दो महीने में 15 लाख बेचे फोन, जानिए क्या खास है इसमें?

चाइनीज स्मार्टफोन कंपनी श्याओमी ने चीन में लॉन्च के दो महीने के अंदर श्याओमी मी मैक्स (xiaomi mi max) स्मार्टफोन की 15 लाख यूनिट बिक्री की है। विश्लेषक केविन वैंग ने चीन की सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट वीबो पर पोस्ट की। इसके बाद कंपनी के सीईओ ने इनकी पुष्टि करते हुए इसको रिपोस्ट किया। श्याओमी मी मैक्स को मई में चीन में लॉन्च किया गया था। हाल ही में कंपनी ने इसको भारत में भी उतारा है। जानिए ऐसा क्या खास है इस फोन में।

श्याओमी मी मैक्स कंपनी का अब तक का सबसे बड़े डिस्प्ले वाला स्मार्टफोन है। इस फोन में 6.44 इंच डिस्प्ले है। श्याओमी एमआई मैक्स फैबलेट भारत में दो वेरिएंट उपलब्ध होगा। 3 जीबी रैम, 32 जीबी स्टोरेज और स्नैपड्रैगन 650 प्रोसेसर वाले वेरिएंट की कीमत 14,999 रुपये है और 3 जीबी रैम, 64 जीबी स्टोरेज और स्नैपड्रैगन 652 प्रोसेसर वाले वेरिएंट की कीमत 19,999 रुपये तय की गई है।

एमआई मैक्स का डिस्प्ले 7 इंच के टैबलेट की तुलना में कुछ ही छोटा है, लेकिन इसकी बनावट ऐसी है कि यह एक बड़ी स्क्रीन फोन के करीब है। यह फुल एचडी (1920x1080 पिक्सल) रेज्ल्यूशन के साथ है। इसकी मोटाई 7.5 एमएम और इसका वजन 203 ग्राम है। श्याओमी मी मैक्स मेटल बॉडी डिजाइन के साथ है।