Cyber Scam: व्हाट्सएप पर हो सकते हैं साइबर स्कैम के शिकार, इन मैसेज पर न करें क्लिक

साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बचने के लिए सबसे पहले सही जानकारी का होना जरूरी है। ऐसे में अगर आप मशहूर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं तो आपको सावधान होने की जरूरत है। दरअसल, इन दिनों चैटिंग एप व्हाट्सएप पर साइबर ठग लोगों को अलग-अलग तरह के मैसेज भेजकर उनके साथ स्कैम कर रहे हैं।

देश में व्हाट्सएप का इस्तेमाल बड़े स्तर पर होता है। यही वजह है कि साइबर अपराधी इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। साइबर ठग अपने जाल में फंसाने के लिए अनजान नंबर से एक लालचभरा मैसेज भेजते हैं। यह मैसेज नौकरी का भी हो सकता है। काफी लोगों को नौकरी की जरूरत होती है, ऐसे में अक्सर लोग उस मैसेज पर क्लिक कर देते हैं। फर्जी मैसेज पर अनजाने में किए गए क्लिक की वजह से लोगों को काफी बड़ा नुकसान हो जाता है।

हाल के दिनों में ऑनलाइन निवेश की सुविधा काफी बेहतर हो गई है। ऐसे में काफी प्लेटफॉर्म निवेश के लिए कई सारे विकल्प देते हैं। कुछ प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर भी निवेश करने की सुविधा देते हैं। साइबर ठग इसी का फायदा उठाते हैं और निवेश का नकली मैसेज तैयार करके लोगों के पास भेजते हैं। काफी लोग मैसेज असली या नकली है, इसकी पहचान नहीं कर पाते हैं। अगर गलती से ऐसे मैसेज पर क्लिक कर दिया तो डिवाइस हैक हो सकता है। कई बार डिवाइस में मौजूद जानकारी चोरी हो जाती है।