काम की बात: कछुए की तरह चल रहा है कंप्यूटर तो घबराएं नहीं, इन तरीकों से बढ़ाएं स्पीड

आज के समय में ऐसे बहुत कम ही लोग होंगे, जो कंप्यूटर या लैपटॉप का इस्तेमाल नहीं करते होंगे। दफ्तरों में तो लोग कंप्यूटर पर काम करते ही होंगे, इसके अलावा बहुत से लोगों ने पर्सनल यूज के लिए भी कंप्यूटर खरीदा हुआ है। वैसे तो किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का कुछ खास भरोसा नहीं होता कि वह कब तक सही से चलेगा, लेकिन अगर डिवाइस नया हो तो उसपर भरोसा किया जा सकता है। कंप्यूटर या लैपटॉप स्लो होने की समस्या से तो आप वाकिफ होंगे। यह समस्या अक्सर पुराने कंप्यूटर में ज्यादा देखने को मिलती है। कोई भी काम करने पर सिस्टम अटक-अटककर चलता है। आपके कंप्यूटर के साथ भी यह समस्या कभी न कभी हुई ही होगी। अब सवाल ये है कि इस समस्या से कैसे निजात पाएं?आइए जानते हैं कुछ ऐसे तरीकों के बारे में, जिससे आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

कई बार कंप्यूटर का Recycle बिन भर जाता है, तो भी कंप्यूटर स्लो चलने लगता है। इसलिए जरूरी है कि समय-समय इसे खाली करते रहें। इसके अलावा इस बात का भी ध्यान रखें कि अगर कोई फाइल महत्वपूर्ण नहीं है, तो उसे Shift+Delete के साथ डिलीट कर दें। इससे वह फाइल रिसाइकल बिन में नहीं जाएगी, बल्कि डिलीट हो जाएगी।

कंप्यूटर के सी ड्राइव में फोटो या वीडियो न डालें, उसमें सिर्फ सेटअप और प्रोग्राम फाइल्स ही रहने दें। दरअसल, कई लोग सी ड्राइव में भी बहुत सी फाइलें सेव कर देते हैं, जिससे कंप्यूटर स्लो चलने की समस्या पैदा हो जाती है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें।