हिमाचल में 27 अक्तूबर को होगी बीएड प्रवेश परीक्षा, शेड्यूल जारी
हिमाचल विवि शैक्षणिक सत्र 2020-21 में बीएड में प्रवेश के लिए 27 अक्तूबर को प्रवेश परीक्षा करवाएगा। परीक्षा की तिथि घोषित करने के साथ प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा के लिए विवि की वेबसाइट /पोर्टल से 12 अक्तूबर के बाद एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकेंगे। 27 अक्तूबर को होने वाली प्रवेश परीक्षा का परिणाम छह नवंबर को घोषित होगा।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि 20 नवंबर को पहली मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। विवि और शिक्षा विभाग के दो सरकारी संस्थानों के अलावा 73 निजी बीएड कॉलेजों की करीब साढ़े आठ हजार सीटों के लिए इस बार 17,000 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। प्रदेश भर में 15 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त परीक्षा केंद्र भी स्थापित किए जा सकते हैं।
एमडी, एमएस परीक्षा का शेड्यूल जारी
विवि ने एमडी/एमएस आयुर्वेद प्रथम वर्ष बैच 2019 प्रीलिमनरी परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। यह परीक्षाएं 20 और 22 अक्तूबर को होंगी। इसके अलावा एमडी/एमएस आयुर्वेद अंतिम वर्ष बैच-2017 की वार्षिक परीक्षाएं 15 अक्तूबर से शुरू होंगी और 21 अक्तूबर तक चलेंगी।
डीएलएड खेल कोटे की काउंसलिंग के लिए 58 अभ्यर्थी पात्र
स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से डीएलएड-2020 के लिए खेल श्रेणी के 58 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं। जबकि, अन्यों की पात्रता रद्द कर दी गई है। पात्र अभ्यर्थियों को मुख्य वर्ग में शामिल किया गया है।
यह अभ्यर्थी काउंसलिंग में हिस्सा लेंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि काउंसलिंग के लिए 162 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे।
काउंसलिंग प्रदेश के 12 सरकारी डाइट में करवाई गई। 118 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई, जबकि 44 अनुपस्थित रहे। इस दौरान 58 अभ्यर्थी पात्र गए। उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों का विवरण बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।