18 साल की अनाहत ने स्क्वैश जगत को चौंकाया: अपनी आदर्श आठ बार की विश्व चैंपियन को हराया; जीत के बाद क्या बोलीं?
भारत की 18 वर्षीय स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने सिलिकॉन वैली ओपन में बड़ा उलटफेर करते हुए आठ बार की विश्व चैंपियन नूर एल शेरबिनी को 11-8, 11-8, 11-7 से हराया। दुनिया की 15वें नंबर की अनाहत ने 30 मिनट में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना मिस्र की सलमा हानी से होगा।
विस्तार
भारत की युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए मिस्र की दिग्गज नूर एल शेरबिनी को शिकस्त दी। 18 वर्षीय अनाहत ने सिलिकॉन वैली ओपन के दूसरे दौर में दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी और आठ बार की विश्व चैंपियन एल शेरबिनी को सीधे गेम में 11-8, 11-8, 11-7 से हराकर महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दुनिया की 15वें नंबर की खिलाड़ी अनाहत ने यह मुकाबला महज 30 मिनट में अपने नाम किया।
दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी को दी मात
अमेरिका के रेडवुड सिटी में खेले जा रहे 1,43,500 डॉलर इनामी राशि वाले पीएसए गोल्ड टूर्नामेंट में एल शेरबिनी शीर्ष वरीय खिलाड़ी थीं। उन्हें खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन अनाहत ने शुरुआत से ही उन्हें दबाव में रखा। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। उन्होंने पहले दो गेम 11-8 के समान अंतर से जीते, जबकि तीसरे गेम में 11-7 से जीत दर्ज की। यह अनाहत के करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। वह हाल ही में एशियाई खेलों में रजत पदक जीतकर लौटी हैं। इस प्रदर्शन से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश में अपनी बढ़ती ताकत का एक और उदाहरण पेश किया।
'मैंने उनके हर मैच को देखकर सीखा है'
जीत के बाद अनाहत ने माना कि उन्हें अपनी आदर्श खिलाड़ी के खिलाफ इस तरह के नतीजे की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा, 'मैंने उनके हर मैच को देखकर सीखा है। मैं उनकी प्रशंसक रही हूं और अपने करियर में वह सब हासिल करना चाहती हूं, जो उन्होंने किया है।' अनाहत ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कोच ने मुकाबले से पहले उन्हें भरोसा दिलाया था कि अगर वह अपना सर्वश्रेष्ठ खेलती हैं, तो जीत का मौका बन सकता है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगा था कि शुरुआत में मुझे उनके खेल को समझने और मुकाबले में खुद को ढालने में थोड़ा समय लगेगा। लेकिन मेरी रणनीति अच्छी तरह काम कर गई और मैं उसी पर कायम रही। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि मैं जीत गई हूं।'
🗣️ "I've grown up watching every single match of hers" The thoughts of India's @Anahat_Singh13 after she claimed the biggest win of her career - beating idol Nour ElSherbini 👇 https://t.co/UDIaalVUg8
— PSA Squash Tour (@PSASquashTour) October 22, 2026
एल शेरबिनी स्क्वैश की सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह अपने करियर में आठ बार विश्व चैंपियन बन चुकी हैं और चार बार ब्रिटिश ओपन का खिताब जीत चुकी हैं। वह 265 सप्ताह तक विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर भी रह चुकी हैं। ऐसे खिलाड़ी को सीधे गेम में हराना अनाहत के लिए बड़ी उपलब्धि है।
अनाहत का अगला मुकाबला मिस्र की दुनिया की 14वें नंबर की खिलाड़ी सलमा हानी से होगा। अनाहत ने 2023 में पेशेवर स्क्वैश में कदम रखा था। पूर्व विश्व नंबर एक ग्रेगरी गॉल्टियर के साथ सौरव घोषाल और स्टीफन गैलिफी के मार्गदर्शन में वह खेल रही हैं। इस साल उन्होंने विश्व जूनियर चैंपियनशिप का खिताब भी जीता था। अब उनकी नजर सिलिकॉन वैली ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी।