Ram Mandir: राम भक्ति में लीन दिखे ये दिग्गज कांग्रेसी, हनुमान चालीसा का किया पाठ और लोगों को दी शुभकामनाएं
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
कांग्रेस नेतृत्व ने भले ही अयोध्या के राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता ठुकरा दिया हो लेकिन प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन कई कांग्रेस नेता राममय नजर आए। कांग्रेसी नेताओं ने न केवल अपने घरों में राम दरबार का फोटो लगाकर पूजा अर्चना की, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं देते हुए नजर आए।
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आराध्य प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर देशवासियों को बधाई देता हूं और प्रभु राम के चरणों में नमन करते हुए देशवासियों की समृद्धि और खुशहाली की कामना करता हूं। प्रभु श्री राम कल्याण करें, सभी को निरोगी रखें और देश मे अमन चैन और भाईचारे की रक्षा करें।
इस अवसर पर कमलनाथ ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हो रहा है। चूंकि वर्तमान में केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन का दायित्व भाजपा सरकार पर है। भाजपा ने जिस तरह से इस कार्यक्रम को राजनीतिक स्वरूप दिया है और धर्म को राजनीतिक मंच पर लाने का प्रयास किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है, दु:खद है। भगवान राम हमेशा से हम सभी की आस्था का केंद्र रहे हैं, और हमेशा रहेंगे। इस पर राजनीति धार्मिक स्वतंत्रता और सनातनी परम्पराओं के साथ खिलवाड़ है।
इधर, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राम भक्ति में लीन नजर आए। अयोध्या में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जाखू पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने जाखू मंदिर में शीश नवाया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि भगवान हनुमान प्रभु श्री राम के परम भक्त थे। प्रभु राम उनकी ही मदद से अयोध्या लौट कर आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का अवसर है। ऐसे में वह भी हनुमान मंदिर पहुंचे और हनुमान चालीसा का पाठ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को आज के इस अवसर पर बधाई दी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश की जनता से आग्रह भी किया कि सभी घर पर दीप जलाकर इस अवसर में सम्मिलित हों।
हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोशल मीडिया पर अयोध्या के राम मंदिर की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि भगवान राम सभी की आस्था के प्रतीक हैं और हम सभी की आस्था उनके साथ है। पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखविंदर सिंह रंधावा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखी कि सभी देशवासियों को अयोध्या में हो रहे श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की बधाई। प्रभु श्री राम का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे।
इसके अलावा मध्यप्रदेश के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 21 जनवरी को अपने घर पर 101 ब्राह्मणों को फलाहार करवाया। उन्होंने अपने घर की गई रोशनी और सजावट का फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया। विवेक तन्खा ने लिखा कि 22 जनवरी का दिन प्रभु राम की अयोध्या नगरी में पुनः स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा, सनातन धर्म के लिए गौरव और पूर्ण आहुति का दिन है। राम जी से प्रार्थना है कि अपने श्रद्धालुओं पर आशीर्वाद बनाए रखें।
पूर्व केंद्रीय मंत्री औऱ सांसद शशि थरूर ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भगवान राम का फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर सियावर रामचंद्र की जय लिखा। जबकि कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने सोशल मीडिया पर अपने घर में राम की पूजा अर्चना करते हुए फोटो शेयर किया है। राजस्थान प्रदेश के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखी है। डोटासरा ने कहा कि राम सर्वव्यापी हैं, सर्वशक्तिमान हैं। राम सबके हैं, इसलिए हर नागरिक को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर बधाई। अगर कोई राजनीतिक दल श्रीराम को ख़ुद तक समेट कर उनका विस्तार कम करना चाहती है, तो श्री राम ऐसा कभी नहीं होने देंगे।