काम की बात: आपका स्मार्टफोन असली है या नकली? इन तरीकों से चुटकियों में पता लगाएं

आजकल लोगों को अपने लिए स्मार्टफोन चुनने में ज्यादा परेशानी नहीं होती, क्योंकि अब बाजार में हर तरह के और हर कीमत पर फोन मौजूद हैं। चाहे आपको अपने बजट के हिसाब से सस्ता फोन लेना हो या महंगा, बस दुकान पर जाइए और अपना बजट बता दीजिए और अगर दुकान पर नहीं जाना चाहते तो ऑनलाइन भी खरीद सकते हैं। ऑनलाइन मोबाइल खरीदने के लिए ज्यादातर लोग अमेजन और फ्लिपकार्ट का ही इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि यहां आपको हर बजट में फोन मिल जाता है और सेल के दौरान भी कीमतें और भी कम हो जाती हैं। हालांकि आजकल ब्रांडेड कंपनियों के टैग के साथ नकली स्मार्टफोन भी खूब बेचे जा रहे हैं। ऐसे में यह जानना बहुत जरूरी हो जाता है कि आप जो स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रहे हैं, कहीं वो नकली तो नहीं।आइए जानते हैं फोन के असली-नकली होने की पहचान करने का तरीका आखिर क्या है?

आपका मोबाइल असली है या नकली, ये पहचानने का तरीका बेहद ही आसान है। आप बस एक मैसेज के जरिये यह जानकारी हासिल कर सकते हैं। यह तरीका डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्यूनिकेशन ने निकाला है, जिसकी मदद से लोग आसानी से अपने फोन की गुणवत्ता की जांच कर सकते हैं।

अगर आप भी अपने फोन की पहचान करना चाहते हैं, तो इसके लिए अपने फोन में KYM लिखकर स्पेस दें और उसके बाद 15 डिजिट का आईएमईआई नंबर डालें और मैसेज को 14422 पर सेंड कर दें। आईएमईआई नंबर मोबाइल फोन के बॉक्स पर अंकित होता है।