फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Asian Para Games 2026: Pradeep Kumar, Ayush Verma Win Javelin Medals; India Assures Two Para-Badminton Medals

एशियन पैरा गेम्स 2026: भाला फेंक में डबल धमाका, टेबल टेनिस में 4 कांस्य; बैडमिंटन में भी भारत के दो पदक पक्के

Tue, 20 Oct 2026 08:58 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया Published by: स्वप्निल शशांक Updated Tue, 20 Oct 2026 08:58 AM IST
सार

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने मंगलवार को भाला फेंक में प्रदीप कुमार के रजत और आयुष वर्मा के कांस्य पदक के साथ दोहरी सफलता हासिल की। गोला फेंक में प्रवीण ने कांस्य जीता, जबकि टेबल टेनिस में भाविना और सोनलबेन पटेल ने पदक अपने नाम किए। पैरा बैडमिंटन में दो भारतीय जोड़ियों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर दो और पदक पक्के किए।

विज्ञापन
Asian Para Games 2026: Pradeep Kumar, Ayush Verma Win Javelin Medals; India Assures Two Para-Badminton Medals
प्रमोद भगत - फोटो : @PramodBhagat83

विस्तार

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को भाला फेंक में प्रदीप कुमार ने रजत और आयुष वर्मा ने कांस्य पदक जीता, जबकि गोला फेंक में प्रवीण ने कांस्य अपने नाम किया। पैरा टेबल टेनिस में भाविना पटेल और सोनलबेन पटेल ने कांस्य पदक हासिल किए। वहीं, पैरा बैडमिंटन में प्रमोद भगत-मानसी रामदास और कृष्णा नागर-नित्या श्री सुमति सिवन की जोड़ियों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के दो और पदक पक्के कर दिए।

विज्ञापन


जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। मंगलवार को एथलेटिक्स से लेकर टेबल टेनिस और बैडमिंटन तक भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। भाला फेंक में एक ही स्पर्धा में दो पदक मिले, जबकि पैरा बैडमिंटन में भारतीय जोड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिए। आइए, जानते हैं भारतीय खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों के बारे में।

विज्ञापन
Trending Videos

भाला फेंक में प्रदीप का रजत, आयुष ने जीता कांस्य
पुरुषों की भाला फेंक एफ53/एफ54 स्पर्धा में भारत को दोहरी सफलता मिली। प्रदीप कुमार ने 27.45 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करके रजत पदक जीता, जबकि आयुष वर्मा ने 17.88 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने पदक जीतने वाले प्रयासों में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रदीप ने 901 रजा अंक हासिल किए, जबकि आयुष के खाते में 793 रजा अंक आए। ईरान के इरफान बोंडोरी ने 30.24 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो और 986 रजा अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में भारत का यह दूसरा दोहरा पोडियम प्रदर्शन रहा। इससे पहले सोमवार को पुरुषों की एफ46 भाला फेंक स्पर्धा में रिंकू हुड्डा ने रजत और अजीत सिंह ने कांस्य पदक जीता था।

गोला फेंक में प्रवीण ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से जीता कांस्य
भारतीय एथलीट प्रवीण ने पुरुषों की गोला फेंक एफ11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 13.86 मीटर का थ्रो करके पोडियम पर जगह बनाई। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। ईरान के अमीरहुसैन अलीपुर ने 14.99 मीटर के थ्रो के साथ एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। उनके हमवतन महदी ओलाद ने 13.93 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया। एफ11 वर्ग में पूर्ण या लगभग पूर्ण दृष्टिबाधित खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
विज्ञापन

