स्कूल शिक्षा बोर्ड: विशेष आवश्यकता वाले परीक्षार्थियों की फर्स्ट टर्म परीक्षाओं की डेटशीट जारी
विशेष आवश्यकताओं वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान बोर्ड अधिसूचना और केंद्र समन्वयक, अधीक्षक, उपाधीक्षक एवं पर्यवेक्षी स्टाफ के लिए निर्देश पुस्तिका के अनुसार समस्त सुविधाएं संबंधित केंद्र समन्वयक की ओर से प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थियों को पेपर हल करने के लिए एक घंटा अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि 10वीं कक्षा के नियमित विशेष आवश्यकता वाले परीक्षार्थियों की फर्स्ट टर्म की परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि विशेष आवश्यकताओं वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान बोर्ड अधिसूचना और केंद्र समन्वयक, अधीक्षक, उपाधीक्षक एवं पर्यवेक्षी स्टाफ के लिए निर्देश पुस्तिका के अनुसार समस्त सुविधाएं संबंधित केंद्र समन्वयक की ओर से प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थियों को पेपर हल करने के लिए एक घंटा अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
यह होगी डेटशीट
20 नवंबर को हिंदी विषय की परीक्षा होगी। 22 को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, 24 को अंग्रेजी, 26 को सामाजिक विज्ञान, 27 को गृह विज्ञान, 29 को कला-ए व एग्रीकल्चर, 30 को को स्वर संगीत और पहली दिसंबर को गणित विषय की परीक्षा होगी। दो दिसंबर को कंप्यूटर साइंस, तीन को संस्कृत, उर्दू, पंजाबी, तमिल और तेलुगू, चार दिसंबर को वाद्य संगीत और छह दिसंबर को फाइनेंशियल लिटरेसी विषय की परीक्षा होगी।
डीएलएड पार्ट-एक और दो की परीक्षाएं दिसंबर में होंगी
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि डीएलएड पार्ट-एक और दो के नियमित परीक्षार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं दिसंबर में होंगी। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) में स्थापित परीक्षा केंद्रों में ये परीक्षाएं होंगी। डीएलएड पार्ट-एक (2020-22) बैच की परीक्षाएं 24 दिसंबर से छह जनवरी तक सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होंगी। डीएलएड-पार्ट दो (2019-21) की वार्षिक परीक्षाएं 13 से 23 दिसंबर तक सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होंगी।
टर्म-1 परीक्षाओं में महिला कर्मियों के हवाले होंगे 84 केंद्र
वहीं, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड देश की प्रथम महिला शिक्षिका एवं महान समाजसेवी सावित्रिबाई फुले के सम्मान में 84 परीक्षा केंद्रों को ‘सावित्रिबाई फुले महिला परीक्षा केंद्र’ के नाम से बनाएगा। चिह्नित केंद्रों में अधीक्षक-उपाधीक्षक का जिम्मा महिला महिला प्रवक्ता और अध्यापक को सौंपा जाएगा। जिला कांगड़ा में सबसे अधिक 18 ऐसे केंद्र होंगे। बिलासपुर जिले में छह, चंबा में पांच, हमीरपुर में छह, किन्नौर में तीन, कुल्लू में सात और लाहौल-स्पीति में सबसे कम दो परीक्षा केंद्र ‘सावित्रिबाई फुले महिला परीक्षा केंद्र’ के नाम पर होंगे। मंडी में 16, शिमला में छह, सिरमौर में चार, सोलन में पांच और ऊना में छह परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी महिला कर्मियों के सहारे होगी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि बोर्ड ने इन परीक्षा केंद्रों में अधीक्षक, उपाधीक्षक के रूप में केवल महिला प्रवक्ता, अध्यापक की नियुक्ति आंतरिक रूप से संबंधित विद्यालय को करने के निर्देश दिए हैं।