोषाल सेमीफाइनल में पहुंचे।
  • साइकिलिंग: रोनाल्डो सिंह 12वें स्थान पर रहे।
  • जिम्नास्ट प्रणति पांचवें स्थान पर रहीं।
  • जोशना चिनप्पा को क्वार्टर फाइनल में मिली हार।
  • सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाए साजन प्रकाश।
  • बॉक्सिंग में मोहम्मद हसमुद्दीन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
  • बॉक्सर अमित पंघाल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
  • वेटलिफ्टर अजय सिंह नहीं जीत सके पदक।
  • स्विमिंग में श्रीहरि नटराज फाइनल में 5वें स्थान पर रहे।
विज्ञापन

जूडो में सुशीला देवी ने रजत पदक जीता

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
सुशीला देवी - फोटो : सोशल मीडिया
जूडो में सुशीला देवी ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में सुशीला को दक्षिण अफ्रीका की मिकेला व्हीटबोई ने आर्म लॉक के जरिए फंसा लिया और नीचे गिरा दिया। इसके बाद कुछ देर तक सुशीला मैट पर ही लॉक छुड़ाने की कोशिश करती रहीं। ऐसे में रेफरी ने दक्षिण अफ्रीका की व्हीटबोई को विजेता घोषित किया। मिकेला ने वाजे-आरी से मैच अपने नाम किया।

यह राष्ट्रमंडल खेलों में सुशीला का दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक हासिल किया था। सुशीला 2019 साउथ एशियन गेम्स में 48 किलोग्राम भारवर्ग में ही स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 

सुशीला का बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में सफर शानदार रहा। पहले मैच (क्वार्टर फाइनल) में सुशीला ने मलावी की हैरियेट बोनफेस को हराया था। वहीं, सेमीफाइनल में सुशीला ने मॉरिशस की प्रिसिल्ला मोरांद को हराया था।

जुडोका विजय यादव ने जीता कांस्य

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
विजय यादव - फोटो : अमर उजाला
जुडोका विजय यादव ने पुरुषों के 60 किलोग्राम भारवर्ग में साइप्रस के पेट्रोस क्रिसटोडूलाइड्स को कांस्य पदक के मैच में हरा दिया। विजय ने पेट्रोस को 'इपपोन' से हराया। जूडो में तीन तरह से स्कोरिंग होती है। इसे इपपोन, वजा-आरी और यूको कहते हैं। इपपोन तब होता है, जब खिलाड़ी सामने वाले खिलाड़ी को थ्रो करता है और उसे उठने नहीं देता। इपपोन होने पर एक फुल पॉइंट दिया जाता है और खिलाड़ी जीत जाता है। विजय ने इसी तरह से जीत हासिल की। जूडो के खिलाड़ियों को 'जुडोका' कहते हैं। 

विजय का सफर इन राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार रहा है। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मॉरिशस के विंसले गंगाया को हराया था। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में विजय को हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज ने हराया। इसके बाद रेपचेज राउंड के जरिए विजय ने कांस्य पदक के मैच में जगह बनाई।रेपचेज के पहले मुकाबले में विजय ने स्कॉटलैंड के डिलन मुनरो को हराया और फिर साइप्रस के पेट्रोस को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

वेटलिफ्टिंग: हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
हरजिंदर कौर - फोटो : अमर उजाला
हरजिंदर कौर ने 71 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने कुल 212 किलोग्राम वजन उठाकर देश को नौवां पदक दिलाया है। इस मुकाबले में हरजिंदर ने स्नैच में 93 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 119 किलोग्राम भार उठाया। इंग्लैंड की साराह डेविस ने कुल 229 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, कनाडा की एलेक्सिस एशवर्थ ने 214 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। 

लॉन बॉल में भारतीय महिला टीम फाइनल में पहुंची

भारतीय महिला लॉन बॉल टीम

महिला लॉन बॉल टीम ने इतिहास रचते हुए रजत पदक पक्का कर लिया। उसने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 16-13 से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में नॉरफ्लॉक आइसलैंड को हराया था।

