नीट में इस बार हिमाचल के 60.04 फीसदी परीक्षार्थी क्वालीफाई, भाव्या हिमाचल टॉपर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से करवाई गई राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) में प्रदेशभर के 60.04 फीसदी परीक्षार्थियों ने क्वालीफाई किया है। यह बीते सत्र से करीब तीन फीसदी कम है। 2019 की परीक्षा में 63.28 परीक्षार्थियों ने क्वालीफाई किया था। एनटीए की ओर से जारी राज्यवार सूची के मुताबिक 2020 की नीट (यूजी) में प्रदेश से 14565 ने आवेदन किया था। इनमें 12,694 ने परीक्षा दी, जबकि परीक्षा में 7,622 ने क्वालीफाई किया।
2019 में हुई परीक्षा में कुल 13,868 ने आवेदन किया था। इनमें से 12,646 अपीयर हुए जबकि, परीक्षा क्वालीफाई सिर्फ 63.28 फीसदी ही कर पाए थे। 2020 की परीक्षा में 1871 आवेदकों ने परीक्षा ही नहीं दी। कोरोना संक्रमण का खतरा भी इसकी एक वजह मानी जा रही है। उधर, मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र के कोट (कांगरु) गांव के आकृत ने बिना कोचिंग नीट उत्तीर्ण किया है।
आकृत पुत्र नरोत्तम राम ने अनुसूचित जनजाति वर्ग में 606 अंक प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन किया है। आकृत ने जमा दो की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। आकृत के माता-पिता शिक्षक हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिझड़ी के दो छात्रों ने नीट उत्तीर्ण कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 2019 में इस स्कूल से उत्तीर्ण होने वाले छात्र संयम ने 720 में से 636 अंक, जबकि निशांत रणौत ने 584 अंक हासिल किए हैं।
एडू पेस संस्थान ऊना के 70 में से 63 परीक्षार्थी उत्तीर्ण
एडू पेस संस्थान ऊना के बच्चों ने नीट में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम चमकाया है। संस्थान के 70 में से 63 बच्चों ने नीट उत्तीर्ण किया है। संस्थान के छात्र गुरमुख ने 720 में से 655 अंक हासिल कर पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। जबकि, वशिष्ठ स्कूल के 21 परीक्षार्थियों ने नीट में शानदार परिणाम दिया है। इनमें आस्था 720 में से 670 अंक प्राप्त करके अव्वल रहीं हैं।
नीट परीक्षा में शिमला की भाव्या हिमाचल टॉपर
नीट परीक्षा में शिमला की भाव्या शर्मा हिमाचल में टॉपर बनी हैं। उन्होंने देश में 400वां रैंक (685 अंक) हासिल किया है। इनका सामान्य श्रेणी में 269वां रैंक है। भाव्या ने बताया कि वह इस परीक्षा की तैयारी तीन साल से कर रही थीं। भाव्या का अब दिल्ली के लेडी हॉर्डिंग जैसे नामी संस्थान में प्रवेश पाकर डिग्री पूरी करने का सपना है। एस्पायर संस्थान के निदेशक योगेंद्र मीणा ने दावा किया है कि भाव्या के सामान्य श्रेणी में प्रदेश में सर्वाधिक अंक हैं। नीट परीक्षा में प्रदेश में टॉप करने वाली भाव्या के पास आज तक अपना मोबाइल फोन और सोशल मीडिया में कोई अकाउंट तक नहीं है।
वह सीबीएसई की 12वीं कक्षा की प्रदेश की टॉपर रही हैं। केवीपीवाई की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में 68वां स्थान पा कर इतिहास रच चुकी है। चिकित्सक पिता डॉ. राजेश शर्मा के बनाए स्टडी प्लान के मुताबिक सुबह 6 बजे फार्मूले याद करने से दिन शुरू होता था। हर विषय पढ़ने के लिए समय निर्धारित था। माता डॉ. विनीता शर्मा और पिता ने हमेशा आगे बढ़ने को प्रेरित किया। एस्पायर कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन मिला। हर रोज लॉकडाउन के दौरान ऑनलाइन टेस्ट दिए। शाम को छोटे भाई अद्वित के साथ बैडमिंटन खेलकर रिलेक्स होती थीं।