भाविना पटेल को कांस्य, सोनलबेन ने भी दिलाया पदक
पैरा टेबल टेनिस में भारत की भाविना पटेल और सोनलबेन पटेल ने कांस्य पदक जीते। महिला एकल क्लास 4-5 के सेमीफाइनल में भाविना को चीन की झांग बियान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। चीनी खिलाड़ी ने 11-7, 11-5, 11-7 से मुकाबला जीता। टोक्यो पैरालंपिक की रजत पदक विजेता भाविना ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में चीन की मियाओ झांग को 3-1 से हराकर पदक पक्का किया था। वह 2018 एशियन पैरा गेम्स में रजत पदक जीत चुकी हैं और इस बार उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा। वहीं, महिला एकल क्लास 3 के सेमीफाइनल में सोनलबेन पटेल को दक्षिण कोरिया की यून जियू ने 3-0 से हराया। सोनलबेन 7-11, 5-11, 6-11 से मुकाबला गंवा बैठीं, लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के कारण उनका कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया।

पैरा बैडमिंटन में दो भारतीय जोड़ियों के पदक पक्के
पैरा बैडमिंटन में भारत के लिए मंगलवार को अच्छी खबर आई। प्रमोद भगत और मानसी रामदास की मिश्रित युगल जोड़ी ने एसएल3-एसयू5 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के सिरिपोंग टीमारोम और चानिडा श्रीनावाकुल को 21-15, 21-14 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दूसरी ओर, कृष्णा नागर और नित्या श्री सुमति सिवन की जोड़ी ने एसएच6 वर्ग में चीनी ताइपे के वू यू-येन और लिन जिया-सियांग को 21-15, 21-10 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने ग्रुप ए में दूसरा स्थान हासिल करके सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। दोनों भारतीय जोड़ियों के सेमीफाइनल में पहुंचने से भारत के कम से कम दो और पदक पक्के हो गए हैं। इस तरह मंगलवार को भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करके देश की पदक उम्मीदों को और मजबूत किया।

भारत की पदक तालिका

खेल

स्वर्ण

रजत

कांस्य

कुल पदक

पैरा एथलेटिक्स

4

3

3

10

पैरा जूडो

0

1

1

2

पैरा तैराकी

0

1

0

1

पैरा टेबल टेनिस

0

0

4

4

पैरा शूटिंग

1

1

0

2

भारत का कुल

5

6

8

19

विज्ञापन

पैरा टेबल टेनिस में प्राची पांडे ने जीता कांस्य पदक
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की पदक तालिका में एक और कांस्य पदक जुड़ गया है। प्राची पांडे ने महिला एकल क्लास 6 पैरा टेबल टेनिस स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। सेमीफाइनल में प्राची को इराक की अल-दय्येनी नजला के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। इराकी खिलाड़ी ने 11-9, 11-2, 11-8 से मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह बनाई। प्राची ने पहले गेम में कड़ी टक्कर दी, लेकिन अगले दो गेम में उनकी प्रतिद्वंद्वी ने बेहतर खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि, सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही प्राची ने भारत के लिए कांस्य पदक पक्का कर लिया।

पैरा टेबल टेनिस में रवि बेबी सहाना ने जीता कांस्य पदक
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत को पैरा टेबल टेनिस में एक और पदक मिला है। रवि बेबी सहाना ने महिला एकल क्लास 9 स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। सेमीफाइनल में उन्हें चीन की माओ जिंगडियान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। चीनी खिलाड़ी ने यह मुकाबला 11-8, 11-2, 11-4 से जीता। हालांकि, सेमीफाइनल तक पहुंचने के कारण रवि बेबी सहाना का कांस्य पदक पक्का हो गया। इस तरह नागोया में भारतीय खिलाड़ी ने एक और पदक जीतकर देश की पदक तालिका में इजाफा किया।

पैरा टेबल टेनिस में सोनलबेन पटेल ने जीता कांस्य पदक
भारत की खेलो इंडिया खिलाड़ी सोनलबेन पटेल ने महिला एकल क्लास 3 पैरा टेबल टेनिस स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। फाइनल में उन्हें दक्षिण कोरिया की यून जियू के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। कोरियाई खिलाड़ी ने 11-7, 11-5, 11-6 से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। हालांकि, सोनलबेन को फाइनल में हार मिली, लेकिन वह नागोया से कांस्य पदक लेकर लौटेंगी। उनके इस प्रदर्शन से एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की पदक तालिका में एक और पदक जुड़ गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed