काम की बात: क्या आपका लैपटॉप भी हो जाता है गर्म? इन बातों का रखें विशेष ध्यान

पहले दफ्तरों में रजिस्टर से काम होते थे, लेकिन अब इनकी जगह कंप्यूटर और लैपटॉप ने ले ली है। आज के समय में ज्यादातर लैपटॉप का ही इस्तेमाल हो रहा है। कोरोना काल में लैपटॉप का महत्व ज्यादा समझ में आया, जब लोगों को वर्क फ्रॉम होम यानी घर से काम करना पड़ा। अभी भी बहुत सारे लोग घर से ही काम कर रहे हैं। हालांकि इस दौरान लोगों को बहुत सारी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। किसी का लैपटॉप खराब हुआ तो किसी ने लैपटॉप के गर्म होने की शिकायत की। दरअसल, गर्मियों में लैपटॉप ओवर हीट की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है, जिस कारण लैपटॉप के खराब होने का खतरा बना रहता है। बहुत सारे लोग इस समस्या पर कुछ खास ध्यान नहीं देते हैं, लेकिन कुछ बातों को ध्यान में रखकर आप लैपटॉप को ओवर हीट होने से बचा सकते हैं।आइए जानते हैं इसके बारे में...

सबसे पहले तो ये जान लेते हैं कि लैपटॉप आखिर गर्म होता क्यों है? दरअसल, फैन में धूल जमने या बैटरी के पिनों से लैपटॉप के गर्म होने का खतरा रहता है। इसलिए हर महीने या दो महीने पर इनकी सफाई जरूर कर लेनी चाहिए, ताकि अंदर की गंदगी साफ हो जाए।

अगर लैपटॉप की बैटरी को साफ करना है तो सबसे पहले उसे लैपटॉप से निकाल लें और कैन्ड एयर से ब्लो करके अंदर की धूल को साफ करें। इसके अलावा अगर सीपीयू के फैन की सफाई करनी है तो इस बात का ध्यान रखें कि हवा का प्रेशर कम रहे। और हां, साथ ही साथ इस बात का भी ध्यान रखें कि किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को पोंछने के लिए कभी भी गीले कपड़े का इस्तेमाल न करें।