खतरनाक एंड्रॉयड मैलवेयर ने की वापसी, फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को बना रहा है निशाना

स्मार्टफोन यूजर्स पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि तीन साल पुराने खतरनाक Fakesky मैलवेयर ने नए अपडेट के साथ वापसी की है। हैकर्स इस नए अपडेटेड मैलवेयर के जरिए यूजर्स का न सिर्फ निजी डाटा चुरा रहे हैं बल्कि उनके बैंक अकाउंट खाली करने की भी कोशिश कर रहे हैं। इस वायरस के लौटने की जानकारी Cybereason Nocturnus की एक रिपोर्ट से मिली है।

Cybereason Nocturnus की रिपोर्ट के अनुसार, फेकस्काई मैलवेयर का पता सबसे पहले अक्टूबर 2017 में लगाया गया था। उस दौरान इस मैलवेयर ने साउथ कोरिया और जापान के लोगों को निशाना बनाया था। वहीं, अब इस मैलवेयर के नए वर्जन का दोबारा पता लगाया गया है। हैकर्स इस नए वर्जन के माध्यम से ताइवान, फ्रांस, स्विजरलैंड, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका के यूजर्स को निशाना बना रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में हैकर्स इस मैलवेयर के जरिए भारतीय यूजर्स का भी निजी डाटा चुरा सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, फेकस्काई एप फर्जी एसएमएस भेजकर यूजर्स को पोस्टल एप डाउनलोड करने को कहता है। यह एप बिलकुल असली पोस्टल एप की तरह काम करता है। अगर यूजर्स इस एप को डाउनलोड कर लेते हैं, तो उनसे दो परमिशन मांगी जाती हैं। पहली परमिशन की आड़ में यह मैलवेयर यूजर्स के फोन में आने वाले मैसेज को सीधा अपने सर्वर पर भेजता है और दूसरी परमिशन में फोन लॉक होने के बाद भी बैकग्राउंड में एक्टिव रहता है।