ऑनलाइन मंगाया 178 रुपये का बर्गर, खाते से कट गए 21,865 रुपये

यदि आप भी गूगल से कस्टमर केयर का नंबर लेकर फोन करते हैं और फिर किसी भी एप को अपने फोन में डाउनलोड कर लेते हैं तो यह खबर आपकी आंख खोलने वाली है। नोएडा एक आईटी कंपनी में काम करने वाली एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर को ऑनलाइन बर्गर मंगाना इतना महंगा पड़ गया कि उसके खाते से 21,865 रुपये निकाल लिए गए, जबकि बर्गर की कीमत 178 रुपये थी।

यह पूरा मामला रिमोट कंट्रोल वाले एप से जुड़ा है। नोएडा सेक्टर-45 की एक महिला ने 178 रुपये में प्री-पेड पेमेंट के बाद एक बर्गर ऑर्डर किया। बर्गर की डिलीवरी 35 मिनट में होने वाली थी लेकिन डेढ़ घंटे तक डिलीवरी नहीं होने पर महिला ने संबंधित रेस्टोरेंट के कर्मचारी से चैट की तो उसने बताया कि ऑर्डर कैंसिल कर दिया गया है।

इसके बाद महिला इंजीनियर ने अपने पैसे रिफंड लेने के लिए गूगल पर संबंधित कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर खोजा और कॉल किया। महिला ने संबंधित नंबर पर कॉल की तो उसने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोपी ने महिला से कहा कि वह कॉल को मैनेजर लेवल एग्जीक्यूटिव को ट्रांसफर कर रहा है। आरोपी ने कहा कि पैसे वापस आ जाएंगे। इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह एक एप मोबाइल में डाउनलोड करें।