काम की बात: ऑनलाइन बैंकिंग में 'शील्ड' का काम करता है ये खास कीबोर्ड, जरूर करें इस्तेमाल

स्मार्टफोन के इस जमाने में आजकल अधिकतर लोग अपने सारे काम ऑनलाइन ही कर लेना चाहते हैं। यह आसान और काफी सुविधाजनक होता है। खासतौर पर बात अगर बैंकिंग की करें तो एक समय था जब बैंकिंग से जुड़े हर काम के लिए लोगों को बैंक के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब घर बैठे लोग मोबाइल के माध्यम से ही सारे काम कर लेते हैं। ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल देशभर के लोग कर रहे हैं। आप भी करते ही होंगे, लेकिन क्या आप फिजिकल कीबोर्ड के बारे में जानते हैं, क्या आप इसका इस्तेमाल करते हैं? आमतौर पर बहुत कम ही लोग इसका इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि ज्यादातर लोगों को इसके बारे में जानकारी ही नहीं होती है, जबकि भारत सरकार का कंज्यूमर अफेयर्स डिपार्टमेंट कहता है कि आपको वर्चुअल कीबोर्ड का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। लेकिन कब और क्या है ये वर्चुअल कीबोर्ड?आइए जानते हैं इसके बारे में...

कंज्यूमर अफेयर्स डिपार्टमेंट ने हाल ही में एक ट्वीट के माध्यम से यह सलाह दी है कि सार्वजनिक कंप्यूटर/साइबर कैफे या साझा कंप्यूटर से ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं में लॉग इन करते समय हमेशा वर्चुअल कीबोर्ड का उपयोग करें। इससे फ्रॉड होने की संभावना नहीं रहती है।

दरअसल, वर्चुअल कीबोर्ड एक तरह का सॉफ्टवेयर होता है, जो फिजिकल कीबोर्ड की तरह ही काम करता है। ऑनलाइन बैंकिंग करते समय या कंप्यूटर्स में भी इसका ऑप्शन दिया रहता है। आप चाहें तो इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। जिस तरह से फिजिकल कीबोर्ड में बटन दबाकर लॉगिन आईडी और पासवर्ड डालने होते हैं, ठीक उसी तरह वर्चुअल कीबोर्ड पर भी क्लिक करके आप लॉगिन आईडी और पासवर्ड आसानी से डाल सकते हैं।