ईरान और इराक की सीमा पर आए भयानक भूकंप ने 450 लोगों की जान ले ली और 6,700 लोग इसमें जख्मी हो गए। विवार की रात को आए इस भूकंप का केंद्र इराक के पूर्व में स्थित हलब्जा शहर से 31 किलोमीटर दूर धरती के 23.2 किलोमीटर नीचे था। इसके केंद्र के 100 किलोमीटर के दायरे में लगभग 18 लाख की आबादी रहती है। देखिए भूंकप से मची तबाही की कुछ तस्वीरें-
भूकंप का सबसे ज्यादा असर ईरान के करमनशाह प्रांत पर पड़ा। अकेले ईरान में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जबकि इराक में सात लोगों की मौत हुई है। ईरान के 14 राज्य भूकंप की चपेट में हैं। इस भूकंप के बाद दोनों देशों में कम से कम 100 झटके महसूस किए गए। अब लगभग 70 हजार लोगों को आपातकालीन मदद की जरूरत है। ये बेघर-बार लोग कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं।
भूकंप की वजह से ईरान का मुख्य अस्पताल भी ढह गया है, जिसकी वजह से घायलों के इलाज में दिक्कत आ रही है। इस ग्रामीण इलाके के लोग मुख्य रूप से खेती-बाड़ी पर निर्भर है। वीडियो और तस्वीरें इस तबाही की दर्दनाक कहानी बयान कर रही है, जिनमें लोग चीखते-चिल्लाते और भागते नजर आ रहे हैं। बिजली और पानी की लाइनें कट गई हैं। टेलीफोन और मोबाइल की लाइनों को भी क्षति पहुंची है।
भूकंप के तुर्की ने इराक की मदद के लिए आपातकालीन सहायता भेजी है। इराकी शहर सुलेमानिया के लिए 33 ट्रक सामग्री रवाना कर दी गई है। एक मालवाहक विमान मदद लेकर पहुंच चुका है। पाकिस्तान ने भी इस प्राकृतिक आपदा पर दुख जताते हुए जख्मी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
हाल ही में चक्रवाती तूफान की तबाही झेल चुके कोस्टा रीका में 6.5 तीव्रता का भूकंप आने से अफरातफरी मच गई। रविवार की रात को स्थानीय समयानुसार रात को 8.28 बजे इस मध्य अमेरिकी देश में आए भूकंप से किसी नुकसान की खबर नहीं है।