अपने ही घर में मात खा रहे चीनी स्मार्टफोन्स: इस अमेरिकन फोन ने सबको पछाड़ा, Xiaomi-Huawei भी पीछे छूटे
दुनिया के सबसे बड़े स्मार्टफोन बाजार चीन में Apple ने बड़ा उलटफेर कर दिया है। जहां चीनी कंपनियां दबाव में दिख रही हैं, वहीं iPhone की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। मेमोरी चिप संकट के बीच भी Apple ने नंबर-1 पोजिशन हासिल कर ली।

दुनिया के सबसे बड़े स्मार्टफोन बाजार यानी चीन में इस बार एपल ने अपना झंडा गाड़ दिया है। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, पिछली तिमाही में एपल की बिक्री में 28% का जबरदस्त उछाल देखा गया। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि एपल ने यह मुकाम तब हासिल किया जब पूरी दुनिया के टेक सेक्टर में चिप की किल्लत मची हुई है। आलम यह रहा कि दिसंबर की तिमाही में चीन में बिकने वाला हर पांचवां फोन सिर्फ और सिर्फ iPhone था। वहीं दूसरी ओर, शाओमी और हुवावे जैसी कंपनियों की बिक्री में भारी गिरावट आई है।

चिप का संकट और एपल पर असर
स्मार्टफोन इंडस्ट्री इस वक्त मेमोरी चिप की भारी कमी से जूझ रही है। असल में, चिप बनाने वाली कंपनियां अब अपना सारा ध्यान AI चिप्स की तरफ लगा रही हैं, क्योंकि वहां ज्यादा मुनाफा है। इससे स्मार्टफोन के लिए जरूरी मेमोरी चिप की कीमतें आसमान छूने लगी हैं।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि 2026 की पहली तिमाही तक इन चिप्स के दाम 40-50% तक और बढ़ सकते हैं। लेकिन यहां एपल को एक बड़ा फायदा मिला। चूंकि एपल के फोन प्रीमियम कैटेगरी में आते हैं, इसलिए उन पर बढ़ी हुई कीमतों का ज्यादा असर नहीं पड़ता। दूसरी तरफ, शाओमी जैसी कंपनियां जो सस्ते और मिड-रेंज फोन बनाती हैं, उनके लिए सप्लाई और कीमत का तालमेल बिठाना मुश्किल हो गया है।

iPhone 17 सुपरहिट, लेकिन Air पड़ा ठंडा
एपल की इस जीत में सबसे बड़ा हाथ iPhone 17 सीरीज का रहा है। हालांकि, iPhone Air मॉडल कंपनी के लिए एक कमजोर कड़ी साबित हुआ। इसे चीन में काफी देर से लॉन्च किया गया और फोन को पतला बनाने की होड़ में एपल ने इसके फीचर्स के साथ काफी समझौता कर दिया था, जिसे ग्राहकों ने पसंद नहीं किया। लेकिन iPhone 17 के बाकी मॉडल्स ने ऐसी धूम मचाई कि एपल सीधे टॉप पर पहुंच गया।
आने वाला समय शाओमी और हुवावे जैसी कंपनियों के लिए और भी चुनौतीपूर्ण होने वाला है। हुवावे और एपल दोनों का मार्केट शेयर फिलहाल 17-17% के आसपास है, लेकिन एपल की सालाना ग्रोथ (7.5%) उसे बढ़त दिला रही है। अब मिड-रेंज स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों को अपनी रणनीति बदलनी होगी, वरना महंगे फोन बेचने वाली कंपनियां इस चिप संकट के दौर में बाजी मार ले जाएंगी।
- Windows 11 में आया अजीब बग: अपने आप रीस्टार्ट हो रहे हैं कंप्यूटर, माइक्रोसॉफ्ट ने जारी किया इमरजेंसी अपडेट
- सिर्फ कोडिंग नहीं, अब जान भी बचाएगा AI: एक्सीडेंट होने से पहले ही भेज देगा अलर्ट! दावोस में हुई अहम चर्चा
- AI Misuse: हॉलीवुड एक्टर ने अपनी डायलॉग और आवाज पर लगाया 'ताला', अब एआई नहीं कर पाएगा चोरी
- AI: अब सॉफ्टवेयर इंजीनियर नहीं, एआई कंपनियों को है इलेक्ट्रिशियन और प्लंबर की तलाश, रातों-रात बदली किस्मत