इस दिन से होगी 396 स्कूल प्रवक्ताओं के पद भरने को छंटनी परीक्षा, शेड्यूल जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 396 स्कूल प्रवक्ताओं (स्कूल न्यू) की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। पद भरने के लिए 16 फरवरी से छंटनी परीक्षा होगी। हिमाचल राज्य लोकसेवा आयोग ने पांच विषयों की लिखित परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। हिंदी-अंग्रेजी की 16 फरवरी, इतिहास-कॉमर्स की 23 फरवरी और राजनीति शास्त्र की 14 मार्च को परीक्षा होगी। आवेदकों को आयोग की वेबसाइट से ई एडमिट कार्ड डाउनलोड करेंगे होंगे। परीक्षा केंद्र में शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्र लाना भी अनिवार्य रहेगा।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग शिमला, मंडी और धर्मशाला में बनाए जाने वाले केंद्रों में परीक्षा लेगा। हिंदी विषय की परीक्षा 16 फरवरी को सुबह साढ़े 10 से 12 बजे तक होगी। अंग्रेजी विषय की परीक्षा भी इसी दिन दोपहर साढे़ तीन से पांच बजे तक होगी। इतिहास विषय की परीक्षा 23 फरवरी को सुबह साढ़े दस से 12 बजे और कॉमर्स विषय की परीक्षा दोपहर साढे़ तीन से पांच बजे तक होगी। राजनीतिक विज्ञान की छंटनी परीक्षा का आयोजन 14 मार्च को सुबह साढ़े दस से 12 बजे तक होगा।
आयोग की सचिव राखिल काहलो ने बताया कि उम्मीदवारों को एसएमएस, फोन कॉल और ई मेल से सूचना दी जा रही है। उम्मीदवार अपने ई एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र में उम्मीदवारों को ओआरए के अलावा शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्र भी लाने होंगे। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न करवाए जाने की स्थिति में आवेदनपत्र रद्द किया जा सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया कि एक बार आवंटित परीक्षा केंद्र को बदला नहीं जाएगा।
बाहरी राज्यों के आवेदकों के आने से टली थी भर्ती
स्कूल प्रवक्ताओं (स्कूल न्यू) की भर्ती प्रक्रिया बीते साल नवंबर में शुरू हुई थी। नवंबर में जारी हुए विज्ञापन में बाहरी राज्यों के आवेदक भी सामान्य श्रेणी के पदों के लिए पात्र थे। मामले के विवादित होने पर सरकार ने पुरानी भर्ती को रद्द करते हुए नए नियम अधिसूचित किए थे। अब सरकार के नए नियमों के तहत हिमाचल से दसवीं और जमा दो कक्षा पास करने वाले ही इस भर्ती के लिए पात्र माने हैं। अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, कॉमर्स और राजनीति शास्त्र विषय में शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
अनुबंध आधार पर नियुक्त होने वाले शिक्षकों को प्रतिमाह 14,500 रुपये तनख्वाह मिलेगी। प्रवक्ताओं की सबसे अधिक भर्ती कॉमर्स विषय में होगी। इस विषय में 215 प्रवक्ता भर्ती किए जाएंगे। अंग्रेजी, हिंदी और इतिहास विषय में 47-47 और राजनीति शास्त्र विषय में 40 प्रवक्ता भर्ती किए जाएंगे। सामान्य श्रेणी के आर्थिक तौर पर कमजोर आवेदकों को भी इस भर्ती में आरक्षण मिलेगा। कुल 396 पदों में से 49 पद इसके लिए आरक्षित रखे गए हैं। सालाना चार लाख से कम आय वाले परिवार इस आरक्षण का लाभ उठा सकेंगे।