लवली चौबे (पहले), पिंकी (दूसरे), नयनमोनी सैकिया (तीसरे) और रूपा रानी टिर्की (स्किप) की भारतीय चौकड़ी ने मैच में शानदार वापसी की। अब फाइनल में उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। अफ्रीकी टीम ने फिजी को 16-14 से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया।

भारतीय बैडमिंटन टीम फाइनल में, एक और पदक पक्का

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
भारतीय बैडमिंटन टीम - फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में भारत ने सिंगापुर पर 3-0 से हराया। इस तरह भारत ने बैडमिंटन में भी एक पदक पक्का कर लिया है। बैडमिंटन में भारत ने रजत पदक पक्का कर लिया है। अब फाइनल में टीम इंडिया का सामना मलेशिया से होगा। भारतीय टीम मलेशिया को हराकर और फाइनल जीतकर स्वर्ण अपने नाम करना चाहेगी।

सेमीफाइनल में पहले मैच में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने सिंगापुर की काई टेरी और एंडी जुंग की जोड़ी को 21-11, 21-12 से हरा दिया। दूसरे मैच में पीवी सिंधु ने जिया मिन यिओ को पहले गेम में 21-11 और दूसरे गेम में 21-12 से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। तीसरे मैच में लक्ष्य सेन ने सिंगापुर के लोह यू कियान को 21-18, 21-15 से हरा दिया और भारत के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया। भारत बनाम मलेशिया बैडमिंटन मिक्स्ड टीम फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा।

टेबल टेनिस में फाइनल में पहुंची भारतीय पुरुष टीम

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
शरथ कमल/साथियन - फोटो : social media
टेबल टेनिस के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम ने नाइजीरिया को 3-0 से हरा दिया। टीम इवेंट के पहले मैच में साथियान ज्ञानशेखरन और हरमीत देसाई की भारतीय जोड़ी ने नाइजीरिया की बोडे अबियोडुन और ओलाजिदे ओमोतायो की जोड़ी को 11-6, 11-7, 11-7 से आसानी से हरा दिया। इसके बाद दूसरे मैच में अचंता शरथ कमल ने नाइजीरिया के अरुणा कादरी को 3-1 से हराकर भारतीय टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।

तीसरे मैच में ज्ञानशेखरन ने नाइजीरिया के ओलाजिदे ओमोतायो को सिंगल्स मैच में 3-1 से हराकर भारतीय पुरुष टीम को 3-0 की जीत दिला दी। इस तरह टीम इंडिया ने मेन्स टेबल टेनिस टीम इवेंट में एक और पदक पक्का कर लिया। भारतीय टीम का कम से कम रजत तो पक्का हो गया है। फाइनल में भारतीय टीम सिंगापुर से गोल्ड के लिए मैच खेलेगी।

भारत-इंग्लैंड मैच 4-4 से ड्रॉ

राष्ट्रमंडल खेल 2022 हॉकी लाइव : भारतीय पुरुष हॉकी टीम
भारतीय हॉकी टीम

राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष हॉकी में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला 4-4 की बराबरी पर छूटा। पूल-बी के अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया जीतते-जीतते रह गई। उसने एक समय 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन इंग्लैंड ने आखिरी दो क्वार्टर में शानदार वापसी की और चार गोल दागे। भारत अंतिम दो क्वार्टर में सिर्फ एक ही गोल कर सका। इस तरह मैच बराबरी पर छूटा। भारत ने अपने पहले मैच में घाना को 11-0 से हराया था। अब तीसरे मैच में तीन अगस्त को उसका मुकाबला कनाडा से होगा।

वेटलिफ्टर अजय सिंह पदक से चूके

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
अजय सिंह शेखावत - फोटो : सोशल मीडिया
अजय सिंह वेटलिफ्टिंग के 81 किग्रा भारवर्ग में पदक नहीं जीत पाए। स्नैच राउंड में 143 किग्रा भार उठाने के बाद क्लीन एंड जर्क में वह 176 किग्रा भार उठाने में सफल रहे। हालांकि, उनका यह प्रयास पदक के लिए काफी नहीं था। वह 319 किलो भार के साथ चौथे स्थान पर रहे।

अमित पंघाल और हसमुद्दीन पदक से एक कदम दूर

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
अमित पंघाल और हसमुद्दीन - फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय मुक्केबाज अमित पंघाल और मोहम्मद हसमुद्दीन ने सोमवार को राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित ने 51 किलो भारवर्ग में अंतिम 16 के मैच में वनुआतू के नामरी बेरी को 5-0 से हराया। वहीं हसमुद्दीन ने 57 किलो भारवर्ग में बांग्लादेश के मोहम्मर सलीम हुसैन को 5-0 से शिकस्त दी। एक और जीत के साथ दोनों का पदक तय हो जाएगा।

जोशना चिनप्पा को क्वार्टर फाइनल में मिली हार

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
जोशना चिनप्पा
भारत की पदक की उम्मीदों को तब झटका लगा, जब दिग्गज महिला स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा सिंगल्स राउंड के क्वार्टर फाइनल में हार गईं। उन्हें कनाडा की हॉली नॉटन ने 3-0 से हराया। पहला गेम हॉली ने 11-9 से जीता था। दूसरे गेम में कनाडा की खिलाड़ी ने चिनप्पा को 11-5 से हरा दिया। तीसरे गेम में हॉली ने चिनप्पा को कड़े मुकाबले में 15-13 से हरा दिया। इस तरह चिनप्पा सेमीफाइनल में पहुंचने से चूक गईं। स्क्वैश के महिला एकल में पहले ही भारत की सुनैना सारा कुरुविला पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला पाकिस्तान की फैजा जफर से होगा। सुनैना से अब पदक की उम्मीद होगी।

जिम्नास्ट प्रणति पांचवें स्थान पर रहीं

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
प्रणति नायक
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में महिला वॉल्ट फाइनल में भारत की प्रणति पांचवें स्थान पर रहीं। ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया गॉडविन ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की लॉरी डेनोमी ने रजत पदक जीता। स्कॉटलैंड के शैनन आर्चर ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

साइकिलिंग: रोनाल्डो सिंह 12वें स्थान पर रहे

Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights Shushila Devi Harjinder Kaur Vijay Yadav Results Birmingham in Hindi
रोनाल्डो सिंह - फोटो : ट्विटर
पुरुषों के 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल में रोनाल्डो लैटनजम ने 1:02.500 का समय निकाला। यह प्रभावशाली था, लेकिन भारत को पदक दिलाने के लिए काफी नहीं था। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 20 साइकिल चालकों में रोनाल्डो 12वें स्थान पर रहे। ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू ग्लेटजर ने 59.505 समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके हमवतन थॉमस कोर्निश दूसरे स्थान पर (1: 036) रहे। त्रिनिदाद और टोबैगो के निकोलस पॉल तीसरे (1:00.089) तीसरे स्थान पर रहे।

जसलीन सिंह कांस्य पदक के मुकाबले में हारे

CWG 2022: Jasleen Saini, Suchika Tariyal Miss Out on Judo Medals

जूडो में पुरुषों के 66 किलोग्राम भारवर्ग में भारत के जसलीन सिंह को कांस्य पदक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के नाथन काट्ज ने जसलीन को आखिरी कुछ सेकेंड में इपपोन से हराया और कांस्य पदक अपने नाम किया। इपपोन यानी आखिरी 10 सेकेंड में ऑस्ट्रेलियाई जुडोका ने जसलीन को थ्रो किया और उन्हें उठने नहीं दिया। इपपोन होने पर एक फुल पॉइंट दिया जाता है और खिलाड़ी जीत जाता है।

सुचिका तरियाल कांस्य पदक के मैच में हारीं

Became judoka to counter eve teasing, Suchika Tariyal is now beacon of  strength for girls - Newsdrum - Latest News, Breaking News, Live News,  Neutral News, News from India, International news, citi news

जूडो में महिलाओं के 57 किलोग्राम भारवर्ग में सुचिका तरियाल को कांस्य पदक के मैच में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मॉरिशस की क्रिश्चियन लेजेंटिल ने वजा-आरी में हरा दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed