हिमाचल के शिक्षा बोर्ड के 50 केंद्रों पर होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
मार्च 2020 में प्रस्तावित स्कूलों की वार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन के लिए प्रदेश में 50 केंद्र स्थापित किए जाएंगे। शुक्रवार को स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभागार में मूल्यांकन केंद्रों के समन्वयकों की बैठक अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुुमार सोनी की अध्यक्षता में हुई। इसमें दसवीं और जमा दो की परीक्षाओं से संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
परीक्षाओं के सफल संचालन और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बारे में बोर्ड ने पहली बार इस प्रकार की बैठक की। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरा शिक्षकों से बड़ा नहीं हो सकता है। उन्होंने गठित उड़नदस्ता के सदस्यों से परीक्षा केंद्र में शांतिपूर्वक प्रवेश करने की सलाह दी, ताकि परीक्षा केंद्रों में भय का वातावरण न बने और परीक्षार्थियों शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा दें सकें।
इस बार भी बनेंगे 45 सावित्री फुले परीक्षा केंद्र
स्कूल शिक्षा बोर्ड इस बार भी वार्षिक परीक्षाओं में 45 सावित्री फुले परीक्षा केंद्र स्थापित करेगा, जहां पर सिर्फ महिला अधीक्षक, उपाधीक्षक और शिक्षिकाएं परीक्षा का संचालन करेंगी।
कार्य समाप्ति के बाद जल्द मिलेगा पारिश्रमिक, यात्रा भत्ता
बोर्ड इस बार कार्य समाप्ति के बाद जल्द पारिश्रमिक और यात्रा भत्ता देने का प्रावधान कर रहा है। इसके लिए योजना बनाई जा रही है। बोर्ड ने सभी समन्वयकों से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य को पूर्ण निष्ठा से करने का आग्रह किया है।